छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में एक बार फिर नक्सलियों का कहर सुरक्षाबलों पर टूटा है। नक्सलियों के धमाके में 7 जवानों की जान चली गई। घटना के बाद राजनीतिक तौर पर इसकी निंदा भी की गई और मुआवजे की घोषणा भी की गई। यह क्रम कुछ दिन और चलेगा, लेकिन जो सबसे चिंता की बात नजर आ रही है, वह नक्सलवादियों का हौसला एक बार फिर से बढ़ने की है। अभी कुछ दिन पहले ही रिपोर्ट आई थी कि सुरक्षाबलों के कठोर कदम की वजह से नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या में काफी कमी आई है। लगभग 40 जिले नक्सली आतंक से मुक्त करा लिए गए हैं। इसके अलावा हाल के दिनों में नक्सलवादियों के खिलाफ हुए ताबड़तोड़ एक्शन में कई नक्सलियों की भी जान गई थी। इस कार्रवाई के बाद कुछ नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया, जिससे इस संभावना को बल मिला कि नक्सलियों का हौसला टूटने लगा है। लेकिन, दंतेवाड़ा के किरंदुल इलाके में धमाका कर नक्सलियों ने जता दिया कि ये लोग सहानुभूति और प्यार से नहीं मानने वाले हैं। ये लातों के ऐसे भूत हैं, जिनका इलाज सिर्फ उन्हें तबाह करके ही किया जा सकता है।
भारत सरकार और राज्य की सरकारें लंबे समय से नक्सलियों को देश की मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश कर रही हैं। इसके लिए उन्हें बार-बार आत्मसमर्पण करने और वार्ताकारों की मदद से देश की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए कहा जा रहा है। लेकिन, यह प्रयास अभी तक सफल नहीं हो सका है। सच्चाई तो ये है जैसे-जैसे नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जा रही है, वैसे-वैसे ही वे भी अपनी बौखलाहट में खूनखराबा कर रहे हैं। दंतेवाड़ा की इस घटना से यह भी स्पष्ट हो गया है कि नक्सलियों के हौसले अभी तक टूटे नहीं हैं। जिस स्थान पर यह धमाका किया गया वहां पर लगभग 10 फीट का गड्ढा बन गया। अंदाज लगाया जा सकता है कि यह विस्फोट कितना शक्तिशाली रहा होगा। ऐसे में सवाल ये उठता है कि नक्सलियों के पास इतने घातक विस्फोटक कहां से आ रहे हैं और क्यों हमारी सुरक्षा या खुफिया एजेंसी नक्सलियों तक विस्फोटक या गोला-बारूद पहुंचाने वालों को नहीं खोज पा रही हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि नक्सलियों तक लगातार गोला-बारूद पहुंचा रहा है। कुछेक बार सख्ती होने पर डेटोनेटर या थोड़ी-बहुत मात्रा में बारूद आदि की बरामदगी भी होती रही है। लेकिन ये भी एक तथ्य है कि अभी तक हमारी खुफिया एजेंसियां नक्सलवादियों तक गोला बारूद की आपूर्ति करने वाले लोगों तक नहीं पहुंच सकी है। नक्सलियों का इरादा स्पष्ट है। वे कसी भी हालत में अपने प्रभाव वाले क्षेत्र में विकास कार्य नहीं होने देना चाहते।
दंतेवाड़ा में भी जो हमला हुआ, वह सड़क निर्माण के लिए सामग्री ले जाने वाली ट्रक को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उसके पीछे चल रही जीप पर हुआ। जिले के किरंदुल थाना क्षेत्र में किरंदुल और चोलनार गांव के बीच इस वारदात को अंजाम दिया गया। इन दोनों गांवों के बीच सड़क बनाई जा रही है। सड़क निर्माण हो सके, इसके लिए ही सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। सुरक्षा बलों की देखरेख में ही यहां निर्माण सामग्री पहुंचाई जाती है, लेकिन नक्सलियों का इरादा इस विकास कार्य कार्य को ही बाधित करना है, ताकि ग्रामीणों को विकास की रोशनी से दूर रखा जा सके। ऐसा होने पर ही ग्रामीण सरकार और प्रशासन से असंतुष्ट होकर नक्सलियों का साथ देंगे। नक्सलियों की शुरू से ही नीति रही है कि ग्रामीणों को विकास कार्यों से अधिक से अधिक दूर रखा जाए, ताकि लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति