लालच और विकास के दो पाट, जनता जाए किस घाट

मनोबल बढ़ाने के मोर्चे पर मोदी और योगी का कोई तोड़ नहीं है। उन्होंने अपना सर्वोत्तम योगदान दिया है। वर्षों की बिगड़ी व्यवस्था को पटरी पर लाना कठिन है। सामान्य काम तो सभी कर लेते हैं लेकिन अव्यवस्था के मूल पर प्रहार सामान्य क्षमता का व्यक्ति नहीं कर सकता

261

देश में दो तरह के स्वर गूंज रहे हैं। एक स्वर विकास का है और दूसरा विनाश का। एक लोटा फूल का है और दूसरा सोने का। एक में दूध भरा है और दूसरे में जहर। सोने का लोटा चमकता भी है और दमकता भी है लेकिन उसका आकर्षण जीवन के हित में है, यह भी तो सोचना है। इसमें शक नहीं कि ये दोनों ही तरह के स्वर राजनीतिक जमात से ही निकल रहे हैं। तिस पर तुर्रा यह कि राजनीतिक जमात में कोई भी यह मानने को तैयार नही है कि वह जोड़ने का नहीं, तोड़ने का काम कर रहा है। कोई कह रहा है कि उसका तो निशान ही हाथ है। हाथ तो जोड़ता ही है। बिल्कुल सही बात, हाथ जोड़ता है। हाथ तो सबके पास है। उनके पास भी जिनका वह चुनाव निशान नहीं है। वह भी तो जोड़ने का काम कर सकते हैं। जिस पार्टी का चुनाव निशान हाथ है, वही जोड़ती है, यह तो नहीं कहा जा सकता।
जोड़ फेविकोल का हो तो मजबूत हाथ से भी उसे तोड़ना मुश्किल होता है।लगता है कि जब संबंधित दल सत्ता में था तो उसने जोड़ने में प्रमाद किया। अगर उसने मजबूती से देश को जोड़ दिया होता तो मोदी सरकार बनने के दूसरे दिन से ही उसे उस पर देश को तोड़ने और गुस्से की राजनीति करने का आरोप नहीं लगाना पड़ता। देश में पहली बार गुस्से की राजनीति का सूत्र विकसित हुआ है। हाथ के पंजे वाली पार्टी जिसे इसी देश में खूनी पंजा तक का खिताब मिल चुका है, उसके अध्यक्ष का कहना है कि युवा ही उनकी पार्टी को आगे ले जा सकते हैं। इसलिए वे युवाओं को अपने से जोड़ रहे हैं। दूसरी ओर नरेंद्र मोदी हैं, बुढ़ापे की ओर बढ़ रहे हैं मगर चिर युवा हैं। अनुभव के तप में तपे वे देश के विकास की बात कर रहे हैं, सबके विकास की बात कर रहे हैं। उनका मानना है कि यह सवा अरब से अधिक आबादी वाला देश है। देश को आगे ले जाने का काम सब मिलकर करेंगे। सबका साथ होगा-सबका विकास होगा। एक तरफ अकेला चना भाड़ फोड़ने वाली सोच है और एक ओर सबको साथ लेकर चलने वाली सोच है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राइजिंग इंडिया की बात कर रहे हैं। जनता का मनोबल बढ़ाने की बात कर रहे हैं। वे कौशल विकास पर जोर दे रहे हैं। शिक्षा की गुणवत्ता वृद्धि और युवकों के मन मस्तिष्क में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। वे देश के वैज्ञानिकों से अपील कर रहे हैं कि वे अपने बहुमूल्य समय में से कुछ समय निकालकर छात्रों से मिलें। उनसे वार्ता करें। वे जानते हैं कि सत्संगति का क्या असर होता है। वह अपनी वैज्ञानिक परंपरा को आगे ले जाना चाहते हैं। दूसरी तरफ शिक्षा में नकल और अशिक्षा में आरक्षणजन्य अयोग्यता का प्रोत्साहन करने वाली राजनीतिक जमात है। मनोबल बढ़ाने और मनोबल गिराने वाली दो राजनीतिक पाटों के बीच देश का युवा पिस रहा है। प्रधानमंत्री की ऊर्जा जितनी देश को आगे बढ़ाने में खर्च हो रही है, उससे अधिक ऊर्जा विरोधियों के दुष्प्रचार से निपटने में लग रही है। निंदक आगे बढ़ने का माध्यम बनता है लेकिन यहां निंदक मोदी की पैर खींच रहे हैं, यह स्थिति इस देश को कहां ले जाएगी, मंथन तो इस बावत करने की जरूरत है।
यह सच है कि नरेंद्र मोदी ने विपक्ष की तमाम आरोपों और आशंकाओं को खारिज भी किया। उनकी नजर में देश के संपूर्ण नागरिकों के स्वाभिमान का विकास ही राइजिंग इंडिया है। उनका दावा है कि उनकी सरकार अपनी योजनाओं से सामाजिक असंतुलन को कम कर रही है। विपक्ष प्रधानमंत्री से एक सवाल हर रोज पूछता है कि उन्होंने देश के विकास के लिए क्या खास किया। प्रधानमंत्री ने पूरे देश को बता दिया है कि विकास के लिहाज से उनकी सरकार क्या कर रही है?प्रधानमंत्री के रूप में पूर्वोत्तर भारत के 29 बार दौरे का कारण भी उन्होंने गिनाया। विपक्षी दलों को यह समझाने और बताने का प्रयास किया कि योजनाएं बना देने भर से ही विकास नहीं होता। इसके लिए कार्यान्वयन की कसौटी पर भी खरा उतरना पड़ता है।
देश विकास कर रहा है या नहीं, यह सवाल हर किसी के दिलो दिमाग में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राइजिंग इंडिया को एक अरब 31 करोड लोगों के स्वाभामिभान से जोड़कर देख रहे हैं लेकिन विपक्ष को उनकी अपील रास नहीं आ रही है।
प्रधानमंत्री सामाजिक संतुलन बनाने की बात कर रहे हैं। विपक्ष को उसमें राजनीति नजर आ रही है। दिल्ली दूर है का नारा आज भी हर किसी की जुबान पर है। यह नारा एक दिन में तो बना नहीं होगा। बड़ी विवशता में देशवासियों के मुंह से यह बात निकलती है। देश को जोड़ने का दावा करने वाली कांग्रेस या उस तरह की सोच रखने वाली कोई भी राजनीतिक पार्टी यह बताना चाहिए कि दिल्ली से इस देश की जनता दूर क्यों हैं और अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास योजनाओं के जरिए चाहे दिल्ली को जनता के दरवाजे पर दस्तक देने को बाध्य कर रही है तो इसमें आपत्तिजनक क्या है? पूर्वी भारत के 13 हजार और पूर्वोत्तर भारत के 5 हजार गांवों तक आजादी के लंबे अंतराल के बाद भी बिजली क्यों नहीं मिल पाई थी, इसका जवाब कांग्रेस ने तो कभी दिया नहीं। पिछली बार अखिलेश यादव के साथ लखनऊ में प्रचार करते वक्त जब राहुल गांधी तार से बचने के लिए नीचे झुके थे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिप्पणी की थी कि बिजली के तार में करंट नहीं है। चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह बात अखिलेश यादव और उनके कुनबे को वाकई बुरी लगी थी। मोदी सरकार हर बड़ी पंचायत में वेलनेस सेंटर बनाना चाहती है। इसके लिए वह प्रयासरत भी है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा उपचुनाव जीत लेने भर से भाजपा के विकास प्रयास खारिज नहीं हो जाते। योगी आदित्यनाथ सरकार के एक साल पूरे होने को है, इस दौरान वह अपनी उपलब्धियां गिनाए, इससे पहले ही विपक्ष ने यह कहना आरंभ कर दिया है कि जनता ने पहले ही योगी को उपचुनाव में हार का उपहार दे दिया है।

