कहते हैं कि डर अच्छे-अच्छों को ठीक कर देता है। अगर डर न हो तो कोई भी नियमों का पालन ही न करे। भारत में कर्ज लेकर डिफॉल्टर होने वाली कंपनियों के साथ ऐसा ही होता हुआ दिख रहा है। खबर है की देश की 2100 से ज्यादा कंपनियों ने लगभग 83,000 करोड रुपए का कर्ज बैंकों को लौटा दिया है। ये वही कंपनियां हैं, जो बैंकों का बकाया लंबे समय से नहीं चुका रही थीं। लेकिन इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (दिवालिया कानून) में संशोधन होने के बाद इन कंपनियों के प्रमोटरों के सामने अपनी ही कंपनी का नियंत्रण खोने का डर बन गया था।
दिवालिया कानून में जो संशोधन किया गया है, उसके मुताबिक एनपीए अकाउंट वाली कंपनियों के प्रमोटरों पर नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल की ओर से कार्रवाई शुरू हो जाने के बाद नीलाम हो रही किसी भी कंपनी के लिए बोली लगाने पर रोक लगा दी गई है। यानी किसी उद्योग समूह की एक कंपनी को दिया गया कर्ज भी यदि नॉन परफॉर्मिंग एसेट (एनपीए) घोषित कर दिया गया है, तो उस समूह के प्रवर्तक जबतक अपने एनपीए अकाउंट को चुकता नहीं कर देंगे, तबतक उन्हें अपनी कंपनी सहित किसी भी कंपनी की नीलामी में बोली नहीं लगाने दिया जायेगा। जब किसी भी लोन की मासिक किश्तों का 90 दिनों तक लगातार भुगतान नहीं होता है, तो नियमानुसार उसे एनपीए घोषित कर दिया जाता है। दिवालिया कानून में संशोधन होने के पहले तक कई कंपनियां अपनी कोई छोटी इकाई शुरू करके उसके नाम से भारी-भरकम कर्ज ले लिया करती थीं। बाद में उसकी किश्तों का भुगतान रोक देती थीं। जिसकी वजह से बैंकों को अपने कर्ज की वापसी के लिए उन कंपनियों का मामला नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल के पास ले जाना पड़ता था और अंततः कर्जदार कंपनी को नीलाम करना पड़ता था। ऐसी स्थिति में कई बार कंपनी के प्रमोटर ही अपने उस कंपनी को नीलामी में पुनः औने-पौने दाम में खरीद लिया करते थे। लेकिन दिवालिया कानून में संशोधन होने के बाद अब डिफॉल्टर घोषित हो चुके प्रमोटर ऐसा नहीं कर सकेंगे।
कर्जदार कंपनी नीलाम तो जरूर होगी, लेकिन उसमें बोली कोई और लगाएगा। स्वाभाविक रूप से कंपनी के प्रमोटर के हाथ से कंपनी का नियंत्रण निकल जाएगा। हालांकि जब इस कानून में संशोधन किया था गया था, तो उद्योग जगत ने इसका कड़ा विरोध किया था। इसका कारण भी स्पष्ट था। देश के कई बड़े औद्योगिक घराने काफी लंबा-चौड़ा कर्ज लेकर के बैठे हुए थे। ऐसे कंपनियों में जयप्रकाश ग्रुप, भूषण ग्रुप आदि के नाम लिए जा सकते हैं, जिन्होंने बैंकों की किश्त का भुगतान करना भी बंद कर दिया था, जिसके कारण उनके द्वारा लिया गया लोन एनपीए घोषित कर दिया गया था। लेकिन, उद्योग जगत के विरोध के बावजूद सरकार दिवालिया कानून के संशोधन पर अड़ी रही और उसका सार्थक परिणाम एनपीए घोषित हो चुके 83,000 करोड़ रुपए की वापसी के रूप में साफ साफ नजर आ रहा है। कंपनी मामलों के मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में बताया गया है कि दिवालिया कानून में संशोधन होने के बाद 2100 से ज्यादार डिफॉल्टर कंपनियां अपने बकाये की वापसी कर चुकी हैं, जबकि लगभग 5300 कंपनियों ने अपने लोन की वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगर इन कंपनियों के बकाए की भी वापसी हो जाती है, तो बैंकों का एनपीए के रूप में फंसा हुआ लगभग 2,13,000 करोड़ रुपया वापस उनके पास आ जाएगा।
दिवालिया कानून के संशोधन में यह भी जोड़ा गया है कि डिफॉल्टर हो चुके जो प्रमोटर अपना बकाया वापस कर देंगे, वे किसी भी कंपनी के लिए होने वाली नीलामी में अपनी बोली लगा सकेंगे। सच्चाई तो यह है कि लोन डिफॉल्टर्स के मन में इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड में हुए संशोधन की वजह से अपनी कंपनी को खो देने का डर बन गया है। कानून में किये गये इस सख्त संशोधन की वजह से कर्ज लेकर मौज करने वाले डिफॉल्टर रास्ते पर आने लगे हैं और इस डर की वजह से ही देश में कर्ज को लेने और देने की एक नई संस्कृति की शुरुआत हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/योगिता पाठक

