विरोध प्रजातंत्र की विशेषता है लेकिन विरोध के लिए विरोध से कई बार विचित्र स्थिति बन जाती है। किसी व्यक्ति का नाम अनेक पारिवारिक और वात्सल्य के मनोभावों से जुड़ा होता है। डॉ. आंबेडकर अपने नाम के साथ पिता के नाम को देखकर भावविह्वल होते होंगे। बिडंबना देखिए कि उनके नाम पर सियासत करने वालों को इस पर भी आपत्ति है। वह उनके नाम में उतने शब्द ही देखना चाहते हैं, जितने उनकी सियासत में फिट बैठते हैं। जिन्हें उनके नाम के कुछ शब्द पर कठिनाई है, वह उनका पूरा सम्मान कभी नहीं कर सकते। आज की युवा पीढ़ी या बच्चों को उनका पूरा नाम पता भी नहीं था। इस लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने पहल की। इसका जबाब तलाशना होगा कि उनके पूरे नाम को किसकी इच्छा से प्रचलन से बाहर किया गया था। कहीं इसके पीछे वह लोग तो नहीं थे, जिन्होंने उनसे संबंधित पांच स्थानों को स्मारक नहीं बनने दिया। यह कार्य नरेंद्र मोदी ने किया। वैसे ही लोग आज उनके पूरे नाम से बेचैन दिख रहे हैं। राम शब्द में तो निर्गुण का भी बोध है। प्रभु राम को केवल सगुण मानने से भ्रम हो सकता है। यह नाम इससे भी बहुत व्यापक है। यह कण-कण में विराजमान है। सगुण उपासक अयोध्या में जन्मे राम की आराधना करते हैं। उनके रान मे महाराज दशरथ और कौशल्या के यहां अवतार लिया था। निर्गुण उपासक भी राम का नाम लेते हैं। साथ ही वह यह भी कहते हैं -राम ’जाके माई न बापू रे ’ अर्थात वह अजन्मा हैं, निर्गुण हैं। उनका कोई रूप नहीं है। लेकिन इस नाम में प्रभाव है। ’रा’ कहने के लिए मुंह खोलना पड़ता है। ’म’ कहने के लिए मुंह बंद करना होता है। यह किसी दिव्य प्रकाश को ग्रहण करने जैसा है। अनेक निर्गुण संतों ने पुरजोर तरीके से इस नाम का जाप किया। उनके राम अजन्मा ही थे। उनका अयोध्या से कोई संबन्ध नहीं था।
यही हिन्दू धर्म की उदारता और व्यापकता है। आध्यात्मिक विषयों का कोई दायरा नहीं, कोई सीमारेखा नहीं है। दशरथ नन्दन राम भी आराध्य हैं, निर्गुण राम भी कण-कण में हैं। सगुण उपासक भी ऋषि हैं, सन्त हैं। निर्गुण उपासक भी उसी प्रकार सम्मानित हैं। कबीर कहते है ’निर्गुण राम जपहु रे भाई।’ उनके राम निर्गुण हैं। उपासना का ऐसा व्यापक दायरा दुनिया में कहीं नहीं है। यह हिंदुत्व की ही विशेषता है, जिस पर ब्राह्मणवादी होने का आरोप लगा। लेकिन यहां सबसे ऊंचे आध्यात्मिक पद पर आसीन व्यक्ति को भी निर्गुण राम की उपासना रोकने का अधिकार नहीं है। इस उदारता को समझना चाहिए लेकिन जब अन्य मजहब के आधार पर सोचेंगे तो दुविधा होगी। सबकी मान्यता अलग है। दूसरे के आधार पर किसी विषय की व्याख्या करना उचित भी नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार ने संविधान निर्माता का पूरा नाम क्या लिया, राजनीति होने लगी। उनके नाम पर राजनीति करने वाले सर्वाधिक परेशान दिखाई दिए। ऐसा लग रहा है कि यह संविधान निर्माता का नाम अपनी राजनीतिक सुविधा के हिसाब से चलाना चाहते हैं। इन्हें उनके नाम का राम शब्द पसन्द नहीं, इस लिए उसका विरोध कर रहे हैं। वस्तुतः पूरे नाम का विरोध करने वाले डॉ. आंबेडकर का सम्मान नहीं कर रहे हैं। जो नाम उनको प्रिय था, उसको अपनी सुविधा के लिए छोटा किया गया।
