पवन कल्याण ने उड़ाई नायडू की नींद

राजनीति पर नजर रखने वाले कह रहे हैं कि पवन कल्याण का फिल्मी करियर एक तरह से ढलान पर है। पिछले कुछ सालों से उनकी कोई हिट फिल्म नहीं आई

288

सन 2014 के लोकसभा और आंध्रप्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान ‘पावरस्टार’ का तमगा पाये चर्चित अभिनेता पवन कल्याण ने चंद्रबाबू नायडू को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने टीडीपी से चार साल पुराने संबंध को तोड़ते हुए जन सेना पार्टी के बैनर तले चुनाव में उतरने का ऐलान कर दिया है। साथ ही कहा है कि वे सीपीएम और सीपीआई जैसी वामपार्टियों के साथ जाएंगे।

आंध्रप्रदेश के गुंटूर में जन सेना पार्टी के चौथे स्थापना दिवस पर बड़ी संख्या में उपस्थित समर्थकों को संबोधित करते हुए पवन ने सियासत की नई बिसात पर अपने मोहरे चला दिये। जिस चंद्रबाबू नायडू को मुख्यमंत्री बनाने के लिए उन्होंने मुहिम चलाई थी, उसी नायडू को उन्होंने हर मोर्चे पर विफल करार दिया और कहा कि नायडू ने आंध्रप्रदेश को देश का नंबर वन ‘भ्रष्ट प्रदेश’ बना दिया। लगभग दो घंटे के भाषण में पवन कल्याण नायडू से बेहद खफा दिखे और उनकी सरकार के कामकाज से निराश। नायडू पर आक्रामक रहे पवन कल्याण केन्द्र की मोदी सरकार से भी नाराज दिखे। आंध्र को ‘स्पेशल राज्य का दर्जा’ वाली मांग को लेकर उन्होंने मोदी पर भी वादा-खिलाफी का आरोप लगाया। कह सकते हैं कि पवन ने अब टीडीपी और उसके मुखिया चंद्रबाबू नायडू से दो- दो हाथ करने की ठान ली है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में अब वो नायडू सरकार की पोल-पट्टी खोलते नजर आयेंगे। साफ है कि विधानसभा चुनाव में अपनी साख बचाने की जो लड़ाई आंध्र प्रदेश में राजनीतिक दलों द्वारा शुरू की गयी है, पवन कल्याण भी उससे अछूते नहीं हैं। नायडू और जगनमोहन की तरह वे भी अपने को आंध्र की जनता के सबसे बड़े हितैषी होने की मुहिम में शामिल कर चुके हैं।

तेलुगू फिल्मों के इस लोकप्रिय स्टार के पास नायडू से नाराजगी की वजहें साफ हैं। कहा जाता है कि पॉवर कॉरिडोर में पवन की वैसी ‘दखल’ कभी नहीं हो पायी जैसा वो चाहते थे। चुनाव के बाद दिल्ली और आंध्रप्रदेश में मनमाफिक सरकार बनने के बाद भी वे अपने फैन्स को ये बताने में नाकाम रहे कि उनकी वजह से राज्य में क्या क्या हुआ। अब जबकि नायडू को राज्य में चौतरफा चुनौतियां मिल रही हैं तो पवन ने भी मोर्चा खोल दिया। वे अबतक अपनी जन सेना पार्टी के बैनर तले जनजागरण के काम में लगे थे। आम लोग वो दिन नहीं भूले हैं जब मोदी को पीएम और चन्द्रबाबू नायडू को सीएम बनाने के लिए पवन ने दिन-रात एक कर दिया था। ऐसी कोई सभा नहीं होती थी जिस मंच पर मोदी और नायडू के साथ पवन कल्याण नजर न आते हों। प्रधानमंत्री मोदी और नायडू ने भी सार्वजनिक तौर पर विजय में पवन कल्याण के रोल को रेखांकित किया था। ऐसे में पवन कल्याण का दोनों से एक साथ मोहभंग होना बहुत कुछ कहता है।

