झूठ की राजनीति के सहारे कांग्रेस

कांग्रेस पिछले कुछ समय से लगातार आरोप लगाती रही है कि केंद्र की मोदी सरकार के दबाव में 2014 से लेकर सितंबर 2017 के बीच सरकारी बैंकों ने बड़े उद्योगपतियों को दिए गए 2.41 लाख करोड़ के कर्ज को माफ कर दिया है

315
कहते हैं कि एक झूठ अगर कई बार बोला जाए, तो धीरे-धीरे वह सच लगने लगता है। 2014 में करारी हार का सामना करने के बाद कांग्रेस सत्ता में अपनी वापसी के लिए लगता है कि इसी तरीके का सहारा लेने लगी है। पार्टी सोची समझी योजना के तहत पार्टी का कोई बड़ा नेता कोई झूठ बोलता है और फिर पूरी पार्टी उसी झूठ को बार बार हर मंच पर दोहराना शुरु कर देती है। बाद में कोई कितनी भी सफाई दे, लेकिन बार-बार एक ही बात के दोहराव से लोगों को भी लगने लगता है कि इस आरोप में कुछ तो उसमें सच्चाई होगी ही।

2014 के बाद के कांग्रेस के इतिहास को देखा जाए तो पार्टी ने बार बार ऐसे मुद्दों उठाने की कोशिश की, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं था। इसके लिए झूठे मुद्दों का भी सहारा लिया गया और किसी बात को गलत तरीके से प्रस्तुत करने की कोशिश की गयी। ऐसी बातों में एक बात जो काफी प्रचारित की गई, वो है लोगों के खाते में 15 लाख रुपये आने की। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव के पहले नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार बनने के बाद विदेशी बैंकों में पड़े काले धन की वापसी के बाद सभी लोगों के खाते में 15 लाख रुपए डालने का वादा किया था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसी हफ्ते एक बार फिर इस आरोप को प्रमुखता से उठाया था। जबकि सच्चाई यह है कि नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश की एक चुनावी सभा में कहा था कि विदेशी बैंकों में भारत का इतना काला धन इकट्ठा हैं कि अगर वह भारत आ जाए तो वो इतना होगा कि हर भारतीय के खाते में 15 लाख रुपये डाले जा सकते हैं। मोदी में सिर्फ एक उदाहरण दिया था, लेकिन कांग्रेस ने इसका रूप बदलकर एक नये झूठ को प्रचारित कर दिया।

इसी तरह दावोस में पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी की मौजूदगी को कांग्रेस ने यह कहकर प्रचारित किया कि नीरव मोदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल होकर दावोस गया था। यह ठीक है कि दावोस से जारी हुए चित्रों में एक चित्र में भारतीय मूल के व्यवसायियों के साथ लिए गए नरेंद्र मोदी के चित्र में नीरव मोदी भी खड़ा नजर आता है। लेकिन सच्चाई यह है कि वो भारतीय प्रतिनिधिमंडल का सदस्य न होकर उन स्वतंत्र व्यवसायियों में से एक था, जो दावोस सम्मेलन में व्यक्तिगत हैसियत से भाग लेने गए थे। बाद में केंद्र सरकार ने कांग्रेस के इस आरोप का पुरजोर खंडन किया और स्पष्ट किया कि नीरव मोदी का भारतीय प्रतिनिधिमंडल से कोई लेना-देना नहीं था। इस मामले में सच्चाई तो यह है कि नीरव मोदी और उसके साथ मिलकर घोटाला करने वाले मेहुल चौकसी का कांग्रेस से बहुत पुराना संबंध रहा है। यहां तक कि कांग्रेस ने मेहुल चौकसी के वकील एचएस चंद्रमौली को कर्नाटक के मदिकेरी विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि मीडिया में यह मामला उछलने के बाद उसका टिकट वापस ले लिया गया।

2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद जितने भी राज्यों में चुनाव हुए उन तमाम राज्यों से धीरे-धीरे कांग्रेस का सफाया होता चला गया। कांग्रेस के साथ ही कई विपक्षी दलों को भी बीजेपी या बीजेपी के सहयोगी दलों के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में कांग्रेस ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के नाम पर झूठ फैलाना शुरू किया। आरोप लगाया गया कि ईवीएम टैंपरिंग द्वारा बीजेपी अपनी जीत सुनिश्चित कर रही है। ऐसा कहकर उसने चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किये। बाद में जब चुनाव आयोग ने तमाम राजनीतिक दलों को ईवीएम टैंपर करने की चुनौती दी तो न तो कांग्रेस आगे आयी और ना ही ईवीएम के नाम पर काफी उछल-कूद कर रही आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी या बीएसपी सामने आई। चुनौती के जवाब में जिन दलों ने निर्धारित दिन चुनाव आयोग में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, उन्होंने भी स्पष्ट किया कि वे चुनौती का सामना करने नहीं, बल्कि ईवीएम की कार्यप्रणाली समझने के लिए गए थे।

