सुप्रीम कोर्ट ने आज बुधवार को कहा कि सरकार द्वारा पूर्ण रूप से वित्त पोषित कोई भी अल्पसंख्यक संस्थान अपने छात्रों को किसी भी प्रकार की मज़हबी शिक्षा नहीं दे सकता है। कोर्ट ने साथ ही स्पष्ट किया कि आंशिक रूप से वित्त पोषित अल्पसंख्यक संस्थान भी अनिवार्य मज़हबी शिक्षण पर बल नहीं दे सकते। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जब अदालत को बताया कि संसद ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (Aligarh Muslim University/AMU) अधिनियम 1920 में 1951 के संशोधन के माध्यम से विश्वविद्यालय में मुस्लिम छात्रों के लिए अनिवार्य मज़हबी शिक्षण को हटा दिया गया था, तब मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जेबी पारदीवाला, जस्टिस दीपांकर दत्ता, जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस सतीश शर्मा की पीठ ने यह टिप्पणी की।
न्यायमूर्ति खन्ना ने कहा कि हम इस स्थिति को स्वीकार करते हैं कि पूरी तरह से राष्ट्र द्वारा वित्त पोषित एक अल्पसंख्यक संस्थान अपने छात्रों को कोई मज़हबी शिक्षा नहीं दे सकता है। उन्होंने कहा कि भले ही उसके बजट का एक प्रतिशत सरकार से आता हो, जब उसे कोई अनुदान मिलता है तो अल्पसंख्यक संस्थान संस्था केवल स्वेच्छा से पढ़ने वाले छात्रों को ही मज़हबी शिक्षा प्रदान कर सकती है।
पीठ ने यह भी कहा कि एक बार जब किसी अल्पसंख्यक संस्थान को सरकार से मान्यता मिल जाती है तो वह अपने छात्रों को अनिवार्य मज़हबी शिक्षा देने पर ज़ोर नहीं दे सकता।
मेहता ने कहा कि सरकारी अनुदान से निकली ये शर्तें सभी पर समान रूप से लागू होती हैं, चाहे वे अल्पसंख्यक या ग़ैर-अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान हों।
पीठ ने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को वैधानिक मान्यता प्राप्त करने की पूर्व शर्त को पूरा करने के लिए मुसलमानों द्वारा रु० 30 लाख का आरक्षित कोष बनाया गया था। पीठ ने पूछा कि क्या यह मुसलमानों द्वारा AMU की स्थापना का संकेत नहीं है और विश्वविद्यालय को अल्पसंख्यक दर्जा प्रदान करने का आधार नहीं है?
मेहता ने कहा कि रु० 30 लाख का योगदान पूरी तरह से मुसलमानों द्वारा नहीं किया गया था क्योंकि इसमें अन्य समुदायों से भी योगदान था। इस बात पर बल देते हुए कि AMU अधिनियम के माध्यम से संहिताबद्ध ऐतिहासिक गैर-अल्पसंख्यक चरित्र को संविधान के बाद के विचारों पर नहीं बदला जा सकता है, उन्होंने कहा कि 1920 और 1915 में समान तर्ज़ पर स्थापित AMU और Banaras Hindu University (BHU) को प्रति वर्ष रु० 1 लाख का अनुदान ब्रिटिश सरकार की तरफ़ से मिलता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में AMU को सरकार से वार्षिक रु० 1,570 करोड़ रुपये की सहायता मिलती है। यह राष्ट्रीय महत्व का संस्थान है और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च कोटि का है।
इससे पहले केंद्र ने मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली सुप्रीम कोर्ट की सात-न्यायाधीशों की पीठ के संकेतों पर आपत्ति जताई थी कि वह सामाजिक विचारों के साथ मिलकर ‘क़ानूनी प्रत्यक्षवादी’ दृष्टिकोण का उपयोग यह तय करने के लिए कर सकता है कि क्या AMU अपने ‘अल्पसंख्यक चरित्र’ को फिर से हासिल कर सकता है।
