एट्रॅासिटी एक्ट के दुरुपयोग पर अंकुश

इस अधिनियम के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर लंबे समय से चिंता जतायी जा रही थी, दुरुपयोग की सबसे अधिक शिकायतें महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश और कुछ हद तक तमिलनाडु से थीं

399

अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम-1989 के दुरुपयोग को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले का हर संवेदनशील व्यक्ति ने स्वागत किया है। जातीय राजनीति करने वाले नेता जरूर इसका विरोध कर रहे हैं, लेकिन इस संबंध में कांग्रेस के कुछ नेताओं की प्रतिक्रिया से हर कोई हैरान है। उसका आरोप है कि केन्द्र ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष कानून के सख्त प्रावधानों के समर्थन में मजबूती से अपनी बात नहीं रखी। फैसले को लेकर निराश जताने वाले नेता इस मामले में भी वोट बैंक की राजनीति डूबे नजर आये। महाराष्ट्र के एक मामले में फैसला सुनाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने जो कहा है उसका पालन सुनिश्चित होने से जहां कानून के दुरुपयोग पर लगाम लग सकेगी, वहीं झूठी शिकायतों के कारण प्रताड़ित होने से निर्दोष लोग बच सकेंगे। कोर्ट ने कहा है कि एससी/एसटी कानून के तहत पहले डीएसपी शिकायत की जांच करेंगे कि मामला फर्जी या दुर्भावना से प्रेरित तो नहीं है। इसके साथ ही आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी भी नहीं की जायेगी। सरकारी कर्मचारी की गिरफ्तारी से पहले सक्षम अथॉरिटी और सामान्य व्यक्ति की गिरफ्तारी से पहले एसएसपी की लिखित मंजूरी लेनी जरूरी होगी। गिरफ्तारी की मंजूरी देते समय अधिकारी कारण दर्ज करेगा और ये कारण आरोपी के साथ-साथ अदालत को भी बताये जायेंगे।

इस अधिनियम के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर लंबे समय से चिंता जतायी जा रही थी। दुरुपयोग की सबसे अधिक शिकायतें महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश और कुछ हद तक तमिलनाडु से थीं। इसीलिए सरकारों का ध्यान इस बात की ओर आकृष्ट करने की कोशिशें होती रही कि सिर्फ बदला लेने या दुर्भावना के चलते भी शिकायत कर दी जाती हैं। इस कानून के प्रावधान इतने सख्त हैं कि पुलिस को भी तत्काल कार्रवाई करना पड़ता है। कानून के दुरुपयोग के कारण तीन दशक के दौरान बड़ी संख्या में बेकसूर लोगों को अपमान का सामना करना पड़ा है। इस कानून के प्रावधानों को कुछ नरम करने के पक्ष में उत्तर प्रदेश में हाल के वर्षों में बात चली थी। महाराष्ट्र में मराठा क्रांति मोर्चा भी वर्षों से कानून के दुरुपयोग की शिकायत कर रहा है। इसने एससी/एसटी कानून के प्रावधानों को तर्कसंगत बनाने और उनमें नरमी लाने के लिए महाराष्ट्र में कई बार आवाज उठाई है। इसी तरह तमिलनाडु में पीएमके नेता एस रामदौस ने भी सितम्बर 2009 में इस कानून में बदलाव की मांग की थी। अप्रैल 2010 में दिल्ली की एक अदालत ने भी एक मामले की सुनवाई के दौरान इस कानून के दुरुपयोग के बढ़ते मामलों पर चिंता जतायी थी। इस मामले में अनुसूचित जाति के एक किरायेदार ने मकान मालिक के परिवार के नौ सदस्यों के विरूद्ध जातिसूचक शब्दों का उपयोग करने की शिकायत की थी। अदालत ने शिकायत को असत्य पाया और सबको आरोपमुक्त कर दिया गया। इस एक्ट के सख्त प्रावधानों का खौफ सरकारी और अर्द्धसरकारी दफ्तरों तक में दिखाई देता रहा है। पड़ताल की जाये तो ऐसे हजारों मामले निकल आयेंगे, जिनमें कर्मचारियों और कनिष्ठ अधिकारियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सिर्फ सबक सिखाने के मकसद से कानून को हथियार बना कर शिकायत कर दी।

