कहां गायब हो गये 2000 के नोट

नवंबर 2016 की नोटबंदी के बाद से अभी तक बैंक लगभग 18 लाख करोड़ रुपये की कीमत के नोट जारी कर चुका है। इसमें सबसे अधिक सात लाख करोड़ की हिस्सेदारी 2000 रुपये के नोटों की ही है। जबकि पांच लाख करोड़ की हिस्सेदारी 500 रुपये के नोटों की है

368

कई राज्यों में नकदी के संकट की खबर के बीच एक बड़ी खबर 2000 रुपये के नोटों के बाजार से गायब होने की भी आ रही है। इस गुलाबी करंसी को जारी हुए अभी डेढ़ साल भी नहीं हुए हैं, लेकिन इन नोटों का बड़ा हिस्सा बाजार से गायब हो गया है। सरकारी आंकड़ों को मानें तो भारतीय रिजर्व बैंक अभी तक 2000 के लगभग सात लाख करोड रुपए कीमत के नोट जारी कर चुका है, लेकिन आरबीआई के ही एक सर्वे में पता चला है कि इन नोटों में से करीब 86 फीसदी नोट सरकुलेशन से बाहर हो गए हैं। साफ है कि छह लाख करोड़ रुपये से अधिक कीमत के नोट बैंकों द्वारा जारी किये जाने के बावजूद मार्केट सरकुलेशन में नहीं हैं।

कोई भी नोट मार्केट सरकुलेशन से तब बाहर होता है, जब या तो बैंक उसके गंदा होने, फट जाने या उसपर अमिट निशान लग जाने की वजह से बाजार से वापस होने के बाद पुनः जारी करने से रोक देता है। इसके अलावा जब नोटों की कालाधन के कारोबारियों द्वारा होर्डिंग कर ली जाती है, तब भी वैसे नोट सरकुलेशन से बाहर हो जाते हैं। माना जा रहा है कि 2000 रुपये के नोट भी होर्डिंग किये जाने की वजह से बैंक द्वारा जारी किये जाने के बावजूद चलन में नहीं हैं। सर्वे में कहा गया है कि 2000 रुपये के लगभग छह फीसदी नोट आकृति बिगड़ने, गंदा होने या फटने की वजह से बैंकों द्वारा रोक दिए गए हैं, जबकि 80 फ़ीसदी नोट बैंकिंग सिस्टम से बाहर लोगों की तिजोरियों में बंद हो गए हैं। बाजार से बैंकों में वापस आने वाले नोटों में 2000 रुपये के नोटों की संख्या गिरते जा रही है।

भारतीय स्टेट बैंक ने आरबीआई को जो जानकारी उपलब्ध करायी है, उसके मुताबिक जुलाई 2017 के पहले तक बैंकों में बाजार से होने वाली कुल कैश की आवक में 2000 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी लगभग 35 फीसदी हुआ करती थी। लेकिन उसके बाद इसकी आवक में लगातार कमी आती चली गयी। नवंबर 2017 तक 2000 कुल आवक में रुपये के नोटों की हिस्सेदारी घटकर 25 फीसदी हो गयी थी, जबकि फरवरी 2018 तक बैंकों में जमा होने वाली कुल रकम में 2000 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी घटकर 13 फ़ीसदी ही रह गयी।

2000 रुपये के नोटों की आवक कम होने की एक बड़ी वजह आरबीआई द्वारा जुलाई 2017 के बाद इस करंसी की आपूर्ति पर रोक लगाना भी है। जुलाई के बाद से अभी तक बैंकों ने गंदा होने, फटने या अन्य कारणों से लगभग 42 हजार करोड़ रुपये की कीमत के 2000 रुपये के नोटों को दोबारा जारी करने से रोक दिया है। इसके साथ ही बैंक से बड़ी रकम की निकासी कै लिए लोग 2000 रुपये के नोटों की ज्यादा मांग करते हैं। बाद में इन नोटों का एक बड़ा हिस्सा कालाधन के कारोबारियों के पास चला जाता है। ऐसे में उन नोटों की बैंक में वापसी की संभावना काफी कम हो जाती है।

आरबीआई की सर्वे रिपोर्ट से भी स्पष्ट है कि लगभग छह लाख करोड़ रुपये की कीमत के 2000 रुपये के नोट बैंक से निकलने के बाद चलन में नहीं है। इसका सीधा अर्थ है कि ये नोट लोगों की तिजोरियों में बंद हो रहे हैं। माना जा रहा है कि इन नोटों का सबसे अधिक उपयोग अभी काला धन का कारोबार करने वाले कारोबारी कर रहे हैं। नवंबर 2016 में हुई नोटबंदी के पहले आरबीआई के एक अनुमान में बताया गया था देश के अंदर 2000 और 500 के नोटों को मिलाकर लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये की कीमत वाले नोट कुछ लोगों की तिजोरियों में बंद हैं।