संविधान की आठवीं अनुसूची पर उन्होंने अपना पूरा नाम भीमराव रामजी आंबेडकर लिखा था। इसका मतलब था कि उन्हें इस पूरे नाम से लगाव था। इसमें उनके पिता के प्रति लगाव और सम्मान का भाव भी समाहित था। आज उनके नाम पर वोटबैंक की राजनीति करने वालों को डॉ. आंबेडकर की भावनाओं का भी ख्याल नहीं है। इसके लिए विचित्र तर्क दिए जा रहे हैं। कहा गया कि महात्मा गांधी और नरेंद्र मोदी का पूरा नाम क्यों नहीं लिखा जाता। इसमें दो बात है। एक यह कि -क्या महात्मा गांधी और नरेंद मोदी का हर जगह पूरा नाम लिखा जाएगा, तो क्या उनकी रामजी पर आपत्ति दूर हो जाएगी। दूसरी बात यह कि डॉ. आंबेडकर के पूरे नाम को प्रचलन से दूर करने के पीछे क्या उद्देश्य था। महात्मा गांधी का पूरा नाम मोहन दास करमचंद्र गांधी देश के बच्चे भी जानते हैं। इसी प्रकार नरेंद्र दामोदर दास मोदी भी लोग जानते हैं। दोनों के पूरे नाम प्रचलन में नहीं हैं, लेकिन नाम के किसी हिस्से को छिपाने का प्रयास नहीं हुआ। जबकि डॉ. आंबेडकर के पूरे नाम से डाक टिकट जारी होने के बाद भी उनके नाम की व्यापक जानकारी लोगों को नहीं हुई। यह भी उल्लेखनीय है कि सरकार ने राजकीय अभिलेखों में पूरा नाम लिखने का शासनादेश जारी किया है। इसका प्रभाव अन्य संवाद पर नहीं होगा। लोगों के ध्यान में उनका पूरा नाम बना रहेगा, यह अच्छी बात है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस कमी को दूर किया है। किसी ने कहा कि यह फैसला समझ से परे है। यह अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश है। बाबा साहेब के नाम में कुछ जोड़ने या घटाने की जरूरत नहीं है। मतलब किसी के सही नाम लिखने में ऐसे लोगों को विवाद उत्पन्न होता दिखाई दे रहा है। यह ठीक कहा गया कि जिसे उनके पूरे नाम पर आपत्ति है, वह उन महापुरुष का सम्मान क्या करेंगे। यदि डॉ. आंबेडकर के प्रति सम्मान है तो उनके नाम के एक एक शब्द के प्रति भी आदर भाव रखना होगा। किसी को यह अधिकार नहीं है कि नाम के आधे शब्द को प्रचलन से बाहर कर दे। जो यह गलती सुधारे, उस पर हमला बोलने लगो। उनके नाम में कुछ भी जोड़ा या घटाया नहीं गया है। बल्कि उनके पूरे नाम के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। ये वही विद्वान हैं, जिन्हें उनके गलत चल रहे सरनेम की भी जानकारी नहीं थी। इस ओर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने ध्यान आकृष्ट किया था। उन्होंने प्रमाणों के आधार पर बताया कि संविधान निर्माता के सरनेम का पहला अक्षर बड़ा ‘आ’ होगा। आंबेडकर शब्द सही है। अम्बेडकर शब्द गलत है। इसी प्रकार उन्होंने पूरे नाम के प्रति भी सुझाव दिया था। नाम तो प्रत्येक व्यक्ति का सही ढंग से लिखना चाहिए। महापुरुषों के संबन्ध में और अधिक सावधानी रखनी चाहिए। इसलिए नाम को सही करने, पूरे नाम से आमजन को अवगत कराने के लिए उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा होनी चाहिए। इतना ही नहीं राज्य सरकार ने एक अप्रैल से सरकारी कार्यालयों में डॉ. भीमराव रामजी की तस्वीर लगाना अनिवार्य कर दिया है। इसी प्रकार राजकीय अभिलेखों में उनका पूरा नाम लिखा जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार के फैसले में डॉ. आंबेडकर के प्रति सम्मान का भाव है। जो इसका विरोध कर रहे हैं, उन्हें केवल अपनी राजनीति की चिंता है।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

