रमजान के पवित्र महीने में भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में सद्भावना का माहौल बनाने के लिए एक पक्षीय संघर्ष विराम की घोषणा की है। सरकार का इरादा ऐसा करके घाटी में शांति के माहौल की स्थापना करना है, ताकि इस पवित्र महीने के दौरान लोगों की जीवन में खलल ना पड़े और सद्भावना का माहौल बने। भारत सरकार ने इसके साथ ही पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली जवाबी कार्रवाई को भी कम करने का फैसला किया है, ताकि पाकिस्तान को भी बातचीत के दायरे तक लाया जा सके। लेकिन, भारत के इस सद्भावपूर्ण रवैये का पाकिस्तान गलत फायदा उठा रहा है। वो जम्मू कश्मीर में लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है और रमजान के महीने के शुरुआती एक हफ्ते में ही उसने लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर कई नागरिकों की जान ले ली है। अभी कुछ दिन पहले ही सीजफायर के उल्लंघन की एक घटना के बाद जब बीएसएफ ने जोरदार जवाबी कार्रवाई की, तो हैरान-परेशान पाकिस्तान ने भारत से गोलाबारी रोकने का अनुरोध किया था। भारत ने उसके अनुरोध को स्वीकार करते हुए अपनी जवाबी कार्रवाई को भी रोक दिया, लेकिन पाकिस्तान ने फिर से गोलाबारी करना शुरु कर दिया।
जम्मू-कश्मीर में पिछले एक सप्ताह के अंदर पाकिस्तानी फायरिंग के कारण अलग-अलग इलाकों में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन दर्जन से ज्यादा लोगों के जख्मी होने की खबर है। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र से लगभग 50 हजार लोगों को पलायन करने के लिए भी मजबूर होना पड़ा है। इतिहास गवाह है कि पाकिस्तान ने कभी भी शांति के लिए अपनी ओर से कोई पहल नहीं की है। भारत ही अपनी ओर से शांति की पहल करता रहा है। लेकिन, पाकिस्तान हर बार पीठ पर वार करने की नीति अपनाता रहा है। हर बार पाकिस्तान भारत से मुंह की खाता रहा है, लेकिन इसके बाद भी उसकी हरकतों में कभी कमी नहीं आती। वैश्विक संधि के मुताबिक क्रॉस बोर्डर फायरिंग के मामले में भी असैनिक क्षेत्रों में गोलाबारी नहीं की जाती, लेकिन पाकिस्तान लगातार भारत के सीमावर्ती क्षेत्र में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी कर रहा है। आलम ये है कि सीमावर्ती क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेजों को लंबे समय तक के लिए बंद कर दिया गया है और बख्तरबंद गाड़ियों से आम नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है। पाकिस्तान अमूमन सीजफायर का उल्लंघन आतंकवादियों को घुसपैठ कराने के लिए करता है। फायरिंग की आड़ में वह आतंकवादियों को कवर फायरिंग देता है। यानी गोलाबारी की आड़ में आतंकवादी भारत की सीमा में घुसपैठ कर लेते हैं। इसके साथ ही उसका इरादा भारतीय सुरक्षा बल को उकसाना और उनकी लोकेशन का अंदाजा लगाना भी होता है।
पाकिस्तानी गोलाबारी के जवाब में भारतीय पक्ष की ओर से जब गोलाबारी होती है, तो पाकिस्तानी फौज को इस बात का अनुमान लग जाता है कि भारतीय सैनिक कहां-कहां तैनात हैं। यह पता लगने के बाद वह सुरक्षित ठिकानों से आतंकवादियों को भारत की सीमा की ओर भेजता है, ताकि अधिक से अधिक आतंकवादी भारत की सीमा में दाखिल होकर हो सकें। रमजान के महीने में भारतीय सुरक्षाबल भारत सरकार की घोषणा के अनुरूप अपनी ओर से आतंकियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं कर रहा है। ऐसे समय में पाकिस्तान इस मौके का फायदा उठाने में लगा हुआ है। वह इस दौरान अधिक से अधिक संख्या में आतंकवादियों को भारत में धकेल देना चाहता है, ताकि वे रमजान खत्म होते-होते नई ताकत और पूरी संख्या बल के साथ घाटी में आतंक का राज कायम कर सकें। इसमें कोई शक नहीं की भारतीय फौज द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन ऑल आउट की वजह से आतंकवादी संगठनों की कमर टूट गई है। भारतीय सेना जिस तत्परता के साथ आतंकवादियों का सफाया कर रही है, उससे इस बात की संभावना भी बनने लगी है कि कहीं कुछ आतंकवादी गुटों का पूरा सफाया ही ना हो जाए। क्योंकि, सुरक्षाबल की कठोर कार्रवाई की डर से आतंकवादियों की भर्ती में भी काफी कमी आई है, दूसरी ओर बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे भी जा रहे हैं। रमजान के महीने में यदि भारतीय सेना आतंकवादियों के प्रति संघर्षविराम का रुख बनाए रखती है, तो ऐसे समय का उपयोग आतंकवादी अपनी ताकत बढ़ाने में कर सकते हैं। पाकिस्तान यही काम करने में आतंकियों की मदद कर रहा है। ऐसे भी सीजफायर उल्लंघन के मामले में पाकिस्तान का रिकॉर्ड काफी खराब रहा है।
2018 में सीमा पार से गोलाबारी की 700 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें 18 सुरक्षाकर्मियों तथा 40 सामान्य लोगों की जान जा चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। जरूरत इस बात की है कि भारत धैर्य से काम लेना छोड़े और पाकिस्तान की ओर से होने वाली किसी भी गोलाबारी का जवाब उसे दोगुनी-तिगुनी ताकत से दे। ताकि पाकिस्तान को यह संदेश दिया जा सके कि उसकी ओर से चली एक गोली भी भारतीय सेना को उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए विवश कर सकती है। इसके साथ ही भारत को इस बात का इंतजार भी नहीं करना चाहिए कि पाकिस्तान की ओर से सीजफायर का उल्लंघन करने पर ही जवाबी कार्रवाई की जाएगी। भारतीय सेना को जब भी एहसास हो कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तानी सेना सीजफायर के उल्लंघन की तैयारी कर रही है, उसी समय खुद भारतीय सेना को उस पर सर्जिकल अटैक जैसा परोक्ष हमला कर देना चाहिए। दरअसल, भारत ने पहले युद्ध नहीं करने की नीति अपनाई हुई है। यह एक अच्छी नीति है, लेकिन पाकिस्तान इसको भारत की कमजोरी समझने लगा है। इसलिए जरूरी है कि पाकिस्तान को इस बात का सबक दिया जाए कि भारत कमजोर नहीं है और जरूरत पड़ने पर उसको नेस्तनाबूद भी कर सकता है। यह समझ लेना चाहिए कि पाकिस्तान कभी सुधरने वाला नहीं है। वह बात और शांति वार्ता से नहीं मानने वाला है। उसको जरूरत जबरदस्त चाबुक की है। जब चाबुक पड़ेगा, तभी पाकिस्तान जैसा बिगड़ैल देश शांति के रास्ते पर आ सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार

