देश के सभी विरोधी दल पूरी ताकत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए लामबंद हो रहे हैं। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ उपचुनावों में भाजपा की पराजय क्या हो गयी, इन्हें लगने लगा मानों लॉटरी लग ही गयी हो। ये अब ऐसा व्यवहार कर रहे हैं जैसे मोदी सरकार जाने वाली ही हो। विपक्ष का यह सपना आखिर कितना और कैसे पूरा हो सकेगा यह तो आने वाला समय ही बतायेगा, लेकिन उसने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। मुद्दों का अभाव होने के बाद भी बेलगाम विपक्ष को बांधने का प्रयास बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कर रही हैं। इसी की आड़ में विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस माननीय दीपक मिश्रा के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी भी शुरू कर दी है।
जस्टिस दीपक मिश्रा के खिलाफ महाभियोग लाने की बात करना निश्चय ही बेहद खतरनाक साजिश का हिस्सा है। विपक्ष ने सबसे पहले संसद को ठप कर दिया ताकि सरकार सफलतापूर्वक न चल सके और वे जनता के बीच जाकर मोदी सरकार को पूरी तरह से नकारा घोषित करने में सफल हो जायें। इसकी अगली कड़ी में विपक्षी दलों ने पहले चार-चार अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस दिये, लेकिन उन पर बहस प्रारम्भ नहीं हो सकी। इसी बीच विपक्ष ने देश के चीफ जस्टिस को ही अपनी विकृत राजनीति का शिकार बना लिया है। अब संयुक्त विपक्ष उनके खिलाफ नोटिस देने की तैयारी में जुट गया है। संपूर्ण विपक्ष ने एकजुट होकर जिस प्रकार से सदन की कार्यवाही को बाधित किया और अब चीफ जस्टिस को निशाना बना रहे हैं, इससे साफ पता चल रहा है कि विपक्ष की योजना देश को अराजकता की ओर ले जाने की है। इसमें कुछ विदेशी ताकतें भी संलग्न हैं, जो एक मजबूत राष्ट्र को नहीं देखना चाहती।
विपक्ष महाभियोग की आड़ में अपनी मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति को और धार देना चाह रहा है, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करना चाह रहा है। आज कल सुप्रीम कोर्ट से जो फैसले आ रहे हैं, वे इन दलों के मुखियाआें को रास नहीं आ रहे, क्योंकि इन फैसलों से उनके राजनैतिक अस्तित्व को खतरा उत्पन्न हो गया है। ये दल सुप्रीम कोर्ट की वजह से अपनी मनमानी नहीं कर पा रहे हैं और उनके पक्ष में कोई निर्णय नहीं आ पा रहे हैं। अभी कोर्ट में कई महत्वपूण बिंदुओं पर सुनवाई चल रही है। जिसमें आधार कार्ड, रोहिंग्या मुसलमान व अयोध्या विवाद प्रमुख है। साथ ही राजनैतिक, सामाजिक व आर्थिक महत्व के कई अन्य मामलों पर भी सुनवाई चल रही है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण अयोध्या विवाद है। अभी पिछली सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्षकारों के वकील कपिल सिब्बल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कोर्ट में अयोध्या मामले की सुनवाई अगले साल जुलाई के बाद तक टालने की मांग की थी, जिसे अदालत ने पूरी तरह से ठुकरा दिया और अब सुनवाई लगभग शुरू हो चुकी है। जिस प्रकार से सुनवाई शुरू हुई है, उससे सभी पक्षकारों को एक नयी उम्मीद की किरण दिखलायी पड़ रही है। मामले में सुनवाई के दौरान कपिल सिब्बल को काफी अपमानित होना पड़ा था। यह भी अनुमान लगाया गया कि कोर्ट में कपिल सिब्बल ने जिस प्रकार का बयान दिया उसी कारण गुजरात में भाजपा एक बार फिर चुनाव जीतने में कामयाब हो गयी। कई ऐसे मामले कोर्ट में चल रहे हैं।
