बलात्कार पर राजनीति अनुचित

बलात्कार पर नियंत्रण कैसे लगे, विचार तो इस पर होना चाहिए, जब बेटी बाप पर आरोप लगाए कि उसने अपने दो दोस्तों के साथ उसकी अस्मत लूटी, जब बहन भाई पर दुष्कर्म के आरोप लगाए, जब रिश्ते-नातों की कोई अहमियत ही न बचे तो इसी तरह के हालात बनते हैं

309

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि बलात्कार पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। राजनीतिक दलों को प्रधानमंत्री का मंतव्य समझना चाहिए और इस समस्या के समाधान पर विचार करना चाहिए। यह अकेले दंड से हल होने वाली समस्या नहीं है। यह विचारों में सकारात्मक बदलाव लाने का मामला है। सबके सहयोग का विषय है। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को कठुआ कांड पर घिन आती है। कई फिल्मी तारिकाओं ने भी कमोबेश इसी से मिलती-जुलती बात कही है। लेकिन कभी किसी ने इस बात पर विचार नहीं किया कि इस तरह की घटनाएं होती क्यों हैं? अमिताभ बच्चन का एक फिल्म में डाॅयलाग था कि जब इतने छोटे कपड़े पहनेंगी तो लड़कों की सीटियां नहीं तो क्या मंदिर की घंटियां बजेंगी। लेकिन क्या सदी के महानायक अपनी बहू-बेटी को, उनकी संतानों को ढंग के कपड़े पहना पाए? क्या वे यह कहने की स्थिति में हैं कि उन्होंने जितने रोल किए, उससे सामाजिक यौन विकृति को हवा नहीं मिली? जो तारिकाएं ट्विटर या सोशल मीडिया पर लगभग वस्त्रहीन तस्वीरें अपलोड कर रही हैं, वे समाज को किस दिशा में ले जा रही हैं।

कठुआ में जो कुछ भी हुआ, उससे पूरा देश दुखी है। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति सभी ने इसकी आलोचना की है। घाव पर मरहम लगाना चाहिए न कि उसे कुरेदना। प्रधानमंत्री ने बहुत पते की बात कही है कि मैं क्या कहूंगा कि मेरे कार्यकाल में कम बलात्कार हुए हैं और आपके कार्यकाल में ज्यादा हुए थे। सवाल कम या अधिक का नहीं है। सवाल यह है कि बलात्कार जैसी घटनाएं हो क्यों रही हैं। इस पर न तो समाजशास्त्री बोल रहे हैं और न ही मनोवैज्ञानिक। यह विषय न तो राजनीति का है और न ही धर्म का। यह विषय है नैतिकता का। व्यक्ति के चिंतन में आई गिरावट का। जिस देश में नौ साल की कन्या को मां गौरी माना जाता है, उस देश में छोटे बच्चों का हवस के भेड़ियों का शिकार हो जाना चिंता का विषय है। यह सामाजिक गिरावट का प्रश्न है और इसके लिए सभी दोषी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले के प्राचीर से यह बात कही थी कि हर मां देर से आई बेटी से एक ही सवाल पूछती है कि इतनी देर क्यों लगा दी, क्या कर रही थी लेकिन कभी किसी मां ने इस तरह के सवाल अपने बेटे से पूछे क्या? अगर अब बेटों पर भी अंकुश लगाते तो देश में हालात इतने खराब नहीं होते। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नरेंद्र मोदी को बोलते रहने की सलाह दी है। अब उन्हें कौन समझाए कि पीड़ा मौन में ही अच्छी लगती है। बलात्कार ऐसा विषय नहीं है कि जिसका प्रचार किया जाए। जो हो गया है, वह हो गया लेकिन दोबारा इस तरह की घटना न हो, इस पर विमर्श होना चाहिए। हर कोई सख्त कानून बनाने की बात कर रहा है लेकिन केवल कानून से ही इस तरह की घटनाएं नियंत्रित हो रही होतीं तो आज देश में अपराध का ग्राॅफ शून्य पर होता।
अपराध हो रहे हैं, यह समाज की मानसिकता में आई गिरावट का प्रतीक है। हमारी जीवनशैली में आई विकृति का प्रतीक है। बलात्कार समाज का कलंक है। महिलाओं के मन पर लगी ऐसी चोट है, जिसे दुनिया का कोई भी चिकित्सक ठीक नहीं कर सकता। अगर कोई यह समझता है कि सरकार बलात्कार को रोक सकती है तो शायद वह गलत है। और जिस देश में बलात्कारी के भी मानवाधिकार रक्षा की बात की जाती हो, उस देश में बलात्कार पर रोक लगाना तो और भी कठिन हो जाता है। इसके लिए तो अलाउद्दीन खिलजी की तरह तानाशाह होना होगा। कुदृष्टि रखने पर आंखें फोड़ने, गलत करने पर हाथ काट लेने और घटतौली करने पर शरीर का उतना ही मांस निकाल लेने का साहस किसी लोकतांत्रिक सरकार में तो नहीं है। होना भी नहीं चाहिए। सबके मानवाधिकारों की रक्षा होनी चाहिए लेकिन किस तरह, इसका रोडमैप तो बनना ही चाहिए।

