कर्नाटक का सियासी नाटक अभी थमा नहीं है। बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ जरूर ले ली है, लेकिन राज्य में असल सियासी नाटक तो अब शुरू हुआ है। बीजेपी का दावा है कि वह विधानसभा में अपना बहुमत सिद्ध कर लेगी। कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर को डर है कि बीजेपी कहीं उनके विधायकों को तोड़ न ले। इसी डर का निवारण करने के लिए कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों के साथ पहले तो विधान सौध के बाहर धरना दिया फिर उन्हें एक रिसोर्ट में भेज दिया है। खबर तो ये भी है कि सभी विधायकों के फोन भी रखवा लिये गये हैं, ताकि बीजेपी नेता उनसे बहुमत परीक्षण के पहले किसी भी तरह संपर्क भी न कर सकें। मतलब कांग्रेस ने अपने विधायकों की किलेबंदी कर ली है। लेकिन बड़ा सवाल ये है कि क्या वो इन उपायों से अपने विधायकों को बीजेपी के पाले में जाने से बचा पायेगी। सवाल ये भी है कि आज बीजेपी पर लोकतांत्रिक शुचिता का हनन करने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस पूर्व में खुद शुचिता जैसी बातों का कितना सम्मान करती थी।
कांग्रेस को पूरी उम्मीद थी कि देर रात सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान उसे अदालत से राहत मिल जायेगी। लेकिन तीन जजों की बेंच ने बीएस येदियुरप्पा के शपथ ग्रहण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। कांग्रेस की ओर से जिरह कर रहे अभिषेक मनु सिंघवी ने सुप्रीम कोर्ट से पहले शपथ ग्रहण को दो दिन तक स्थगित कराने की मांग की, फिर गुरुवार की शाम तक के लिए स्थगित कराने की मांग की और अंत में वे दो घंटे तक के लिए इसे स्थगित कराने की मांग करते रहे, लेकिन अदालत ने कांग्रेस की इस मांग को मंजूर नहीं किया। रात दो बजे से सुबह सवा चार बजे तक चली सुनवाई में भी कांग्रेस को कोई राहत नहीं मिल सकी और सुबह बीएस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। और तो और शपथ ग्रहण करते ही येदियुरप्पा ने किसानों के एक लाख रुपये तक के कर्ज को माफ करने का एलान भी कर दिया। ऐसे में अपनी सियासी हार से बौखलायी हुई कांग्रेस और जेडीएस ने अब आक्रामक तेवर अपना लिये हैं। जेडीएस और कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी उनके विधायकों को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से धमकी दिलवा रही है। बुधवार को कुमारस्वामी ने बीजेपी पर विधायकों को एक सौ करोड़ रुपये का ऑफर देने का भी आरोप लगाया था। कांग्रेस बीजेपी पर विधायकों को खरीदने की कोशिश करने का भी आरोप लगा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी कर्नाटक में येदियुरप्पा की सरकार के गठन को लोकतंत्र की हार बताया है। लेकिन कांग्रेस खुद अपनी सरकारों को बचाने या बनाने के लिए खुद इन्हीं उपायों को अपनाती रही है। संसद नोट कांड और जेएमएम सांसदों के रिश्वत कांड तो इसके ज्वलंत उदाहरण हैं। आज लोकतांत्रिक परंपराओं की दुहाई दे रही कांग्रेस खुद देश पर आपातकाल लादकर इसका सबसे बड़ा माखौल उड़ा चुकी है। इसके अलावा अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग करने के उदाहरणों को यदि याद किया जाये तो कांग्रेस लोकतंत्र को हमेशा ही जख्मी करती रही है। लेकिन चूंकि आज बीजेपी के वार से वो खुद जख्मी हो रही है, इसलिए उसे लोकतांत्रिक शुचिता की याद आ रही है। इतना तो तय है कि कांग्रेस और जेडीएस मिलकर बीजेपी को सरकार बनाने से रोक नहीं सके, लेकिन बड़ा सवाल अभी भी यही है कि 104 विधायकों वाली भारतीय जनता पार्टी सदन में अपना बहुमत कैसे सिद्ध करेगी। माना जा रहा है कि पार्टी की नजर उन दर्जन भर कांग्रेसी विधायकों पर टिकी है, जो लिंगायत समुदाय से हैं।
इन विधायकों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि कांग्रेस ने जेडीएस को समर्थन देकर और एचडी कुमारस्वामी के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ कर दिया है। कर्नाटक की राजनीति में लिंगायत और वोक्कालिगा एक दूसरे के घोर विरोधी माने जाते हैं। समझा जाता है कि इन विधायकों को बीजेपी आसानी से अपने पक्ष में कर सकती है। बहरहाल, आगे क्या स्थिति बनती है ये तो समय ही बतायेगा, लेकिन कांग्रेस और जेडीएस ने अपने विधायकों को बीजेपी से बचाये रखने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बहुमत परीक्षण तक की अवधि के लिए इन विधायकों को डीके शिवकुमार के ईगलटन रिसोर्ट में भी भेजे जाने की बात कही जा रही है। इसके पहले भी जब गुजरात में राज्यसभा चुनाव हुए थे, उस समय भी कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को ईगलटन रिसोर्ट में ही भेजा था। इस बार भी ये रिसोर्ट कांग्रेस के लिए सुरक्षित पनाहगाह साबित हो सकता है। कांग्रेस ने रिसोर्ट में विधायकों को रखने के लिए 100 से अधिक कमरे बुक कराए हैं। इन कमरों में कांग्रेस के साथ ही जेडीएस के विधायकों को भी ठहरया जा सकता है। डीके शिवकुमार का यह रिसोर्ट 2006 में उस समय भी चर्चा में आया था जब एचडी कुमारस्वामी ने अपने पिता एचडी देवगौड़ा की नाराजगी के बावजूद बीजेपी के साथ मिलकर कर्नाटक में सरकार बनाई थी। उस समय विधायकों को अपने पिता के प्रभावों से बचाने के लिए कुमारस्वामी ने विधायकों को इसी रिसोर्ट में रखा था।
हिन्दुस्थान समाचार/दिव्य उत्कर्ष

