उत्तर प्रदेश सरकार एक बार फिर विपक्ष के निशाने पर है। बजट के लिए भी और उत्तर प्रदेश संगठित अपराध नियंत्रण विधेयक को लेकर भी। इस क़ानून के पास होने के बाद पुलिस को संगठित अपराधियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने का बड़ा हथियार मिल गया है। लेकिन इसके साथ उसकी ज़िम्मेदारी भी बढ़ गई है। योगी सरकार ने वैसे भी अपराधियों से सख्त़ी से निपटने के आदेश दे रखे हैं। इस क़ानून में वह विवेचना के लिए मिले अतिरक्त समय का इस्तेमाल वो केस को मजबूत बनाने में कर सकती है।
संतोष की बात यह है कि योगी सरकार विधान परिषद से बजट और यूपीकोका बिल दोनों की ही पारित कराने में सफल हो गयी। लेकिन इसके साथ ही सरकार की ज़िम्मेदारी भी बढ़ गई है। उसे देखना होगा कि क़ानून बनने के बाद पुलिस निरंकुश न हो जाए और इसका दुरुपयोग न हो।
विपक्ष यूपीकोका को लेकर काफ़ी आक्रामक है। सपा के विधान पार्षद शतरुद्र प्रकाश ने यूपीकोका के ख़िलाफ़ संशोधन भी प्रस्तुत किया जिसे पीठ ने ख़ारिज कर दिया। विपक्ष के हंगामे के बीच इस विधेयक को भी पारित कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन को बताया था कि राज्य के लिए यूपीकोका की ज़रूरत क्यों है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने तो इस तरह का क़ानून देश भर में लागू किए जाने की वकालत की थी। सरकार ख़ुद असमंजस में थी कि यह विधेयक पारित होगा भी या नहीं। राज्यपाल की अधिसूचना और केंद्र की अनुमति पर उसे भरोसा तो था लेकिन विधान परिषद में इस बिल का पास होना उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। सपा-बसपा भले ही आज विधेयक के विरोध में खड़ी हों लेकिन इस सच को नकारा नहीं जा सकता कि वर्ष 2007 में मायावती सरकार ने स्वयं इस क़ानून को लागू करने की पहल की थी। लेकिन तब केंद्र की तत्कालीन यूपीए सरकार रोड़ा बन गई थी। बाद में बसपा सरकार ने खुद ही इस विधेयक को वापस ले लिया था।
इस क़ानून की सख्त़ी का अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि अभियुक्त अगर पहले आजीवन कारावास से दंडित किया गया है तो यूपीकोका में दूसरे अपराध के लिए उसे मृत्युदंड (फांसी) या आजीवन कारावास और न्यूनतम 25 लाख रुपये की सज़ा हो सकती है। सरकार जिस मज़बूती के साथ इस विधेयक को ले आई है उसमें राजनीतिक हस्तक्षेप की गुंजाइश नहीं के बराबर है। विरोध के लिए विरोध करना विपक्ष की आदत में शुमार हो गया है। यूपीकोका के विरोध को इसी क्रम में देखना जायज़ होगा।
पहले से दोष सिद्ध अपराधियों के अपराधों के लिए इसमें कड़े दंडात्मक प्रावधान किए गए हैं। दस वर्ष से कम के कारावास के लिए दंडित अपराधियों को दोबारा अपराध करने पर आजीवन कारावास और न्यूनतम 25 लाख रुपये का अर्थदंड लग सकता है। यूपीकोका में यह प्रावधान किया गया है कि अर्थदंड देने में विफल रहने पर दोषी को प्रत्येक एक लाख रुपये के अर्थदंड पर एक माह के साधारण कारावास की अतिरिक्त सज़ा मिलेगी। यह अतिरिक्त सज़ा अधिकतम दो साल तक हो सकती है। यूपीकोका में अपराध की सीमा निर्धारित कर दी गई है। आतंक फैलाने या बलपूर्वक हिंसा करने, सरकार को अस्थिर करने के लिए विस्फोटकों का इस्तेमाल करने, आग लगाकर या असलाह का प्रयोग कर या हिंसात्मक तरीके से जीवन या संपत्ति को नष्ट करने के आरोपी तो इस क़ानून के दायरे में आएंगे ही, राष्ट्रविरोधी या विध्वंसात्मक गतिविधियों में लिप्त लोगों पर भी यूपीकोका का शिकंजा कसेगा।
फिरौती के लिए अपहरण, दबाव या शक्ति प्रदर्शन से ठेका हासिल करने, धन लेकर किसी की हत्या करने या करवाने, सरकारी या निजी भूमि पर जाली दस्तावेज़ों द्वारा क़ब्ज़ा करने, जाली दस्तावेज बनाने वालों के लिए यह क़ानून यमदंड साबित हो सकता है। रंगदारी वसूलना, अवैध खनन, मनी लॉन्ड्रिंग, मानव तस्करी, जाली दवा, अवैध शराब, वन्य जीव तस्करी आदि अपराधों में लिप्त होने वालों पर भी इस क़ानून का शिकंजा कसेगा। इस अधिनियम के लागू होने पर राज्य सरकार संगठित अपराधों से अर्जित संपत्ति को विवेचना के दौरान ही न्यायालय की अनुमति से ज़ब्त कर सकती है। फलतः अपराधी अवैध ढंग से अर्जित संपत्ति का उपयोग अपने बचाव में नहीं कर पाएगा। अभी तक अपराधियों की संपत्ति ज़ब्त नहीं हो पाती थी। दंडित होने पर उनकी संपत्ति राज्य के पक्ष में ज़ब्त हो जाएगी। इस लिहाज़ से अपराधियों की कमर टूटनी स्वाभाविक है।
मंडलायुक्त और पुलिस महानिरीक्षक के अनुमोदन के बाद ही यूपीकोका के तहत मुक़दमा दर्ज हो सकेगा। प्रमुख सचिव गृह की अध्यक्षता में ’राज्य संगठित अपराध नियंत्रण प्राधिकरण’ की स्थापना भी की जाएगी। उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में ’अपीलीय प्राधिकरण’ का भी गठन होगा। इसमें शासन से प्रमुख सचिव और डीजी स्तर के अफ़सर सदस्य बनाए जाएंगे। इस अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत सभी मुआमलों की सुनवाई के लिए विशेष न्यायालय का गठन होगा। इस प्रस्तावित क़ानून में यह व्यवस्था भी है कि कोई भी संगठित अपराध करने वाले अपराधी, बाहुबली या सफ़ेदपोश सरकारी सुरक्षा नहीं पा सकेगा। पूछताछ की एक मूल कॉपी बनेगी जिस पर विधिक सलाहकार का भी हस्ताक्षर होगा। यदि संदिग्ध किसी तथ्य को जानबूझकर छिपाता है तो न्यायालय उसे बचाव का मौका नहीं देगा। विपक्ष को डर है कि यदि किसी अपराधी ने पूछताछ के दौरान उनका नाम ले लिया तो उनके सामने मुसीबत आ जाएगी। अहम बात ये भी है कि इस क़ानून के कारण अब बात-बात में प्रदर्शन कर सरकारी संपत्ति को नुक़सान पहुंचाना संभव नहीं रह जायेगा। सच तो यह है कि यह विधेयक संतुलित है। विपक्ष को इसका विरोध करने की बजाय, अपराध उन्मूलन और नए क़ानून के कार्यान्वयन में सरकार की मदद करनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार/सियाराम पांडेय शांत

