आरजेडी के कुनबे में सबकुछ ठीक नहीं

उनकी अनुपस्थिति में तेजस्वी यादव ने न केवल पार्टी का काम अच्छी तरह से संभाला है, बल्कि उपचुनाव में भी सफलता हासिल की है

209

राष्ट्रीय जनता दल में सब कुछ ठीक नहीं है। पहले से ही इस बात की आशंका थी जतायी जा रही थी कि छोटे बेटे तेजस्वी यादव को अधिक महत्व देकर लालू प्रसाद यादव अपने ही घर में विवाद की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं। पहले यह बात फुसफुसाहट के तौर पर सुनी जाती थी, लेकिन जब से उनके बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव ने ट्वीट करके यह कहा कि पार्टी में उनकी कोई भी बात नहीं सुनी जाती और कुछ लोग दोनों भाइयों के बीच लड़ाई लगाना चाहते हैं, तब से ही यह सुगबुगाहट एक बार फिर तेज हो गई है कि क्या लालू प्रसाद यादव के कुनबे में विवाद शुरू हो चुका है। हालांकि तेजप्रताप यादव ने बाद मी ट्वीट किया ‘अर्जुन को हस्तिनापुर की गद्दी पर बैठा कर वे खुद द्वारका चले जाएंगे।’ ऐसा ट्विट करके प्रत्यक्ष तौर पर उन्होंने अपने राजनीतिक संन्यास का ऐलान किया। बात जब आगे बढ़ी, तो छोटे भाई तेजस्वी यादव को सामने आना पड़ा और तमाम अटकलों को नकारते हुए उन्होंने कहा कि तेजप्रताप यादव उनके बड़े भाई होने के साथ ही उनके मार्गदर्शक भी हैं। तेजस्वी का ये भी कहना है कि तेजप्रतापपार्टी को मजबूत करना चाहते हैं। इसलिए उनके ट्विट को लेकर और कोई भी दूसरी बात नहीं सोची जानी चाहिए।

दरअसल, दोनों भाइयों के बीच खटपट की बात खुलकर पहली बार सामने आई है। यही कारण है कि तेजस्वी यादव को भी राजनीतिक मजबूरी में यह जरूर कहना पड़ा है कि तेजप्रताप यादव उनके बड़े भाई और उनके मार्गदर्शक हैं। लेकिन यह सबको पता है कि लालू प्रसाद यादव अपनी राजनीतिक विरासत छोटे बेटे तेजस्वी यादव को सौंपना चाहते हैं, तेजप्रताप यादव को नहीं। इस बात का खुलासा उन्होंने कई बार पहले भी किया है। जब तक लालू प्रसाद यादव पटना में थे, तब तक दोनों भाइयों के बीच विवाद की किसी भी तरह की बात को वे खुद हस्तक्षेप करके समाप्त कर दिया करते थे। दोनों भाइयों के बीच की बात कभी भी घर की चारदीवारी के बाहर नहीं आ पाती थी, लेकिन चारा चोरी का दोष सिद्ध होने के बाद लालू प्रसाद यादव के जेल जाने के बाद से ही पार्टी में वर्चस्व को लेकर दोनों भाइयों के बीच चल रही तनातनी कई मौकों पर साफ साफ नजर आई है। लालू प्रसाद यादव ने पहले भी जब जेडीयू के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाई थी, तब तेजप्रताप यादव को दरकिनार करते हुए छोटे बेटे तेजस्वी यादव को उप मुख्यमंत्री बनवाया था। ठीक है कि तेजप्रताप यादव को भी मलाईदार मंत्रालय ही मिला था, लेकिन मलाईदार मंत्रालय मिलना और उपमुख्यमंत्री बनना, दोनों में काफी अंतर है।

