चार महीने पहले सत्ता में आई भाजपा की नई-नवेली सरकार बढ़ते कर्ज को लेकर चिंता में है। सीमित संसाधनों वाले हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे पहाड़ी राज्य की अर्थव्यवस्था पर कर्ज का बोझ अब भारी पड़ने लगा है। कर्ज की मार यहां की विकास योजना पर भारी पड़ने लगी है। नौबत अब यहां तक आ पहुंची है कि अब सरकार को कर्ज का ब्याज चुकता करने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है।
कैग की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल के हरेक व्यक्ति पर लगभग 66 हजार 500 रुपये का कर्ज है। कुल कर्जे की बात करें, तो यह 48,000 करोड़ तक पहुंच चुका है और हर साल लगभग 3 हजार करोड़ से लेकर 4 हजार करोड़ की दर से बढ़ता जा रहा है। बताते चलें कि प्रदेश देश के उन राज्यों में से एक है, जहां औद्योगिकीकरण की दर सबसे कम हैं। ऐसे में लाजिमी है कि पहाड़ी राज्य की आय के स्त्रोत भी कम होंगे। हिमाचल में आने वाले सभी वस्तुओं का उत्पादन राज्य के बाहर ही होता है। हिमाचल का जीडीपी लगभग एक लाख तीस करोड़ का है। हरेक विधानसभा चुनावों में प्रदेश को कर्ज से उबारने का वायदा राजनीतिक दल तो करते हैं, लेकिन सत्ता में आते ही इसके सुर और ताल फिर से बदल जाते हैं। हकीकत तो यह है कि कर्ज के दलदल में हिमाचल फंसता ही जा रहा है।
विधानसभा में पेश की गई साल 2016-17 की भारत के वित्त नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट में हैरान करने वाला वाला तथ्य सामने आया है। कैग की रिपोर्ट के अनुसार पांच साल के दौरान प्रति व्यक्ति ऋण में पचास फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश के हर हिमाचली पर 65 हजार 444 रुपये का कर्ज है। इस रिपोर्ट के अनुसार पांच साल के दौरान यह प्रति व्यक्ति 21,728 रुपये बढ़ गया है। साल 2012-13 में हर हिमाचली पर जहां 43,726 रुपये का उधार था, वहीं साल 2015-16 में यह 57 हजार 642 रुपये था। इस कर्ज में पिछले साल की तुलना में पंद्रह प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो गई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पब्लिक लोन का नौ प्रतिशत यानी करीब 3 हजार करोड़ का भुगतान एक साल में होना था, जबकि 31 प्रतिशत का भुगतान एक से पांच साल में होना था, लेकिन शेष साठ फीसदी यानी 19 हजार 466 करोड़ के लोन को पांच साल से ज्यादा अवधि में चुकाना है। इन आंकड़ों से साफ है कि सात साल के अंदर सरकार को 55 प्रतिशत लोन का भुगतान करना है। ऐसे में प्रदेश सरकार के वर्तमान और अगले बजट पर भी इन लोन का असर रहेगा।
गौरतलब है कि हिमाचल सरकार हर बार कैग की चेतावनी को नजरअंदाज कर रही है। सरकार हर बार कर्मचारियों और पेंशनरों के बढ़े वेतन-भत्तों एवं एरियर के भुगतान के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये कर्ज लेती आ रही है। अगर सरकारी खर्चे नहीं घटाये गये और कर्ज लेने की यही रफ्तार रही तो आने वाले एक-दो वर्षों में हर हिमाचली पर करीब एक लाख रुपये का कर्ज होगा। अगर पिछले आंकड़ों पर गौर करें, तो स्थिति साफ हो जायेगी। वर्ष 2008-09 में हिमाचल सरकार पर 15,427 करोड़ का कर्ज था, जो 2012-13 में बढ़कर 20,765 करोड़ और 2015-16 में 41,197 करोड़ रुपये था। जिस गति से सरकार की कर्ज लेने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, यह कर्जा बढ़कर करीब 43,500 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुका है। सरकार अपना खर्चा कम करने को तैयार नहीं है।
गौरतलब है कि राज्य सरकारों को उनकी कुल राजस्व प्राप्तियों के आधार पर ही कर्ज लेने का प्रावधान किया गया है, लेकिन सरकार की वित्तीय हालत खराब होने के चलते उसे बार-बार कर्ज लेना पड़ रहा है। विधानसभा में रखी गई कैग की रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है और हर साल लेने वाले कर्ज का 76 प्रतिशत हिस्सा पिछले कर्ज के ब्याज चुकाने में ही खर्च हो रहा है जबकि 2011-12 यह केवल 36 प्रतिशत था। सरकार की हालत अब यह हो गई है कि वह पिछला कर्ज एवं ब्याज चुकाने के लिए बाजार से अधिक ब्याज पर और कर्ज ले रही है और इस प्रकार कर्ज के मकड़जाल में उलझती जा रही है। सरकार को औसतन 8.42 प्रतिशत से 8.92 प्रतिशत की दर से ब्याज चुकाना पड़ रहा है। इससे सरकार का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।
सरकार अपने खर्चे कम करने की बजाय प्रदेश को कर्ज के जाल में धकेल रही है। इसका मुख्य कारण सरकार के आय-व्यय में अंतर होना है।
जानकारों की मानें तो अगर यही हालत रही तो 2018-19 में राज्य बीमारू राज्यों की श्रेणी में गिना जाने लगेगा। हालांकि वर्ष 2005 में प्रदेश सरकार ने प्रदेश को कर्जमुक्त बनाने और राजस्व घाटा शून्य रखने के लिए नियम बनाया था लेकिन इसके बावजूद सरकार कर्ज के बोझ तले दबती जा रही है। अंतत: यह कर्ज वसूली करों के रूप में हिमाचल की जनता से ही की जायेगी। राज्य सरकार को खर्चों में कटौती करने के साथ ही राजस्व बढ़ाने के तरीकों पर विचार करना होगा, तभी प्रदेश कर्ज के मकड़जाल से निकल पायेगा।
बकौल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हिमाचल में विकास की गाड़ी कर्जे के बगैर चलाना संभव नहीं है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस बारे में विधानसभा को अवगत करा चुकें हैं कि बिना कर्ज के सरकार चलाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि विकासात्मक कार्यों के लिए कर्ज लेना पड़ेगा। पूर्व कांग्रेस सरकार ने 18 हजार करोड़ का कर्ज लिया है। बड़ी बात यह है कि वर्ष 2013 और 2014 में लोन की लिमिट तक ब्रेक कर दी। मुख्यमंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि वे कर्ज लेंगे, लेकिन तय ऋण सीमा के भीतर।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से राज्य की आर्थिकी को ठीक करने के बेल आउट पैकेज की मांग भी रखी थी, लेकिन प्रधानमंत्री ने इसे नकार दिया। केंद्र सरकार अगर हिमाचल को इस तरह का बेल आउट पैकेज देती है, तो देश के बाकी राज्य भी इस तरह की मांग रख सकते हैं। भाजपा सरकार प्रदेश को कर्जे से मुक्ति दिलाने के वायदे कर सत्ता में आई खुद भी अभी तक 1,000 करोड़ का लोन ले चुकी है। राज्य के लिए यह विडंबना है।
हिन्दुस्थान समाचार/ मुनीश बन्याल

