विगत दो अप्रैल के भारत बंद के बाद 10 अप्रैल को देश ने एक और भारत बंद देखा। पहले के बंद की तरह दूसरे भारत बंद के दौरान भी अनेक शहरों में हिंसा, आगजनी और लूटपाट होती रही। दलित संगठनों की आड़ में सरकार विरोधी पार्टियों के भारत बंद के खिलाफ सवर्णों की तरफ से 10 अप्रैल को भारत बंद का अह्वान किया गया था। मजे की बात यह रही कि यह भारत बंद आरक्षण रद्द करने की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर किया गया। एक के बाद एक भारत बंद की जरूरत ही किस लिए हुई। दोनों बंद के दौरान बिहार ही खासतौर पर जलता रहा। आरा में बंद समर्थकों और विरोधियों के बीच हिंसक झड़पें हुई। गया जिले में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया।
अफवाहों के माध्यम से उपद्रव ज्यादा न फैले, इसको ध्यान में रखकर देश के अनेक शहरों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। दोनों बंद के समय रेलवे की संपत्ति को क्षति पहुंचाई गई। सवाल यह है कि बंद का आह्वान करने वालों को क्या मिला? यह पता लगाने की जरूरत है कि किसके हित की पूर्ति के लिए बंद पर बंद करवाये जा रहे हैं? हां, बंद का लाभ देश विरोधी और असामाजिक तत्वों को अवश्य ही हो रहा है। वे इस दौरान जमकर हिंसा में लिप्त होने लगते हैं। यह तो देश लंबे समय से देख रहा है। एक बार फिर से देश ने 2 अप्रैल और 10 अप्रैल को देखा कि असामाजिक तत्व किस प्रकार बंद के दौरान सामान्य नागरिकों का जीना हराम कर देते हैं। इस दौरान सारे कामकाज ठप्प होने लगते हैं। बच्चों के स्कूल बंद कर देना तो आम बात है, एम्बुलेंस तक को नहीं बख्शा जाता।
लेकिन, कांग्रेसी मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को इसमें कन्नड़ वोटों का इजाफा ही दिख रहा था। अत: कोई कारवाई नहीं हुई।
भारत बंद का सबसे गहरा असर रेलवे को होता है। रेलवे की संपत्ति को क्षति पहुंचाकर आंदोलनकारी अपने को बहुत बड़ा क्रांतिकारी समझने लगते हैं। ये अपने घरों को क्यों नहीं आग लगाते? क्या रेलवे अपने देश की नहीं है? इस माह हुए दोनों बंद के दौरान बिहार-उड़ीसा, उत्तर प्रदेश में दर्जनों रेलें रोकी गई। पहले बंद के दौरान बिहार के अररिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, जहानाबादऔर आरा में भीम सेना ने रेल रोकीं। उड़ीसा के संभलपुर में भी प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन रोकीं। दुर्भाग्यवश ये दोनों बंद तब रखे गए जब देश भर में 10वीं और 12 वीं की परीक्षाएं चल रही थीं । बंद के चलते परीक्षा देने वाले लाखों बच्चों को भारी कष्ट हुआ। जगह-जगह जाम और हिंसा के कारण उन्हें परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचने में कठिनाइयां आईं। क्या बंद का आह्वान करने वाले किसी नेता का कोई बच्चा वक्त पर परीक्षा केन्द्र तक न पहुंच पाने के कारण अपना पेपर दे पाने से रह गया ? नहीं रहा होगा। इसलिए तो इन्हें बाकी लाखों बच्चों की परेशानी का कभी अहसास नहीं होगा।
लोकतंत्र में हरेक को विरोध और प्रतिरोध करने का अधिकार है। लेकिन, लोकतंत्र ये इजाजत नहीं देता कि बंद की आड़ में हिंसा भड़काई जाए और सरकारी संपत्ति को स्वाहा कर दिया जाए। ऐसे उपद्रवियों के लिए सख्त से सख्त सजा का प्रावधान होना चाहिए। आखिरकार, यह भी तो नागरिक स्वतंत्रता का अपहरण और सरकारी सम्पतियों से बलात्कार ही है?