बलात्कार पर नियंत्रण कैसे लगे, विचार तो इस पर होना चाहिए। जब बेटी बाप पर आरोप लगाए कि उसने अपने दो दोस्तों के साथ उसकी अस्मत लूटी, जब बहन भाई पर दुष्कर्म के आरोप लगाए, जब रिश्ते-नातों की कोई अहमियत ही न बचे तो इसी तरह के हालात बनते हैं। बलात्कार जितने बाहर होते हैं, उससे अधिक घर में होते हैं। इसका मतलब लड़की न घर में सुरक्षित है और न ही घर से बाहर। स्कूल में, स्कूल बस में वह कहां सुरक्षित है, समझ में ही नहीं आता। वैसे मीडिया में इन चीजों को जितना बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, उतनी खराब स्थिति भी नहीं है। बच्चियों की, युवतियों की, महिलाओं की सुरक्षा होनी चाहिए। इस देश में तो नारी की सुरक्षा के लिए गीध तक अपने प्राण दे देते हैं। नारी के अपमान का बदला लेने के लिए राम-रावण युद्ध होता है, महाभारत होता है। इस देश के हर अभिभावक को सोचना होगा कि वह अपने बच्चे को कौन सी शिक्षा दे रहा है। शिक्षा के पाठ्यक्रमों में पहले नैतिक शिक्षा का समावेश होता था। जिन लोगों ने नैतिक शिक्षा की जगह यौन शिक्षा को तरजीह दी थी, आज वही इस तरह की घटनाओं पर हाय-तौबा मचा रहे हैं। बच्चे जब अपनी संस्कृति से अपरिचित होंगे और पाश्चात्य संस्कृति के नायकों की जीवनी पढ़ेंगे तो क्या होगा?

समाजशास्त्रियों को इस दिशा में आगे आना होगा। मनोवैज्ञानिकों को इस विकृति का कारण तलाशना होगा। जिस धन की लालसा में हम पागल हुए जा रहे हैं, बच्चे ही दिशाहीन हो गए तो उस धन का क्या होगा? हमें अपने घरों में नियमित सत्संग की व्यवस्था करनी होगी। हमें घिन आती है, करह देने भर से काम नहीं चलेगा, घिन की वजह दूर करनी पड़ेगी। फिल्मी दुनिया के लोगों को अपने किरदार और वैयक्तिक जीवन के बीच सामंजस्य बिठाना होगा। नई पीढ़ी उनसे बहुत कुछ सीखती है। इसलिए भी उन्हें बहुत सचेत रहना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/सियाराम पांडेय ‘शांत’

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.