मनोबल बढ़ाने के मोर्चे पर मोदी और योगी का कोई तोड़ नहीं है। उन्होंने अपना सर्वोत्तम योगदान दिया है। वर्षों की बिगड़ी व्यवस्था को पटरी पर लाना कठिन है। सामान्य काम तो सभी कर लेते हैं लेकिन अव्यवस्था के मूल पर प्रहार सामान्य क्षमता का व्यक्ति नहीं कर सकता। मक्खी को शहद प्रिय लगता है। उसकी लालच में वह उस पर बैठ जाती हैऔर अपनी जान गंवा देती है। ‘माखी बैठी शहद पर आन पांव धंसाय। धंसते-धंसते धंस गई, लालच बुरी बलाय।’
विपक्ष मोदी और योगी पर गुस्से और अहंकार की राजनीति के आरोप लगा रहा है लेकिन उन्हें इससे घबराए बिना जनता के स्वाभिमान की राजनीति करनी चाहिए। उनकी आत्मनिर्भरता की राजनीति करनी चाहिए। लालच की राजनीति ने इस देश का बहुत नुकसान किया है। जनता को आत्मनिर्भर बना दें, देश आत्मनिर्भर हो जाएगा। मोदी और योगी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, यह बात जनता समझ भी रही है। उसे खुद तय करना है कि वह क्षणिक लाभ चाहती है या दूरगामी। एक ओर लालच का मायाजाल है और दूसरी ओर कौशल विकास का कमाल,धमाल तो जनता को ही करना है। वह भी अपने विवेक से।

                                                                                        हिन्दुस्थान समाचार/सियाराम पांडेय ‘शांत’

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.