यह बात नोटिस की जाने लगी है कि शोषित वर्ग को संरक्षण देने के उद्देश्य से बनाए गए कानून के कुछ प्रावधानों ने इसके दुरुपयोग का रास्ता आसान कर दिया है। एकतरफा और सख्त प्रावधानों के कारण समाज में तनाव होने की आशंका बनी रहती है। यह प्रश्र स्वाभाविक है कि संसद में जब अनुसूचित जाति अनसूचित जनजाति(अत्याचार निवारण)अधिनियम 1989 को मंजूरी दी गई उस समय किसी भी सांसद ने इसके एकतरफा सख्त प्रावधानों पर आपत्ति क्यों नहीं की? क्या किसी ने भी वोट बैंक की राजनीति के कारण इसके विरूद्ध मुंह खोलने का साहस नहीं दिखाया। एक वरिष्ठ विधिवेत्ता का मानना है ऐसे मनमाने प्रावधान विधेयक में पेश किए जाने के बाद भी संसद सदस्यों की चुप्पी की मूल वजह संसद में विशेषज्ञों का काफी कम संख्या में होना है। इसी वजह से अब संसद में तर्कपूर्ण और बौद्धिक चर्चाएं कम सुनाई देतीं हैं।

शोषित वर्ग के प्रति अत्याचार या क्रूरता रोकने के लिए जिन कृत्योंं को अपराध माना गया उनमें दलित समुदाय के किसी व्यक्ति को अखाद्य वस्तु खाने-पीने के लिए विवश करना, उसे हानि पहुंचाने के इरादे से उसके परिसर या पड़ोस में मल, बेकार या हानिकारक वस्तु फेंकना, उसको जबरन निर्वस्त्र करना या निर्वस्त्र कर घुमाना या उसके चेहरे पर कालिख पोतना जैसे मानवीय गरिमा को चोट पहुंचाते वाले कृत्य शामिल हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति या जनजाति के व्यक्ति के स्वामित्व वाली जमीन पर कब्जा करना, उसकी किसी भूमि, परिसर या जल के उपयोग के अधिकार पर अतिक्रमण करना, बेगार या बंधुआ मजदूरी के लिए विवश करना, चुनाव में किसी उम्मीदवार विशेष के पक्ष या विरोध में मतदान करने के लिए मजबूर करना, लोक-सेवक को झूठी, दुर्भावनापूर्ण और उत्पीड़न के इरादे से ऐसी सूचना देना जिसके आधार पर लोक-सेवक द्वारा उसके विरूद्ध आपराधिक अथवा अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू हो सकती हो, दलित व्यक्ति का सार्वजनिक तौर पर अपमान करना, समुदाय की किसी महिला की गरिमा को चोट पहुंचाना अथवा शोषण करना, उनके जलस्रोतों को प्रदूषित करना, उन्हें आम रास्तों का उपयोग करने से रोकना और उन्हें घर या गांव छोड़कर पलायन करने के लिए विवश करना भी दंडनीय प्रावधान के रूप में शामिल किये गये हैं। इस तरह के आपराधिक कृत्यों पर छह माह से पांच वर्ष तक की सजा तथा जुर्माने का प्रावधान इस कानून में है। अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों के प्रति जिन कृत्यों को अपराध माना गया है, उस पर सही सोच वाले किसी व्यक्ति को आपत्ति नहीं होगी। इस कानून को तोड़ने पर सजा के प्रावधान पर भी सभी सहमत होंगे। इस कानून को लेकर शिकायत सिर्फ यही है कि इसमें आरोपी को अपने बचाव और सफाई देने के लिए समुचित अवसर देने का प्रावधान नहीं था। इसीलिए एट्रॅासिटी एक्ट का दुरुपयोग बढ़ा। बेकसूर प्रताड़ित होते रहे। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद बेकसूरों को राहत मिलेगी और इसके दुरुपयोग की घटनाएं कम होंगी।


हिन्दुस्थान समाचार/अनिल बिहारी श्रीवास्तव

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.