कांग्रेस ने जज बीएच लोया की मौत के मामले में झूठ का सहारा लेकर बीजेपी को घेरने की कोशिश की। आरोप लगाया गया कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को सोहराबुद्दीन केस से बाइज्जत बरी कराने के लिए इस मामले की सुनवाई कर रहे जज बीएच लोया पर दबाव डाला गया था। जब उन्होंने इस दबाव को मानने से इनकार किया तो एक शादी के समारोह में सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या कर दी गई। इस मामले की एसआईटी जांच की मांग को लेकर बकायदा याचिका भी दर्ज करायी गयी। याचिकाकर्ताओं में से एक तहसीन पूनावाला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जीजा रॉबर्ट वाड्रा की बहन के पति हैं। सुप्रीम कोर्ट में इस याचिका को खारिज किया, बल्कि याचिकाकर्ताओं के खिलाफ काफी कड़ी टिप्पणी भी की। इस तरह कांग्रेस का एक और झूठ बेनकाब हो गया।

कांग्रेस पिछले कुछ समय से लगातार आरोप लगाती रही है कि केंद्र की मोदी सरकार के दबाव में 2014 से लेकर सितंबर 2017 के बीच सरकारी बैंकों ने बड़े उद्योगपतियों को दिए गए 2.41 लाख करोड़ के कर्ज को माफ कर दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि ऐसा करके बीजेपी सरकार ऐसा करके अपने कारोबारी मित्रों को फायदा पहुंचा रही है। बार-बार कहा गया कि एक तरफ तो किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है, उनकी कुर्की की जा रही है, दूसरी ओर बड़े पूंजीपतियों का लोन माफ किया जा रहा है। जबकि सच्चाई कुछ और ही है।

दरअसल, सीपीआई नेता रीतब्रत बनर्जी के एक सवाल के जवाब में वित्त राज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ल ने राज्यसभा को बताया था कि सरकारी बैंकों ने 2014 से लेकर सितंबर 2017 के बीच 2,41,911 करोड़ रुपए का लोन राइट ऑफ कर दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था की एनपीए को राइट ऑफ करना यानी बट्टा खाता में डालना एक सामान्य प्रक्रिया है और यह काम तमाम बैंक अपनी बैलेंस शीट को साफ करने के लिए करता हैं। लेकिन ऐसा करने के बाद भी कानूनी प्रक्रियाओं के तहत बकाया वसूली का काम लगातार चलते रहता है। कर्जदार के खिलाफ वसूली की कार्रवाई जारी रहती है।

लोन को राइट ऑफ करना और वेव ऑफ यानी कर्ज-माफी करना दो अलग-अलग बातें हैं। राइट ऑफ करना एक सामान्य प्रक्रिया है, जो यूपीए की सरकार के जमाने में भी होता था और आज भी बैलेंसशीट दुरुस्त करने के लिए हो रहा है। जबकि लोन वेव ऑफ में कर्ज माफ किया जाता है। यूपीए की सरकार ने भी कई किसानों का लोन वेव ऑफ किया था और बीजेपी सरकार ने भी किसानों का लोन वेव ऑफ किया है। साफ है कि बैंकों ने जिन एनपीए अकांउट को राइट ऑफ किया, उसे कांग्रेस सिर्फ राजनीति करने के उद्देश्य से गलत तरीके से यह कहकर प्रचारित करती रही है कि सरकार ने उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर दिया है।

विडंबना यह है कि इस तरह के आरोप कांग्रेस का कोई छोटा नेता नहीं लगा रहा। यह आरोप पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी भी कई बार लगा चुके हैं। और तो और कांग्रेस पार्टी की वेबसाइट पर भी इस आशय का एक आलेख डाला गया। यह मानना मुश्किल है कि कांग्रेस के नेता लोन राइट ऑफ करने और लोन वेव ऑफ करने का अंतर नहीं जानते। वह भी तब जब कांग्रेस के सबसे बड़े नेताओं में से एक मनमोहन सिंह खुद दुनिया के बड़े अर्थशास्त्री माने जाते हैं। साफ है कि फिर से सत्ता में आने के लिए उतावली कांग्रेस अपनी वापसी के लिए सिर्फ झूठ की राजनीति कर रही है और झूठ के भरोसे ही वह बीजेपी को शिकस्त देने की कोशिश में लगी है।

हिन्दुस्थान समाचार/दिव्य उत्कर्ष

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.