किसी को यह उम्मीद नहीं थी कि बेंगलुरू का विपक्षी उबाल इतनी जल्दी ठंडा पड़ जायेगा। इतने दिन बीतने के बाद भी केवल मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ही मंत्रिमंडल की शोभा बढ़ा रहे हैं। दूसरी तरफ अपने अपने प्रान्तों में पहुंचते ही अनेक नेताओं के स्वर बदल गए। इनमें मायावती और ममता बनर्जी भी शामिल हैं। दोनों ने गठबन्धन के लिए शर्तें लगा दी है। इतना ही नहीं बीएसपी प्रमुख मायावती ने परिवारवाद पर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आरएलडी को नीचा दिखाया है। अपने को उनसे अलग दिखाने का प्रयास किय बनर्जी कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियों को बी टीम की तरह रखना चाहती हैं। इससे पहले उस गठबन्धन सरकार पर संकट के बादल दिखने लगे, जिसके जश्न में विपक्षी नेता यहां एकत्रित हुए थे। सिद्धांत और बिना शर्त समर्थन की जगह मलाईदार मंत्रालय चर्चा में आ गये। इतना ही नहीं विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस और जेडीएस ने अपने अपने प्रत्याशी हटाने से इनकार कर दिया। जेडीएस प्रमुख देवगौड़ा ने कहा कि समझौता सरकार बनाने के लिए है। इसका चुनाव से कोई संबन्ध नहीं है।
ममता बनर्जी ने कोलकाता पहुंच कर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार मानने से इनकार कर दिया। इधर लखनऊ में बीएसपी प्रमुख मायावती ने गठबन्धन से उचित दूरी बनाने वाले परिवर्तन किए। उन्होंने कैराना और नूरपुर से अपनी पार्टी को अलग रखा। जबकि बेंगलुरू के मंच की जुगलबंदी अलग कहानी बयां कर रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे इन सभी नेताओं ने अपने मतभेद भुला दिए हैं। नेतृत्व और नीति को लेकर कोई बाधा नहीं रहेगी। सब लोग एक दूसरे से ऐसे मिल रहे थे, जैसे मुद्दतों पहले बिछड़ गए थे। भला हो नरेंद्र मोदी का, उनकी वजह से सब फिर से मिल सके हैं। इस मुलाकात में फोटो के माध्यम से भी कई सन्देश देने के प्रयास किये गए थे। कुछ चित्र ज्यादा चर्चित भी हुए थे। इनमें सोनिया गांधी, ममता बनर्जी और मायावती की फोटो, राहुल और कुमारस्वामी की फोटो, अखिलेश यादव और मायावती की एक साथ फोटो विशेष रूप से चर्चित हुई थीं। अखिलेश और मायावती पहली बार एक साथ किसी मंच पर थे। यहां तक कहा गया कि उत्तर प्रदेश में चुनाव के लिए गठबन्धन को जोरदार फोटो मिल गई है। सोनिया, ममता और मायावती की मुलाकात को भी भावी रणनीति से जोड़ा गया। वैसे कुछ लोगों ने यह भी कहा कि इन तीनों के बीच भाषा की समस्या अवश्य रही होगी। किसने क्या कहा, दूसरे ने क्या समझा होगा, इसे लेकर कौतूहल था। फिर भी तालमेल की बात मुकम्मल लग रही थी।
राहुल और कुमारस्वामी दोनों उत्तराधिकारी हैं। मायावती ने लखनऊ में बीएसपी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान पार्टी के संविधान में बदलाव करते हुए अब किसी भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रिश्तेदार को पार्टी में पद ना देने की घोषणा की है। इसके साथ ही पार्टी के नए संविधान में किसी भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रिश्तेदार के चुनाव लड़ने पर भी रोक लगा दी गई है। मायावती ने आगे का एजेंडा भी तय कर दिया। कहा कि मैं अगले बीस बाइस सालों तक पार्टी की मुखिया रहूंगी, तब तक कोई और सपना न देखें। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी राज्य में और किसी भी चुनाव में किसी भी पार्टी के साथ केवल सम्मानजनक सीटें मिलने पर ही चुनावी गठबन्धन-समझौता करेगी, अन्यथा हमारी पार्टी अकेली ही चुनाव लड़ेगी। मायावती ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी और आरएलडी को सन्देश दे दिया है। वह जानती हैं कि सदन में सदस्य संख्या के हिसाब से उनकी स्थिति समाजवादी पार्टी से कमजोर है।
समाजवादी पार्टी के लोकसभा में सात सदस्य हैं। बीएसपी वहां शून्य है। विधानसभा में समाजवादी पार्टी के 47 और बीएसपी के 19 सदस्य हैं। यदि इसके आधार पर सीटों का बंटवारा होगा तो बीएसपी घाटे में रहेगी। इसलिए मायावती ने सम्मानजनक सीटों का मसला उठा दिया है। यह दबाव की रणनीति हो सकती है। गोरखपुर और फूलपुर में मायावती ने समाजवादी पार्टी को सशर्त समर्थन दिया था। तब उनकी शर्त थी कि विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी उनके उम्मीदवार का समर्थन करे, तो वह गोरखपुर और फूलपुर में समाजवादी पार्टी को समर्थन देंगी। लेकिन कुछ ही समय में मायावती ने दूसरी शर्त लगा दी।
कितनी सीट सम्मानजनक मानी जायेगी, इसका निर्णय भी मायावती ही करेंगी। कैराना और नूरपुर में बीएसपी ने किसी का समर्थन नहीं दिया। वह यहां के पचड़े में पड़ना नहीं चाहती थी। इतना ही नहीं मायावती ने अपनी पार्टी को समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आरएलडी से अलग दिखाने का प्रयास किया है। मायावती ने अपने भाई को पार्टी उपाध्यक्ष पद से हटा दिया। इस कदम से यह बताया कि उनकी पार्टी में परिवारवाद नहीं है। जबकि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आरएलडी परिवारवादी पार्टी है। ये बात अलग है कि ऐसा करते समय मायावती बीएसपी को व्यक्ति आधारित पार्टी के रूप में प्रतिष्ठित कर रही थी। उन्होंने अपनी वृद्धावस्था तक का इंतजाम कर लिया है। फिर उम्र के उस पड़ाव का भी उल्लेख किया, जब उन्हें भागदौड़ में कठिनाई होगी। लेकिन तब भी पार्टी पर अंतिम नियंत्रण उन्हीं का होगा। वही राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त करेंगी। वह उनके ही मार्गदर्शन में चलेगा।
बताया जाता है कि बीएसपी समर्थकों का एक वर्ग समाजवादी पार्टी और आरएलडी के साथ गठबन्धन से खुश नहीं था। इसे मायावती का अखिलेश के साथ मंच साझा करना भी ठीक नहीं लगा था। क्योंकि गेस्ट हाउस कांड के बाद दोनों पार्टियों के बीच जो स्थिति रही है, उसके साथ ऐसी तस्वीरें प्रसन्नता प्रदान नहीं करती। वैसे भी बीएसपी के वोटबैंक में भाजपा सेंधमारी कर चुकी है। मायावती के रुख में शायद इसी के मद्देनजर बदलाव आया है।

