महाकाव्य रामायण के विकृत रूप का नाटक में मंचन करके धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में पुणे विश्वविद्यालय के एक प्राध्यापक और पाँच छात्रों को शनिवार को गिरफ़्तार किया गया। शिकायतकर्ताओं के अनुसार नाटक में आपत्तिजनक संवाद और दृश्य भी हैं।
नाटक में सीता की वेशभूषा में एक पुरुष अभिनेता को सिगरेट पीते हुए भी दिखाया गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों और पुणे विश्वविद्यालय के अधीन पुणे ललित कला केंद्र उर्फ़ Centre for Performing Arts के छात्रों के बीच शुक्रवार शाम को मंचित नाटक को लेकर हाथापाई हो गई।
पुलिस निरीक्षक अंकुश चिंतामन ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) के हर्षवर्द्धन हरपुडे की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 295 (ए) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उक्त धारा के अंतर्गत किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को अपमानित करने का जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण प्रयास वर्जित है। इसके अलावा मामले में अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत भी क़ानूनी कार्यवाही की मांग की गई है।
प्रथम सूचना रिपोर्ट (First Information Report या FIR) के अनुसार नाटक में सीता की भूमिका निभा रहे एक पुरुष अभिनेता को धूम्रपान करते और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए दिखाया गया। FIR में लिखा है कि जब ABVP के सदस्यों ने नाटक पर आपत्ति जताई और प्रदर्शन को रोकने के लिए हस्तक्षेप किया तो अभिनेताओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
पुलिस ने घटना से संबन्धित ललित कला केंद्र के विभाग प्रमुख डॉ प्रवीण भोले और छात्र भावेश पाटिल, जय पेडनेकर, प्रथमेश सावंत, ऋषिकेश दलवी और यश चिखले को गिरफ़्तार किया है।