अभी जिस तरह से 2000 के नोटों के चलन से बाहर होने का आरबीआई ने अनुमान लगाया है उसके मुताबिक देश में जमाखोरों के पास जितनी कीमत के नोट नोटबंदी के पहले तिजोरी में बंद थे, लगभग उतनी ही कीमत के नोट उनके पास फिर से तिजोरियों में पहुंचकर मार्केट सरकुलेशन से बाहर हो चुके हैं। इसका एक बड़ा परिणाम नकदी के संकट के रूप में नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि फिलहाल काले धन के कारोबारियों ने लगभग 7.5 लाख करोड रुपए की कीमत के नोटों को तिजोरियों में दबा रखा है। इसमें 2000 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी लगभग छह लाख करोड़ से कुछ अधिक है, जबकि शेष डेढ़ लाख करोड़ रुपये में 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी है।

आरबीआई द्वारा उपलब्ध करायी गयी जानकारी के मुताबिक अभी तक 5 लाख करोड़ की कीमत के 500 रुपये के नोट जारी किए जा चुके हैं। इसी प्रकार इस वर्ष के अंत तक एक लाख करोड कीमत के 200 रुपये के नोट जारी करने का लक्ष्य तय किया गया है। नवंबर 2016 की नोटबंदी के बाद से अभी तक बैंक लगभग 18 लाख करोड़ रुपये की कीमत के नोट जारी कर चुका है। इसमें सबसे अधिक सात लाख करोड़ की हिस्सेदारी 2000 रुपये के नोटों की ही है। जबकि पांच लाख करोड़ की हिस्सेदारी 500 रुपये के नोटों की है।

समझा जा सकता है कि 18 लाख करोड़ रुपए में से 2000 रुपये के 86 फीसदी नोट सरकुलेशन से बाहर हो गए हैं, निश्चित रुप से देश में नकदी के संकट की स्थिति बन सकती है। 17 अप्रैल को मध्यप्रदेश के शाजापुर में किसानों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए वहां के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी 2000 के नोटों की विलुप्तता पर चिंता जताते हुए इसे एक बड़ी साजिश की संज्ञा दी थी। शिवराज का कहना था कि सोची-समझी रणनीति के तहत 2000 रुपये के नोट को मार्केट से गायब किया जा रहा है ताकि भारतीय बाजार में नकदी का संकट उत्पन्न करके राजनीतिक लाभ उठाया जा सके।

मार्केट एक्सपर्ट्स का तो ये भी कहना है कि अगले महीने कर्नाटक में होने वाले चुनाव तथा इसी साल के अंत तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों की दृष्टि से भी बड़े नोटों की होर्डिंग की जा रही है। इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी 2000 रुपये के नोटों की है। यह एक बड़ी वजह है कि देश में इन नोटों की कमी हो गयी है। माना जा रहा है कि 2000 के नोट के रूप में काला धन रखने वालों इन नोटों के रूप में एक बड़ी सुविधा मिल गई है। लोग कम जगह में अधिक रुपए छुपा सकते हैं। ध्यान देने की बात यह भी है की जब 2000 के नए नोट जारी हुए थे तब सोशल मीडिया पर इन नोटों में चिप लगे होने की अफवाह काफी प्रसारित हुई थी। उसी दौरान कई छापेमारी में बड़ी मात्रा में नये नोट पकड़े गये थे, जिससे इन अफवाहों को बल मिला था। हालांकि ये बात पूरी तरह से गलत थी और सरकार ने शुरू में ही इसका खंडन भी कर दिया था, लेकिन लोगों के मन में लंबे समय तक इसका डर बना रहा। लेकिन छह सात महीने की अवधि के बाद लोगं के मन से ये डर निकल गया और उसके साथ ही 2000 के नोटों की बैंकों में वापसी घटनी शुरू हो गयी।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि इस हालात से निपटने का एक तरीका तो 2000 के नोटों को फिर से रद्द करने का हो सकता है, लेकिन आम चुनाव के कुछ समय पहले सरकार के लिए ऐसा जोखिम उठाना आसान नहीं है। ऐसे में सरकार को अपने सूचना तंत्र को और मजबूत करके कालेधन के कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होगी। बहरहाल, सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए क्या कदम उठाती है, इस पर सबकी नज़र टिकी रहेगी। क्योंकि बाजार में अगर नगदी का संकट लंबा खिंचा, तो विपक्ष निश्चित रूप से आने वाले चुनावों में इसे एक बड़ा मुद्दा बनाएगा और ये नरेंद्र मोदी की एनडीए सरकार के लिए बड़ा सिरदर्द भी साबित हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/योगिता पाठक

 

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.