बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित पत्थर से बने अबू धाबी के पहले हिंदू मंदिर को वैज्ञानिक तकनीकों के साथ प्राचीन वास्तुकला विधियों का उपयोग करके बनाया गया है। बोचासनवासी अक्षर पुरूषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (BAPS) हिंदू मंदिर को तापमान मापने और भूकंपीय गतिविधि की निगरानी के लिए 300 से अधिक उच्च तकनीक सेंसर के साथ बनाया गया है।
मंदिर के निर्माण में किसी भी धातु का उपयोग नहीं किया गया है और नींव को भरने के लिए fly ash का उपयोग किया गया है। इस भव्य मंदिर का निर्माण BAPS द्वारा लगभग रु० 700 करोड़ की लागत से दुबई-अबू धाबी शेख़ ज़ायद राजमार्ग पर अल रहबा के पास अबू मुरेख़ा में 27 एकड़ के प्लॉट पर किया गया है।
मंदिर के अधिकारियों के अनुसार भव्य मंदिर का निर्माण शिल्प और आगम व स्थापत्य शास्त्रों में वर्णित निर्माण की प्राचीन शैली के अनुरूप किया गया है और वास्तुशिल्प तरीकों को वैज्ञानिक तकनीकों के साथ जोड़ा गया है। BAPS के अंतरराष्ट्रीय संबंधों के प्रमुख स्वामी ब्रह्मविहरिदास ने कहा कि तापमान, दबाव और भूकंपीय गतिविधि को मापने के लिए मंदिर के हर स्तर पर 300 से अधिक उच्च तकनीक वाले सेंसर लगाए गए हैं। सेंसर अनुसंधान के लिए लाइव डेटा प्रदान करेंगे। क्षेत्र में भूकंप हो तो मंदिर इसका पता लगाएगा जिसका भूवैज्ञानिक अध्ययन करने में सक्षम होंगे।
मंदिर के निर्माण में किसी भी धातु का प्रयोग नहीं किया गया है। Fly ash के प्रयोग ने कंक्रीट मिश्रण की जगह ले 55% कार्बन पदचिह्न को कम किया है।
मंदिर के निर्माण प्रबंधक मधुसूदन पटेल ने कहा कि संस्था ने पारंपरिक कलात्मक पत्थर की संरचनाओं को आधुनिक कार्यक्षमता के साथ विलय करते हुए गर्मी प्रतिरोधी नैनो टाइल्स और भारी ग्लास पैनलों का उपयोग किया है। संयुक्त अरब अमीरात में अत्यधिक तापमान को देखते हुए टाइलें श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए गर्म मौसम में भी आरामदायक होंगी। मंदिर में अलौह सामग्री का भी उपयोग किया गया है।
अठारह लाख ईंटें, निर्माण के सात लाख घंटे और 1.8 लाख घन मीटर बलुआ पत्थर सीधे राजस्थान से! अबू धाबी का पहला हिंदू मंदिर अयोध्या में हाल ही में उद्घाटन किए गए राम मंदिर की तरह ही नागर शैली की वास्तुकला में बनाया गया है।

मंदिर के स्वयंसेवक उमेश राजा ने बताया कि 20,000 टन बलुआ पत्थर के टुकड़े राजस्थान में तराशे गए और फिर 700 कंटेनरों में अबू धाबी भेजे गए। उन्होंने कहा कि सिर्फ़ पत्थर ही नहीं, 5 साल तक मंदिर के निर्माण में मदद करने वाले कई मज़दूर भी गुजरात और राजस्थान से हैं। यहाँ तक कि इटली से खनन किए गए संगमरमर को नक्काशी के लिए पहले भारत भेजा गया और फिर अंदरूनी हिस्सों में इस्तेमाल करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात वापस भेजा गया।
संरचना का काम 2019 से चल रहा था। मंदिर के लिए ज़मीन UAE सरकार द्वारा दान की गई थी। UAE में तीन अन्य हिंदू मंदिर हैं जो दुबई में स्थित हैं। पत्थर की वास्तुकला के साथ एक बड़े क्षेत्र में फैला BAPS मंदिर खाड़ी क्षेत्र में सबसे बड़ा है।
प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर संयुक्त अरब अमीरात में हैं। यह 2015 के बाद से उनकी संयुक्त अरब अमीरात की सातवीं यात्रा और पिछले आठ महीनों में उनकी तीसरी यात्रा है।


