न्यायपालिका को डराने की कोशिश में कांग्रेस

स्पष्ट है कि कांग्रेस अपनी इस कोशिश से न्यायपालिका की छवि को धूमिल करने का प्रयत्न कर रही है। लेकिन न्यायपालिका को लेकर यदि कांग्रेस का इतिहास अगर देखा जाए तो ये पार्टी इंदिरा गांधी के जमाने से ही न्यायपालिका को अपने अधीन रखने का कोशिश करती रही है

230

काफी समय तक अगर-मगर करने के बाद आखिर कांग्रेस ने चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए उपराष्ट्रपति तथा राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू को नोटिस दे ही दिया। दरअसल, कांग्रेस लंबे समय से चीफ जस्टिस के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी कर रही थी। लेकिन इस प्रस्ताव के पक्ष में न तो विपक्षी पार्टियां में एक हो रही थी और ना ही कांग्रेस में इस विषय को लेकर एक राय बन पा रही थी।

अभी भी स्थिति पहले जैसी ही है। कहने को तो इस प्रस्ताव के नोटिस पर कांग्रेसी सांसदों के अलावा एनसीपी, एसपी, बीएसपी, सीपीआई और मुस्लिम लीग के सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। लेकिन इस विषय विचार करने के लिए कांग्रेस ने विपक्षी दलों की जो मीटिंग बुलाई थी, उससे तृणमूल कांग्रेस और डीएमके ने किनारा कर लिया था समाजवादी पार्टी के सांसद ने इस नोटिस पर हस्ताक्षर जरूर किए हैं, लेकिन मीटिंग में उसका कोई भी प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ। वैसे आरजेडी ने भी इस मीटिंग में भाग नहीं लिया, लेकिन माना जा रहा है कि वह कांग्रेस के इस महाभियोग प्रस्ताव का पूरा समर्थन करेगी।

कांग्रेस का कहना है कि प्रस्ताव के नोटिस के लिए राज्यसभा के 50 सांसदों की हस्ताक्षर जरूरी होते हैं, जबकि इस पर 71 सांसदों ने हस्ताक्षर किया है। इनमें सात सांसद शीघ्र ही सदन से रिटायर होने वाले हैं। अगर उनकी संख्या न भी गीनी जाये, तब भी नोटिस पर 64 सांसदों के हस्ताक्षर होंगे जो महाभियोग प्रस्ताव लाने की न्यूनतम संख्या से अधिक है।

कांग्रेस महाभियोग प्रस्ताव के लिए कोशिश तो जरूर कर रही है, लेकिन इस मुद्दे पर पार्टी में ही एक राय नहीं बन सकी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने अपनी ही पार्टी के इस फैसले का विरोध किया है। उनका कहना है कि मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग एक गंभीर मामला है। उनका यह भी कहा कि न्यायपालिका के हर फैसले से हर व्यक्ति का सहमत होना जरूरी नहीं है। खुद न्यायपालिका के सभी जज हर फैसले से सहमत नहीं होते। बहुसदस्यीय बेंच में कई बार बहुमत के आधार पर फैसला होता है, क्योंकि कुछ जजों की राय अन्य जजों की राय से अलग होती है। इसलिए यह कहना कि मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा का हर फैसला गलत है ठीक नहीं होगा। उनके फैसले को देखने की दृष्टि और नजरिया अलग अलग हो सकता है। खुर्शीद ने तो यहां तक कहा की देश के सामने कई बड़ी समस्याएं हैं, ऐसी स्थिति में संवैधानिक संस्थाओं के बीच मतभेद की स्थिति ठीक नहीं है।

कांग्रेस के अलावा प्रमुख वामपंथी पार्टी सीपीएम में भी इसको लेकर मतभेद की स्थिति बनी हुई है। पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी जहां इस प्रस्ताव का समर्थन करने की बात कह रहे हैं, वहीं पूर्व महासचिव प्रकाश करात का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उड़ीसा की सत्ताधारी पार्टी बीजेडी पहले ही इस प्रस्ताव का विरोध कर चुकी है। बीजेडी का मानना है कि विपक्षी पार्टियों को ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिए, जो संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाता हो।

महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस दिए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। बीजेपी ने इस मामले में कांग्रेस पर संविधान का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। वित्त मंत्री अरुण जेटली का कहना है कि विपक्ष अब न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है और विपक्षी पार्टियां महाभियोग को हथियार बनाकर जजों को डराने की कोशिश कर रही हैं। जेटली का मानना है कि यह प्रकरण पूरी न्यायपालिका की आजादी पर खतरा है। इसलिए इसे हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है।