नाराजगी का भाव बढ़े। अभी हाल के दिनों में ही महाराष्ट्र के गढ़चिरौली, उड़ीसा के मल्कानगिरि और छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों के खिलाफ कठोर अभियान चलाया गया था। इस अभियान में कुछ बड़े नक्सली नेताओं समेत कई नक्सली हताहत हुए थे। दंतेवाड़ा की घटना को इन घटनाओं के की वजह से उपजी उनकी बौखलाहट भी समझा जा सकता है। यहां एक सवाल मानवाधिकारवादियों की भूमिका को लेकर भी है। गढ़चिरौली, मल्कानगिरि या बीजापुर में कार्रवाई के बाद कई मानवाधिकारवादियों ने नक्सलियों के मारे जाने पर गहरी चिंता जताई थी और सरकार से उनके मानवाधिकारों की रक्षा करने की अपील भी की थी। लेकिन क्या इन मानवाधिकारवादियों से यह नहीं पूछा जाना चाहिए कि नक्सलवादियों के हमले में जिन 7 जवानों की मौत हुई है, क्या उनका कोई मानवाधिकार नहीं था। ये जवान नक्सलियों पर हमला करने नहीं, बल्कि निर्माण सामग्री लेकर जा रहे ट्रक को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उसके पीछे जीप में जा रह जा रहे थे। सामान अगर निश्चित स्थान पर पहुंच जाता, तो उसका उपयोग विकास कार्य को गति देने में होता, जिसका फायदा किरंदुल क्षेत्र में रहने वाले लोगों को मिलता। लेकिन नक्सलियों ने आईईडी धमाका कर जवानों की जान ले ली।
विडंबना तो ये है कि गढ़चिरौली, बीजापुर या मल्कानगिरि की घटनाओं में नक्सलियों के मारे जाने पर आंसू बहाने वाले मानवाधिकारवादी आज चुप बैठे हैं। न तो उनके मुंह से नक्सलियों की इस कायराना कार्रवाई के खिलाफ कोई शब्द निकला है और ना ही उन्होंने मारे गए जवानों के प्रति हमदर्दी के कोई बोल बोले। सच्चाई तो यह है कि मानवाधिकारवादियों में भी एक बड़ा और प्रभावशाली तबका उनलोगों का है, जो नक्सलियों और आतंकवादियों के प्रति हमदर्दी का भाव रखते हैं। बौद्धिक स्तर पर प्रभावी ऐसे लोग कई विश्वविद्यालयों और मीडिया संस्थानों से भी जुड़े हुए हैं। जरूरत इस बात की भी है कि सबसे पहले ऐसे बौद्धिक नक्सलियों पर लगाम लगाया जाए। लेकिन इससे भी ज्यादा जरूरी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की मजबूत घेराबंदी करने की है, ताकि किसी भी स्थिति में नक्सलवादियों तक विस्फोटक या गोला-बारूद पहुंच ही न सके। ऐसी घेराबंदी ही उन्हें समर्पण करने के लिए मजबूर कर सकती है, क्योंकि इतना तो तय है कि जब तक नक्सलवादियों तक गोला-बारूद की आपूर्ति होती रहेगी, तब तक वे कभी गुरिल्ला युद्ध के तरीके से, तो कभी आईईडी विस्फोटों के जरिये सुरक्षाबलों पर हमला करते रहेंगे। इसलिए सबसे पहले उनको गोला-बारुद बारुद की आपूर्ति पर रोक लगाना जरूरी है। साथ ही नक्सलियों तक विस्फोटकों की आपूर्ति करने वाले उन गद्दारों की तलाश का काम करना और भी जरूरी है। ऐसा कहना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि जब तक नक्सलवादियों को पूरी तरह से कुचल नहीं दिया जाएगा, तब तक उनके प्रभाव वाले क्षेत्रों में विकास का काम नहीं हो सकता। और विकास का काम नहीं होने से देश की एक बड़ी आबादी मुख्यधारा से अलग-थलग पड़ी रहेगी। यह न तो देश के हित में है और ना ही उस क्षेत्र में रहने वाली आबादी के हित में। सच यह भी है कि नक्सलवादी ऐसे नासूर बन चुके हैं, जिन्हें पूरी तरह से मिटा देना ही देश हित में जरूरी है। ऐसे नासूरों के लिए न तो किसी मानवाधिकार का ध्यान रखा जाना चाहिए और ना ही उनके प्रति कोई दया की जानी चाहिए। ये लोग सिर्फ बुरी तरह से कुचल दिए जाने के ही पात्र हैं। सख्त कार्रवाई ही इन्हें समर्पण करने के लिए मजबूर कर सकती है। इसके अलावा किसी की भी अपील का इनपर कोई असर होने वाला नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार/पप्पू गोस्वामी