जस्टिस दीपक मिश्रा ने ही याकूब मेनन जैसे आतंकी को देर रात सुनवाई करके फांसी की सजा दिलवाने में अहम भूमिका अदा की थी। उस समय जिन लोगों ने याकूब मेनन को बचाने के लिये मुहिम छेड़ी थी, उसमें भी यही गैंंग शामिल था। अब रोहिंग्या मुसलमानाों को बचाने में भी यही गैंग शामिल हो गया है। चीफ जस्टिस के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव लाने वाले सभी दल व लोग पूरी तहर से मुस्लिमपरस्त राजनीति करते रहे हैं। महाभियोग की पूरी कहानी कपिल सिब्बल और प्रशांत भूषण जैसे वकीलों ने ही तैयार की है। प्रशांत भूषण जैसे वकील हिन्दू परंपराओं के खिलाफ जनहित याचिका दायर करने के लिए कुख्यात रहे हैं। ऐसे वकीलों की निष्ठा संदिग्ध रहती है। कोर्ट में एक और याचिका की सुनवाई होने जा रही है जिसमें उन वकीलों की वकालत पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गयी है, जो किसी न किसी दल के राजनेता हैं। अभी 2-जी स्पेक्ट्रम मामले में भी कोर्ट ने एक बार फिर कड़ा रूख अपनाया है और छह माह में हर हालत में जांच पूरी करने को कहा है। जिसके कारण इन लोगों के मन में डर बैठ गया है। यह जस्टिस दीपक मिश्रा का ही कारनामा है कि 1984 के सिख दंगों की जांच को अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए एक नई एसआईटी गठित की गयी है, जो अपना काम कर रही है। मामले की बहुत जल्द सुनवाई होने जा रही है।
मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग लाने वाले पूरी तरह से जनता के सामने बेनकाब हो चुके हैं। इन सभी की साजिशें जनता लगातार देख रही है। यह महाभियोग वास्तव में जज के खिलाफ नहीं बल्कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को रोकने के लिए की गयी सोची समझी साजिश है। यह न्यायपालिका में भी जातिवाद और मुस्लिमपरस्ती को घुसाने की साजिश है। यह देश का दुर्भाग्य ही है कि एक ईमानदार प्रधानमंत्री, मजबूत सरकार और मजबूत न्यायपालिका के खिलाफ परिवारवाद की भ्रष्ट राजनीति करने वाले दल व नेता महाभियोग लाने की तैयारी कर रहे हैं। यह न्यायपालिका के खिलाफ महासाजिश है। इससे न्यायपालिका का ढांचा चरमरा सकता है। यह न्यायपालिका के कामकाज को पटरी से उतारने की साजिश का हिस्सा भी हो सकता है। यों तो जस्टिस दीपक मिश्रा के खिलाफ महाभियोग की बात उसी समय से उठने लग गयी थी, जब जस्टिस जे चेलमेश्वर, रंजन गोगोई, मदन बी. लोकुर और कुरियन जोसेफ ने उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये थे। इसमें से एक जज ने एक वाम नेता से मुलाकात करके देश को चौंका भी दिया था।
महाभियोग के इस पूरे मामले पर याकूब मेनन के समर्थक माने जाने वाले वकील प्रशांत भूषण ने ड्राफ्ट तैयार किया और विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा, शरद पवार समेत कई नेताआें ने हस्ताक्षर भी कर दिये हैं। महाभियोग पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो तिहाई से अधिक बहुमत की आवश्यकता होगी जो कि किसी भी दल के पास नहीं है। ऐसे में इस प्रकरण में ये तो तय है कि यदि ये महाभियोग संसद में आया भी तो गिर ही जायेगा, क्योंकि भाजपा सहित कई सांसद इसका विरोध करेंगे। महाभियोग के दौरान यदि बहस होती भी है तो इससे हिंदू विरोधी लोग तथा भारत विरोधी ताकतें व उनकी साजिशें बेनकाब हो जायेंगी। महाभियोग के समर्थक भारत को अराजकता की आग में झोंकना चाहते हैं तथा उसी के बल पर अपनी राजनीति को चमकाना चाहते हैं। इससे ज्यादा इस मामले में और कुछ नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार/मृत्युंजय दीक्षित