दरअसल जस्टिस दीपक मिश्रा के मुख्य न्यायाधीश बनने के बाद से ही विपक्षी दल को लगने लगा है कि अब न्यायपालिका से उनको मनमाफिक फैसला नहीं मिल सकता। इसी कारण पिछले कुछ समय से मुख्य न्यायाधीश पर प्रत्यक्ष और परोक्ष कई बार आरोप लगाए जा चुके हैं। कुछ समय पहले ही मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के चार जजों ने मीडिया से बातचीत कर अपना असंतोष जाहिर किया था। इनमें से एक जज की सीपीआई नेता ए राजा से मुलाकात की चर्चा भी काफी गर्म रही थी। इसके अलावा कांग्रेस कई बार प्रत्यक्ष और परोक्ष तरीके से मुख्य न्यायाधीश पर आरोप लगाती रही है।

कांग्रेस इस पूरे मामले में परोक्ष तरीके से केंद्र सरकार से भी जोड़ने की कोशिश कर रही है, ताकि जनता में यह संदेश जाए केंद्र की एनडीए सरकार न्यायपालिका का अपनी मर्जी के मुताबिक उपयोग कर रही है। स्पष्ट है कि कांग्रेस अपनी इस कोशिश से न्यायपालिका की छवि को धूमिल करने का प्रयत्न कर रही है। लेकिन न्यायपालिका को लेकर यदि कांग्रेस का इतिहास अगर देखा जाए तो ये पार्टी इंदिरा गांधी के जमाने से ही न्यायपालिका को अपने अधीन रखने का कोशिश करती रही है। इसके कई वाकये उदाहरण के तौर पर गिनाए जा सकते हैं, जब कांग्रेस की सरकार ने वरिष्ठ जजों की उपेक्षा कर जूनियर जज को ऊपर के पद पर लाकर बिठा दिया।

बहरहाल, इतना तो तय है कि संख्या बल के आधार पर कांग्रेस की ओर से चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा के खिलाफ लाया जाने वाला महाभियोग प्रस्ताव पारित नहीं हो सकेगा। नियमों के मुताबिक चीफ जस्टिस के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए लोकसभा के 100 या राज्यसभा के 50 सदस्यों के हस्ताक्षर जरूरी होते हैं। महाभियोग का नोटिस राज्यसभा के सभापति या लोकसभा के स्पीकर को दिया जाता है, जहां वे इसे मंजूर या नामंजूर कर सकते हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर सबसे पहले मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया जाता है। इस समिति में सुप्रीम कोर्ट के एक जज, हाईकोर्ट के एक जज और एक कानूनी मामले के जानकार को शामिल किया जाता है। समिति की जांच में अगर महाभियोग प्रस्ताव के तहत लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो उसे संसद में पेश किया जाता है। संसद के दोनों सदनों में अगर इसे दो तिहाई बहुमत मिलता है तो महाभियोग पारित हो जाता है। अंत में राष्ट्रपति अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हुए चीफ जस्टिस को हटाने का आदेश दे सकते हैं।

अभी अगर राज्यसभा या लोकसभा दोनों में संख्याबल को देखा जाए तो कांग्रेस न तो अकेले और ना ही अन्य विपक्षी दलों की मदद लेकर भी इस प्रस्ताव को पारित कराने की स्थिति में है। ऐसे में महाभियोग प्रस्ताव मंजूर होकर सदनों में पेश भी हो जाता है, तो उसका पारित हो पाना असंभव है। अपनी निश्चित हार के बावजूद महाभियोग का नोटिस देकर कांग्रेस ने न्यायपालिका को यह संदेश जरूर दे दिया है कि अगर उसका कोई भी फैसला कांग्रेस के हितों के खिलाफ गया तो वह महाभियोग जैसे बड़े कदम भी उठा सकती है। निश्चित रूप से यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। सिर्फ अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए कांग्रेस ऐसा कदम उठाकर एक अराजक स्थिति का निर्माण करने की कोशिश कर रही है। लोकतांत्रिक मूल्यों के लिहाज से इसे कभी भी सही नहीं माना जा सकता।

हिन्‍दुस्‍थान समाचार/दिव्य उत्कर्ष

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.