अल्जीरिया घटना के बाद अर्लट हों भारतीय विमानन क्षेत्र

अब विमानन कंपनियों द्वारा सुरक्षा संबंधी लापरवाही और अशांत क्षेत्रों के ऊपर से उड़ान भरने को लेकर नए सवाल खड़े होने लगे हैं

211

हवाई यात्रा सुरक्षाओं की विश्वसनीयता खतरे में पड़ गई है। अल्जीरिया से एक और बड़े विमान हादसे की खबर आ गई। हवाई हादसों की खबरें अब रेल हादसों की तरह आम होती जा रही है। विमान हादसों में लगातार इजाफा होता जा रहा है। पिछले महीने नेपाल में बड़ा हादसा हुआ था जिसमें दर्जनों यात्री जलकर मर गए थे। अल्जीरिया में सेना का एयरक्राफ्ट क्रैश हुआ, जिसमें सवार सभी लोग मारे गए। विमान में दस क्रू मेंबर समेत 257 यात्री थे, जिसमें कोई जिंदा नहीं बच सका। लगातार होती विमान दुर्घटनाओं ने हवाई सफर करने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। पूर्व की ज्यादातर घटनाओं में मानवीय व तकनीकी चूक सामने आईं है।

ऐसी घटनाओं के बाद जब जिम्मेदारी लेने की बात आती है तो ज्यादातर सरकारें यह कहकर अपना पल्ला झाड़ लेती हैं कि इसमें निजी विमान कंपनियों की असावधानी है। सीधे तौर पर सरकारें घटना की जिम्मेदारी अपने सिर नहीं लेती। अल्जीरिया में पिछले दस सालों के भीतर यह तीसरी बड़ी विमान घटना है। अचंभे वाली बात ये है कि तीनों बड़ी घटनाएं सैनिकों से संबंध रखती हैं। सवाल उठता है कि कहीं इन घटनाओं के पीछे कोई साजिश तो नहीं?
मौजूदा घटना से पहले सन 2003 में अल्जीरिया के ही तमनरसेट में एयर अल्जीरिया का प्लेन टेक-ऑफ से कुछ देर बाद ही क्रैश हो गया था, जसमें 102 लोगों की मौत हुई थी। उस प्लेन में अधिकतर सैनिक ही सवार थे। इसके बाद सन् 2014 में कॉन्सटेंटाइन शहर के पास जेबेल फर्तास पहाड़ियों में एक सी-130 प्लेन क्रैश हुआ था। उस हादसे में ऑफ ड्यूटी सैनिकों समेत उनके परिवार वाले यात्रा कर रहे थे। हादसे में इन सभी की मौत हो गई। अल्जीरिया हुकूमत को इसकी बेहद गंभीरता से जांच करानी चाहिए कि आखिर हर बड़ी विमान दुर्घटना का संबंध सैनिकों से ही क्यों होता है।

अल्जीरिया की विमान घटना ने सुरक्षित हवाई सफर के दावों की पोल खोल दी है। नेपाल से एक और बड़े हादसे की खबर आ गई। काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करने के दौरान बांग्लादेशी विमान आग की लपटों में समा गया। हादसे में पचास लोगों को जान गंवाना पड़ा। विमान में क्रू मेंबर समेत कुल 67 यात्री सवार थे, जिसमें 33 लोग नेपाल के ही थे। उस घटना की जांच में हादसे का कारण मानवीय गलती और तकनीकी खराबी बतायी गयी। बताया गया कि चालक गलत दिशा में लैंडिंग करना चाहते थे, जिससे विमान अचानक अनियंत्रित हो गया। विमान को रनवे के दक्षिणी छोर से लैंड करना था लेकिन चालकों ने उत्तरी छोर से लैंड कराने की कोशिश की, जिससे विमान लैंड करते वक्त बेकाबू हो गया, जिससे उसके आगे का हिस्सा धराशाई हो गया।
संसार भर में खतरों की समीक्षा पर आधारित सुरक्षा उपायों को लागू करने के लिए नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो सुरक्षा पद्धतियों को लगातार उन्नत तथा पुनर्परिभाषित करते रहते हैं। लेकिन नतीजा वही ठाक के पात की तरह होता है। अल्जीरिया विमान हादसे के बाद भारतीय विमानन क्षेत्र को भी तुरंत सर्तक हो जाना चाहिए। क्योंकि उड्डयन के क्षेत्र में भारत आज भी दूसरे देशों से काफी पीछे है। नए विमानन नियम, नई सहूलियतें, आधुनिक तामझाम, यात्रा में सुगमता की गारंटी और भी कई तमाम हवाई बातें उस समय धरी की धरी रह जाती हैं, जब प्लेन उड़ने से पहले अपनी अव्यवस्था बयां कर देता है।