अल्पसंख्यक दर्जे के दावे के गुण-दोष से आगे बढ़ने और सामाजिक संदर्भ को ध्यान में रखते हुए मामले को निपटाने के लिए पीठ के संभावित झुकाव का संकेत तब मिला जब उसने सरकार से पूछा कि क्या बाद में AMU की अल्पसंख्यक पहचान बहाल की जा सकती है, हालांकि इसके मुसलमान संरक्षकों ने 1920 में ब्रिटिश सरकार से मान्यता और अनुदान प्राप्त करने के लिए स्वेच्छा से इसे त्याग दिया था। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि जिस सामाजिक संदर्भ में अल्पसंख्यक चरित्र को त्याग दिया गया, उसे ध्यान में रखने की आवश्यकता है।
मुख्य न्यायाधीश द्वारा सुझाई गई व्याख्या के पाठ्यक्रम का विरोध करते हुए सॉलिसिटर जनरल मेहता ने पीठ को बताया कि 1920 के दशक में स्वतंत्रता आंदोलन के चरम के समय राष्ट्रवादियों ने तत्कालीन सरकार से वैधानिक समर्थन मांगे बिना प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों की स्थापना की, लेकिन अंग्रेज़ों के प्रति वफादारी का दावा करने वाले AMU के संरक्षकों ने शाही सरकार के समर्थन को प्राथमिकता दी।
मेहता ने कहा कि ऐसे लोगों को संदेश देने के लिए सर्वोच्च न्यायालय को ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जो ऐतिहासिक तथ्यों को नकार दे, अंग्रेज़ों के विरुद्ध खड़े होने वालों को सज़ा दे और तत्कालीन साम्राज्यवादी सरकार के सामने घुटने टेकने वालों को पुरस्कृत करे।
मुख्य न्यायाधीश ने पूछा कि क्या AMU के संरक्षकों द्वारा 1920 में किए गए सांप्रदायिक पहचान का समर्पण आने वाले समय में विश्वविद्यालय को महंगा पड़ेगा? इसपर मेहता ने कहा कि ऐतिहासिक तथ्य यह है कि AMU की स्थापना के लिए अंग्रेज़ों के साथ पैरवी करने वाले संरक्षकों ने स्वेच्छा से संस्थान के लिए सांप्रदायिक दर्जा छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि अगर मुसलमानों द्वारा स्थापित और प्रशासित Mohammedan Anglo-Oriental (MAO) College संविधान के बाद भी जारी रहता तो उस संस्थान को अल्पसंख्यक दर्जा दिया गया होता।
मेहता ने कहा कि AMU का पूर्ववर्ती स्वरूप है MAO College, परंतु MAO College का पूरी तरह से AMU में विलय हो गया। इसे एक क़ानून के माध्यम से स्थापित किया गया था जिसने स्पष्ट रूप से इसकी सांप्रदायिक स्थिति को ख़ारिज कर दिया और ब्रिटिश सरकार को AMU प्रशासन पर व्यापक नियंत्रण दे दिया।
इसपर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि आपको यह समझना चाहिए कि ब्रिटिश सरकार को शैक्षणिक संस्थानों पर नियंत्रण छोड़ने की कोई इच्छा नहीं थी क्योंकि वे शिक्षा को सांस्कृतिक शक्ति का एक महत्वपूर्ण स्रोत मानते थे। तो क्या संविधान के बाद के युग में 1920 के AMU अधिनियम को AMU के अल्पसंख्यक दर्जा प्राप्त करने के दावे के लिए पूरी तरह से विनाशकारी माना जा सकता है? आख़िर पिछले 103 वर्षों से यानी ब्रिटिश काल के बाद से लगातार सरकारों ने मुसलमानों को कुलपति के रूप में नियुक्त किया है। क्या यह संस्था के (मुसलमान) चरित्र का संकेत नहीं है?
जवाब में मेहता ने कहा कि वास्तविक स्थिति वैधानिक जनादेश को नहीं बदल सकती। AMU अधिनियम कहता है कि कुलपति का मुसलमान होना ज़रूरी नहीं है। इसलिए कुलपति के रूप में मुसलमानों की नियुक्ति से क़ानूनी स्थिति में बदलाव नहीं होगा। यदि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में मुसलमान कुलपति नियुक्त किए गए तो क्या BHU अल्पसंख्यक संस्थान बन जाएगा?
बहस अगले मंगलवार को फिर से शुरू होगी।


