छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने एक फिर सीआपीएफ को निशाना बनाकर खुफिया तंत्र की धज्जियां उड़ा दी हैं। अमूमन ऐसा हर बड़े नक्सली हमले के बाद कहा जाता है कि पुलिस का खुफिया तंत्र नाकाम हो गया लेकिन हालिया हमले ने यह साबित कर दिया है कि केवल खुफिया तंत्र ही नाकाम नहीं हुआ बल्कि एंटी लैंड माइन्स वाहन भी बेकार साबित हो गया। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इसके पहले भी कई हमले हुए हैं, जिसमें नक्सलियों ने इन विशेष वाहनों को निशाना बनाया है। लेकिन इसके बावजूद ऐसी गलतियों से सबक न लेना जानलेवा साबित हो रहा है।
बारूदी सुरंगों के जरिए हो रहे हमलों से परेशान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का दर्द इस घटना के बाद दिए गए उनके एक बयान से साफ झलकता है। डॉ. सिंह ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई में बारूदी सुरंग सुरक्षा बलों के लिए एक चुनौती है। अगर इसे दूर कर लिया जाये तो यह पूरी लड़ाई सिर्फ छह महीने में खत्म की जा सकती है। नक्सली सड़क निर्माण के दौरान बारूदी सुरंग का इस्तेमाल करते हैं। एक सीमा के बाद बारूदी सुरगों का पता लगा पाना मुश्किल है। यदि इस तकनीक की जानकारी मिल जाए तो हम नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई को छह महीने में खत्म कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जमीन के भीतर छुपाई गई बारूदी सुरंगों को सही ढंग से पहचानने की तकनीक अब तक विकसित नहीं हो सकी है। सुरक्षा बल के जवान गश्त के लिए तथा सड़क निर्माण की सुरक्षा के लिए निकलते हैं, इस दौरान विस्फोट हो जाता है।
नक्सल मोर्चे पर तैनात इस विशेष गाड़ी पर पुलिस और सुरक्षा बलों को काफी विश्वास था, लेकिन अब इस वाहन से सुरक्षा बलों का भरोसा उठ गया है। सैकड़ों की तादाद में एंटी लैंड माइन वाहन खड़े हैं। हालात ये है कि सुरक्षा बलों के जवान इसे यमराज की सवारी करार देते हैं और इसमें बैठने से कतराते हैं। वजह यह है कि एंटी लैंड माइन वाहन में सवार होने के बावजूद अब तक सैकड़ों की तादाद में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान अपनी जान गवां चुके हैं। कांकेर, कोंडागांव, गरियाबंद, कोंटा, और माड़ इलाके में कई ऐसी वारदातें हुईं, जिसमें डेढ़ दर्जन से अधिक एंटी लैंड माइन वाहन तबाह हो गए। दरअसल सुरक्षा बलों के पास मौजूद ये एंटी लैंड माइन वाहन 10 से 15 किलो टीएनटी यानी ट्राई नाइट्रो टालविन का ही धमाका सह पाते थे। लेकिन नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए 20 किलो से अधिक टीएनटी का उपयोग करते करने लगे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार देशभर में कई वाहनों को उड़ाए जाने की घटना के बाद इसे और उन्नत बनाया गया था और इसकी क्षमती 50 से 60 किलोग्राम तक के विस्फोट को सहन करने लायक बनाया गया था, इसके बाद नक्सलियों ने इसका भी तोड़ अपनी क्षमता बढ़ाकर कर निकाल लिया। छत्तीसगढ़ में बारूदी सुरंग से होने वाले हमले की लगातार हुई घटनाओं में सुरक्षा बलों को सबसे ज्यादा नुकसान इसी गाड़ी से हुआ है।
आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद इस तरह की पहली घटना 2007 में बीजापुर जिले में हुई जिसमें नक्सलियों ने एंटी लैंड माइन्स वाहन को विस्फोट से उड़ा दिया था। इस हमले में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 12 जवान शहीद हो गए। इसके बाद नक्सलियों ने बीजापुर जिले के गंगालूर में फिर एंटी लैंड माइन्स वाहन उड़ा दिया। जिसमें सुरक्षा बलों के 16 जवान शहीद हो गए। सूत्रों के अनुसार नक्सलियों ने इसके लगभग चार वर्ष वाद दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण इलाके में एंटी लैंड माइन्स वाहन को निशाना बनाया जिसमें सात एसपीओ समेत 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। दंतेवाड़ा जिले में ही अप्रैल 2015 में किरंदुल से चोलनार पुलिस कैम्प जा रहे एंटी लैंड माइन्स वाहन को विस्फोट से उड़ाया। जिसमें पांच जवान शहीद हो गए, जबकि कई घायल हो गए। नक्सलियों ने पिछले वर्ष मई में छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एंटी लैंड माइन्स वाहन को शिकार बनाया जिसमें एक जवान शहीद हो गया।
बीते 6 वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि एंटी लैंड माइन वाहन में सवार लगभग 126 जवान शहीद हो चुके हैं। पुलिस और केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवान अब इसके बजाय मोटर साइकिल और पैदल मार्च ही कर रहे हैं और नक्सलियों का आमने-सामने मुकाबला कर रहे हैं। हालांकि शुरुआत में यह गाड़ी बेजोड़ साबित हुई, जंगल के ऊबड़खाबड़ इलाकों में भी चढ़ने-उतरने में सक्षम थी, लेकिन आखिरकार नक्सलियों ने इसकी काट भी खोज ली। राज्य में एंटी नक्सल ऑपरेशन के डीजीपी डीएम अवस्थी कहते हैं कि बस्तर के संवेदनशील इलाकों में लैंड माइन्स का खतरा हमेशा रहता है और इस गाड़ी की सीमित क्षमता है। वे इन समस्याओं से निपटने के लिए माइन्स डिटेक्टर, कुत्तों और मोटर साइकिल का सहारा लेने पर अधिक जोर देते हैं।
सच्चाई तो ये है कि छत्तीसगढ़ में सक्रिय नक्सलियों का मुकाबला करने के लिए के एक बार फिर हमारे नीति निर्धारकों को अपनी कार्यप्रणाली पर विचार करने की जरूरत है, ताकि वे जंगल में छिपे नक्सलियों के गुरिल्ला युद्ध का सफलतापूर्वक मुकाबला कर सकें। नक्सली हमेशा ही आमने सामने के मुकाबले से बचने की कोशिश करते हैं। उनकी कोशिश हमेशा ही गश्त पर निकले सुरक्षाबलों के जवानों पर घात लगाकर हमला करने या फिर उनके वाहनों को लैंड माइन्स या आईईडी के जरिये उड़ाने की होती है, ताकि जवानों को गंभीर नुकसान भी पहुंचाया जा सके और आमने सामने का मुकाबला करने की नौबत भी न आये। इसलिए सरकार को नक्सलियों का मुकाबला करने के लिए न केवल पहले से ज्यादा सन्नद्ध होना पड़ेगा, बल्कि लैंड माइन्स और आईईडी के धमाकों से अपनी सुरक्षा करने के लिए उन्नत व आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल करना पड़ेगा। ऐसा करके ही छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबल के जवान न केवल अपने प्राणों की रक्षा कर सकते हैं, बल्कि नक्सलवाद के नाम पर लूटपाट और मारकाट में लगे गिरोहों की गतिविधियों पर काबू पा सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/पल्लवी पाण्डेय