कुछ माह पहले ही दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सपाट रनवे पर आमने-सामने एक साथ दो विमानों का आ गए और बड़ा हादसा होते-होते बचा। इसे एटीएस की गलती कहें या विमानन कंपनियों की तकनीकी नाकामी या फिर पायलट की लापरवाही, लेकिन इससे यात्रियों की जिंदगी दांव पर जरूर लग गयी थी। पिछले साल 28 दिसंबर को हिंदुस्तान में दो बड़े विमान हादसे होते-होते बचे। एक दिल्ली और दूसरा गोवा में। उस वक्त दोनों घटनाओं ने हवाई यात्रा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा कर दिए थे।

अल्जीरिया की इस घटना ने हरियाणा के चरखी विमान हादसे की यादें ताजा कर दी हैं। उस हादसे को भारत में अब तक के सबसे बड़े हवाई हादसे में गिना जाता है। घटना को जब हम याद करते हैं तो रूह कांप उठती है। हिंदुस्तान में एटीसी से जुड़ा हुआ वह अब तक का सबसे बड़ा हवाई हादसा था। घटना 12 नवंबर, 1996 में चरखी दादरी में घटी। जब दो विमान उड़ान के दौरान आसमान में ही एक दूसरे से टकरा गये। एक विमान सऊदी अरब का था, तो दूसरा कजाखिस्तान का। उस हादसे में दोनों विमानों में सवार सभी 349 यात्रियों में से कोई जिंदा नहीं बचा। यकीनन, चरखी दादरी विमान दुर्घटना में रूसी जहाज के पायलट की गलती सामने आई थी। उसे एटीसी के दिशा-निर्देश ठीक से समझ नहीं आ रहे थे। एटीसी उसे बता रहा था कि वह गलत रूट पर जा रहा है। दरअसल, रूसी पायलट को अंग्रेजी नहीं आती थी। वह रशियन भाषा ही जानता था। भाषा नहीं समझ पाने के लिए पायलट ने सामने आ रहे दूसरे जहाज में टक्कर मार दी। उस घटना के बाद एयर मैनुअल नियम में एक संशोधन किया गया कि हर देश में एटीसी और पायलट के लिए अंग्रेजी जरूरी आनी चाहिए। इस हादसे के बाद एटीसी के लोग अंग्रेजी तो सीख गए, लेकिन हादसे नहीं थमे। विमान हादसों में अधिकतर खराब मौसम होने की दुहाई दी जाती है, लेकिन ऐसे हादसों में मानवीय चूक भी बहुत बड़ा रोल अदा करती है, जिस पर किसी का ध्यान नहीं जाता।

दूसरे देशों के मुकाबले हमारा एविएशन सेक्टर अभी भी उतना विश्वस्तरीय नहीं है, जितना होना चाहिए। हिंदुस्तान में महज दिल्ली, मुंबई जैसे दो-तीन ही इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के एयरपोर्ट हैं, जबकि देश में एविएशन सेक्टर में भारी संभावनाएं हैं। यह क्षेत्र सालाना 14 फीसदी की दर से ग्रोथ कर रहा है। दुनिया के टॉप-5 देशों में शुमार भारतीय एविएशन सेक्टर का अभी तक उचित दोहन नहीं किया गया है। टियर दो और टियर तीन श्रेणी के शहरों को तो हवाई रूट से जोड़ा ही नहीं गया है, जबकि आर्थिक तरक्की के साथ इन शहरों में हवाई यात्री भी बढ़े हैं। हालांकि एविएशन क्षेत्र पिछले कुछ सालों से आधुनिक तकनीकों से लैस जरूर हुआ है। तरक्की के नए अध्याय भी जुड़ रहे हैं। लेकिन अल्जीरिया जैसी घटनाएं यात्रियों की आशंकाओं में बढ़ोतरी कर देती हैं। क्योंकि हाल ही में विमान संबंधी कई भयावह घटनाएं घटी हैं। यात्रियों में हवाई सफर को लेकर डर है। उक्त ताजा घटनाओं ने डर में और बढ़ोतरी कर दी है। तकनीकी नाकामी से विमान दुर्घटनाएं होती रही हैं।

अब विमानन कंपनियों द्वारा सुरक्षा संबंधी लापरवाही और अशांत क्षेत्रों के ऊपर से उड़ान भरने को लेकर नए सवाल खड़े होने लगे हैं। आखिर कैसे हो सुगम हवाई यात्रा? अगर पायलटों की गलती सामने आती है, तो प्रशासन को ऐसे सभी पायलटों को अयोग्य घोषित कर देना चाहिए, जो यात्रा के दौरान लापरवाही दिखाते हैं, क्योंकि मामूली चूक भी कई लोगों की जान ले सकती है। अल्जीरिया की घटना के बाद भारतीय विमानन नेटवर्क को भी सर्तक हो जाना चाहिए। घटना के संभावित पहलुओं को चिन्हित कर उन्हें दुरूस्त किया जाना चाहिए।

हिन्‍दुस्‍थान समाचार/रमेश ठाकुर

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.