उसी समय स्पष्ट हो गया था कि लालू प्रसाद यादव अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी तेजस्वी को ही बनाएंगे। बताते हैं कि तेजप्रताप यादव ने शपथ ग्रहण समारोह के वक्त भी आपत्ति जताई थी। उस समय लालू प्रसाद यादव ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया था, लेकिन जब जेडीयू और आरजेडी का गठबंधन टूटा, पार्टी में अपने रोल को लेकर एक बार फिर दोनों भाइयों के बीच की खटास सामने आ गई। तेजप्रताप यादव ने एक बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंच से ही खुली धमकी दी थी, जिस पर तेजस्वी यादव ने खुलकर अपने भाई को नसीहत दी थी। उस समय भी लालू प्रसाद यादव के हस्तक्षेप की वजह से तेजप्रताप यादव को बाद में मजबूरी में बोलना पड़ा था कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला गया। लेकिन दोनों भाइयों की बीच की खटास उसी समय जाहिर हो गई थी। बाद में जब बिहार में उपचुनाव हुए, उस दौरान भी लालू प्रसाद यादव के निर्देश पर तेजस्वी यादव ने ही आरजेडी की ओर से चुनाव संचालन की सारी व्यवस्था अपने हाथ में रखी। तेजप्रताप को तेजस्वी यादव ने जनसभा का आयोजन करने से भी रोक दिया था। स्वाभाविक रूप से ये सारी बातें तेजप्रताप यादव के मन में चुभती रही। अब जबकि दोनों भाइयों के विवाद को शांत करने के लिए लालू प्रसाद यादव पटना में नहीं है और चारा चोरी के आरोप में जेल में अपनी सजा काट रहे हैं, तब दोनों भाइयों के बीच का विवाद एक बार फिर मुखर होने लगा है।

लालू प्रसाद यादव की देखा-देखी स्वाभाविक रूप से आरजेडी के अन्य नेता भी तेजप्रताप यादव की तुलना में तेजस्वी यादव को अधिक तरजीह देते हैं। अभी जो स्थिति है, उसके मुताबिक पार्टी में लालू प्रसाद यादव के बाद तेजस्वी यादव ही सबसे शक्तिशाली नेता हैं। राबड़ी देवी पार्टी की सबसे सम्मानित नेता जरूर हैं, लेकिन पार्टी की नीतियों या कार्यक्रम तय करने के मामले में तेजस्वी यादव की ही सबसे ज्यादा चलती है।तेजप्रताप यादव यहां भी पिछड़े हुए हैं। तेजप्रताप यादव को इस बात का भी कष्ट है कि जिस तरह से पार्टी के शेष नेता तेजस्वी यादव के सामने हाजिरी बजाते हैं, वैसे उनके सामने नेताओं का जमघट नहीं लगता है। राजनीतिक तौर में छोटे भाई से पिछड़ जाने का यह कष्ट तेजप्रताप यादव के लिए असहनीय होने लगा है। माना जा सकता सकता है कि उनके इस दर्द का प्रस्फुटन ही उनके ट्विट के रूप में सामने आया है।

तेजप्रताप यादव जानते हैं की बिहार की राजनीति में खासकर आरजेडी की राजनीति में तेजस्वी यादव जिस स्थान को प्राप्त कर चुके हैं, वहां तक पहुंच पाना उनके लिए अब संभव नहीं है। ऐसा तभी हो सकता है, जब खुद लालू प्रसाद यादव तेजप्रताप यादव को तेजस्वी के ऊपर ले आयें। लेकिन लालू यादव जेल में हैं। उनकी अनुपस्थिति में तेजस्वी यादव ने न केवल पार्टी का काम अच्छी तरह से संभाला है, बल्कि उपचुनाव में भी सफलता हासिल की है। इससे पार्टी में तेजस्वी यादव का कद भी बढ़ गया है। ऐसे में अब तेजप्रताप यादव के लिए तेजस्वी से आगे निकलना काफी कठिन हो गया है। तेजप्रताप यादव भविष्य में क्या कदम उठायेंगे, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है, लेकिन ट्विटर पर उनके बगावती तेवर से यह स्पष्ट हो गया है कि लालू प्रसाद यादव के घर में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और यह बात आने वाले चुनावों में आरजेडी पर भारी भी पड़ सकती है।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.