राजनीति पर नजर रखने वाले कह रहे हैं कि पवन कल्याण का फिल्मी करियर एक तरह से ढलान पर है। पिछले कुछ सालों से उनकी कोई हिट फिल्म नहीं आई। उनकी पिछली तीन फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर कोई धमाल नहीं मचाया। ले-देकर कुछ कंपनियों के विज्ञापन और ब्रांड एम्बेसडर जैसी भूमिकाएं उनके पास रहीं। ऐसे में सक्रिय राजनीति में आना उनकी मजबूरी भी है। अबतक वे दूसरों के लिए प्रचार का काम करते थे। तेलुगू प्रदेश की राजनीति को प्रभावित करने की क्षमता रखने वाले इस मेगास्टार के पास अब भी फैन फौलोविंग जबर्दस्त है। इस मामले में वे अपने बड़े भाई और मेगास्टार चिरंजीवी को पीछे छोड़ चुके हैं। युवाओं में उनकी गजब की क्रेज है। पवन के रोड शो में जो भीड़ उमड़ती है, उसमें छात्रों-युवाओं की भागीदारी सर्वाधिक होती है।

सवाल उठता है कि उनके अलग होने से टीडीपी और नायडू के पोल कैम्पेन पर कितना असर पड़ेगा। जानकार बताते हैं कि नायडू के पास जूनियर एनटीआर जैसे स्टार प्रचारक पहले से हैं। एनटीआर फैमिली के लोग भी टीडीपी के लिए काम करते हैं, ऐसे में पवन की बहुत ज्यादा कमी नहीं खलने वाली है। पवन के अलग होने से जो ज्यादा बड़ा खतरा है, वह है जातीय वोट गणित। पवन आंध्र की सर्वाधिक आबादी वाली कापू जाति से आते हैं। इनके प्रशंसकों में भी उस बिरादरी के युवाओं की तादाद काफी है। पवन की राजनीति में सीधे कूदने की घोषणा मात्र से ही नायडू की नींद उड़ी हुई है। उनको कापू मतों में सीधे विभाजन का खतरा दिख रहा है, जो पिछली बार एकमुश्त टीडीपी-बीजेपी गठबंधन को मिला था। सूबे में कापू बिरादरी का वोट प्रतिशत बहुत ज्यादा है। हाल में आरक्षण की मांग को लेकर कापूओं ने राज्य में बड़ा आंदोलन किया था। बड़ा वोट बैंक होने के चलते कोई भी दल उनकी नाराजगी मोल लेने की हिम्मत नहीं करता। अब तक कापू वोट टीडीपी और कांग्रेस (अब वाईएसआरसीपी) में बंटता रहा है। चिरंजीवी द्वारा प्रजा राज्यम बनाने और फिर उसका कांग्रेस में विलय करने से कापू समाज नाराज हुआ। कांग्रेस में चिरंजीवी के ‘राजनीतिक वनवास’ झेलने के चलते पवन कल्याण उसी पॉलिटिकल स्पेस को भरना चाहते हैं। उन्हें लगता है कि खुद की पार्टी खड़ा कर और टीडीपी-वाईएसआरसीपी से समान दूरी बनाकर वे बेहतर चुनाव परिणाम ला सकते हैं, जैसा कर पाने में चिरंजीवी असफल रहे। सूबे में बीजेपी के साथ जाने से भी उनको अभी खास फायदा होता नहीं दिख रहा है। विशेष राज्य के दर्जे वाले मुद्दे पर आंध्र प्रदेश में बीजेपी की स्थिति ‘विलेन’ जैसी बना दी गई है। ऐसे में पवन को मोदी से भी हमदर्दी नहीं रही। वे दक्षिण की बजाय वाम पार्टियों पर ज्यादा भरोसा करते दिख रहे हैं। पवन ने साफ कर दिया है कि 14 अगस्त को वे अपनी पार्टी का ‘मेनिफेस्टो’ जारी कर देंगे।

दक्षिण भारत की सियासत फिल्मी सितारों के इर्द-गिर्द घूमती रही है। चिरंजीवी को छोड़ दें तो सभी स्टार एक बड़ा सियासी मुकाम हासिल करने में कामयाब रहे हैं। अभी जिस तरह पड़ोसी राज्य तमिलनाडू में सुपरस्टार रजनीकांत और कमल हासन सक्रिय राजनीति में उतरे हैं, उसी तरह पवन कल्याण भी अपनी सिनेमाई छवि के जरिये सियासी कमाल दिखाने की जुगत में हैं। इस मुहिम में वे कितना सफल हो पाते हैं ये कहना अभी जल्दीबाजी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/पुखराज

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.