कुछ दिनों पहले हुई उत्तर प्रदेश बोर्ड की परीक्षाओं में जो तथ्य सामने आए हैं, वे शर्मसार करने वाले हैं। या यों कहें कि जिन तथ्यों को सरकार द्वारा जनता को एक सुंदर थाली में सजाकर पेश किया गया है, वह चौंकाने वाला है। दस लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने इस वर्ष उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं छोड़ दी। अब जिस प्रकार उत्तर पुस्तिकाओं को जांचा जा रहा है उसको देख बस हंसी ही आती है। प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा की माने तो यह सब नकल माफियाओं पर सख्ती व मुख्यमंत्री जी के जादुई निर्देशों का असर है। परंतु सवाल उठता है कि आखिर क्यों इन छात्र-छत्राओं को इनकी जरूरत पड़ी ? क्या कक्षा में शिक्षक उपस्थित नहीं थे ? या छात्र ही अनुपस्थित रहे ? कई वर्षों से ये ट्रेंड बन गया है कि आप विद्यालय गये बिना भी 70 फीसदी अंक प्राप्त कर सकते हैं। प्रयोगात्मक परीक्षाओ में उपस्थित अनिवार्य नहीं है, बस रुपये भिजवा देने काम हो जाएगा। कुछ परीक्षा केंद्र तो आपकी अनुपस्थित में भी मुख्य परीक्षा करवाने की सहूलियत दे देते हैं।
शिक्षा व्यवस्था का यह ट्रेंड विद्यार्थी को अंक तो दिला सकता है,परंतु ज्ञान नहीं। जिस कारण हमारे देश व प्रदेश में डिग्री धारकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्तमान के डिग्री धारक के पास बस डिग्री है, ज्ञान नहीं। सिर्फ डिग्री से रोजगार नहीं मिलता, परन्तु हृदय को झूठी सन्तुष्टि जरूर मिल जाती है।
इस हालत के जिम्मेदार सभी हैं – सरकार, परिजन, शिक्षक, छात्र आदि। सभी एक ही कठघरे में खड़े हैं। हम सिर्फ वर्तमान या पूर्व सरकार को इस हालत का जिम्मेदार नहीं बता सकते। हमने क्या किया है यह भी देखना पड़ेगा। पिछले सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार ने नकल माफियाओं पर लगाम लगाई, जिस कारण प्रदेश सरकार कई दिवसों तक हमारे मीडिया पर छाई रही। इस सत्र ने अंत में भी ऐसा ही होगा। क्योंकि प्रदेश सरकार ने अभी खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू नहीं की है। बॉयोमेट्रिक उपस्थित सिर्फ शिक्षकों के लिए ही नहीं बल्कि विद्यार्थियों के लिए भी होनी चाहिए। शिक्षक पहले भी देर-सबेर आ ही जाते थे, पर छात्र पहले भी अनुपस्थित था और आज भी अनुपस्थित ही हैं।
आज का युवा सामने वाले पर अपने धर्म, जाति, समुदाय की हेकड़ी दिखाने को ज्यादा महत्त्व दे रहा है। बाकी जो समय बचता है, वो सोशल मीडिया में जाता है। उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था वेंटीलेटर पर है। सरकार इसको सुधारने की कोशिश करे तो एसोसिएशन हड़ताल पर चली जाती है और यदि कुछ न करे तो जनता विरोध पर उतर आती है। आज सिर्फ प्रदेश में ही नहीं, पूरे भारत में निजी तथा मिशनरी स्कूलों ने शिक्षा का व्यापार फैला लिया है। विद्यार्थी की कलम से लेकर उसके विद्यालय आने के साधन तक निजी विद्यालय ही तय करता है। यदि विद्यार्थी विद्यालय द्वारा बताई गई वस्तु, स्कूल-कॉलेज द्वारा बताए गए स्थान से नहीं लेता है, तो शायद ही वह उपेक्षा से बच पाए।
सरकारी विद्यालयों की हालत खराब होने के कारण व्यक्ति को मजबूरन अपने बालकों का दाखिला मनमानी फीस लेने वाले विद्यालयों में कराना पड़ रहा है। परंतु सरकारी विद्यालयों की हालत तब तक नहीं सुधर सकती जब तक हम खुद अपने बालकों को उसमे नहीं भेजते क्योंकि यह धारणा तो हमारी ही है कि सरकारी स्कूल गरीब बच्चों के लिए है, वहां पढ़ाई नहीं होती, शिक्षक पढ़ाते नहीं हैं। ऐसे में हमें ज्यादा शुल्क देने पर रोने का भी कोई अधिकार नहीं है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने मनमानी फीस वसूलने वाले निजी स्कूलों पर शिकंजा कसना जब प्रारंभ किया तो सभी स्कूल एसोसिएशन ने बन्द की घोषणा कर दी। आज कल जिसे देखो बन्द पर ही अड़ा हुआ है। यदि सरकार की मानें तो सरकार ने जनहित के लिए ये फैसला लिया है। वहीं निजी स्कूलों का कहना है कि सरकार द्वारा लगाई जा रही पाबंदी उनके राइट आफ ऑक्यूपेशन का उल्लंघन है। निजी स्कूलों का यह भी कहना है कि वे राइट टू एजुकेशन के तहत एडमिशन देने को तैयार हैं, परन्तु सारी कंडीशन पूरी होनी चाहिए।
प्रदेश के बहुत से ऐसे विद्यालय हैं, जो कि छात्र छात्राओं के लिए स्वच्छ जल का भी प्रबन्ध नहीं कर पाते हैं। कई विद्यालय तथा महाविद्यालय तो ऐसे हैं जहां कक्षा सुचारू रूप से चलाने के लिए कमरे भी नहीं हैं। यदि ये लोग फीस बढ़ाना व लेना अपना अधिकार समझते हैं, तो क्या बच्चों के प्रति इनकी कोई जिम्मेदारी नहीं बनती ? क्या इन बच्चों को शुद्ध पानी पीने का कोई अधिकार नहीं है? क्या निजी स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षक व कर्मचारियों का अधिकार नही है कि उनको ‘श्रम एक्ट‘ के नियमानुसार वेतन तथा बाकी चीजें मिलें ?
आज सभी लोग शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। प्राइमरी स्कूल, निजी स्कूल, महाविद्यालयों , विश्वविद्यालय स्तर पर कहीं पर भी कोई भी कार्य सही ढंग से संचालित नहीं हो रहा है। शिक्षकों की भर्ती पर कोई सोचता नहीं। बस किसी की फीस बकाया न रह जाए, इसी पर सबका ध्यान है। छात्रों की संख्या तथा कोर्स में विषयो को देखते हुए यूजीसी ने जो गाइडलाइन जारी की है, उनको कोई नहीं देखता। हो सकता है यूजीसी को इस विषय में कोई जानकारी हो ही नहीं।
शायद उनको पता ही नहीं होगा कि विश्वविद्यालय में शिक्षक के अनुपस्थिति में भी कोर्स चल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में कोई चीज ढंग से हो या ना हो परन्तु परीक्षाएं अपने समय से होती हैं, परीक्षाओ से पहले कोई ये पूछने वाला तक नहीं होता है कि आपने बिना शिक्षकों के पढ़ाई कैसे की ? स्टेट यूनिवर्सिटीज कहती हैं कि सरकार उनकी सहायता नहीं करती और सरकार कहती है कि हर मुमकिन मदद की जाएगी। इन्हीं जुमलों के बीच शिक्षा भटक रही है। उसकी गाड़ी अटक रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/प्रवीन शर्मा


