लाखों टन कचरा प्रतिदिन निकल रहा है। घरों, कार्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, और फैक्ट्रियों से निकल रहे इस कचरे के कारण समस्याएं बढ़ रही हैं। दूसरी ओर इस कचरे को नष्ट करने में लगी सारी व्यवस्थाएं भी असफल सिद्ध हो रही हैं। इसमें बारीक, सॉलिड, दोबारा इस्तेमाल न किया जाने वाला सामान, घरों और संस्थानों से बहाया जाने वाला प्रदूषित जल, बचा हुआ खाना, केमिकल, साग-सब्जी-फल के अवशिष्ट इलेक्ट्रानिक उत्पाद जिनका उपयोग किया जा चुका है, बेकार हो चुके वैज्ञानिक उपकरण, कंप्यूटर, मोबाइल, फोन आदि शामिल हैं।
यह कूड़ा-कचरा, भूमि के लिए ही नहीं वरन समुद्रों के लिए भी खतरा बन चुका है। सागर की लहरें इस कचरे को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाती हैं। कचड़ा समुद्र तल में बिछ चुका है। यह कचरा सागर की उपरी तह पर बहने वाले कचरे से ज्यादा खतरनाक है।
इस प्रदूषण के कारण समुद्री जीव-जंतुओं पर भी खतरा मंडराने लगा है। अभी तक जल, वायु, ध्वनि और प्रकाश के खतरे तक की चर्चाएं चल रही हैं। कहते हैं कि स्वच्छ वायु के अभाव में तरह तरह की बीमारियां पनपती हैं, उसी प्रकार स्वच्छ जल के अभाव में हमारा शरीर बुरी तरह से रोगों से घिर जाता है। हवा में जहर घुल रहा है, जल के प्रदूषण ने अस्पतालों में भीड़ बढ़ा दी है, कब तक हम इससे अनजान बने रहेंगे? ध्वनि प्रदूषण भी लगातार बढ़ता जा रहा है, शहरों में हो रहे शोरगुल से हम भली भांति परिचित हैं।
प्रकाश के प्रदूषण के बारे में अभी हाल में आये एक शोध ने तो हमें चौंका दिया है। इस शोध में बतलाया गया है कि इससे मनुष्यों के साथ ही पशु-पक्षियों की नींद लेने की प्रक्रिया पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त छोटे-छोटे कीटों, मछलियों, चमगादड़ों, चिड़ियों व अन्यान्य पशुओं की श्वसन क्रिया पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इसका नकारात्मक असर पेड-पौधों पर भी पड़ रहा है। शोधकर्ताओं ने साइंस एडवांसेज जर्नल में प्रकाशित अपने लेख में इस तथ्य का उल्लेख किया है कि यदि रात्रि में प्रकाश देने वाली स्ट्रीट लाइट और अन्य प्रकार की सजावटी उपयोग की रोशनी को अभी से नियंत्रित नहीं किया गया तो भविष्य में इसके गंभीर दुष्परिणाम होंगे। खतरा बढ़ता जा रहा है और हम उन्हें सामान्य समझकर नजरअंदाज कर रहे हैं। यह प्रवृत्ति भविष्य में अत्यंत कष्टकारक एवं भयावह सिद्ध होने वाली है- वायु और जल तो जीवन का आधार है। ग्लोबल वार्मिंग, बिगड़ता मौसम चक्र, भूस्खलन, भूकंप और क्रमशः विलुप्त हो रही जीवों की प्रजातियां, इन तमाम तथ्यों की आखिर कबतक उपेक्षा की जा सकती है।
जल जंगल और भूमि का बलात् दोहन हो रहा है। प्रकृति ने भी अपनी सहनशीलता और धैर्य को तोड़ा है। आपात घटनाएं घट रही हैं, लेकिन हम चेत भी नहीं रहे हैं। अन्धाधुंध विकास की दौड़ में अपने होशो-हवास खोते जा रहे हैं। आखिर ये कैसा विकास है और ये कैसी आधुनिकता है, जो हमारे जीवन में प्रदूषण का जहर घोल रही है।
पर्यावरण प्रदुषण ले लेकर अशुद्ध जल तक पूरे विश्व के लोगों के लिए स्लो पॉयजन का काम कर रहा है, जिससे मनुष्य धीरे धीरे मौत की ओर बढ़ता जा रहा है। कारखानों, उद्योगों-धंधों में कोयले व खनिज तेलों के जलने से जहरीली गैसें उत्पन्न होती हैं, जो मानव के लिए अत्यंत हानिकारक है। वाहनों की बढ़ती संख्या और उनमें उपयोग होने वाले पेट्रोल-डीजल ने प्रदूषण के खतरे को और भी अधिक बढ़ा दिया है। वायुमंडल में लगातार ऑक्सीजन की मात्रा घटती जा रही है और दूषित गैसों की मात्रा बढ़ती जा रही है, जिसकी वजह से हर आम आदमी बीमारियों से ग्रस्त होता जा रहा है। प्रदूषण की वजह से श्वास संबंधी रोग, फेफड़े की बीमारियां, कैंसर, हृदय रोग जैसी बीमारियों का लगातार प्रसार हो रहा है। अगर यही स्थिति बनी रही, तो ये भी संभव है कि मनुष्यों का अस्तित्व ही समाप्ति के कगार पर आ जाये। इसलिए अभी ही ये समझ लेना जरूरी है कि अगर विकार की अंधी दौड़ में शामिल होने की ललक में हमने पर्यावरण पर ध्यान नहीं दिया तो प्रकृति भी हमें नहीं बख्शेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. किशन कछवाहा

