देश को खोखला करते आंदोलन

जातीय या धार्मिक उन्माद की वजह से होने वाले आंदोलन का नुकसान देश के हर वर्ग, हर समुदाय, हर पंथ और हर जाति समूह को झेलना पड़ता है

281

देश में विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन होना कोई नई बात नहीं है। देश के विभिन्न हिस्सों में आए दिन किसी न किसी मुद्दे पर आंदोलन होते रहते हैं। इनमें से कई आंदोलन हिंसक भी हो जाते हैं जिसमें आंदोलनकारी सार्वजनिक संपत्तियों के साथ ही निजी संपत्ति का भी काफ़ी नुक़सान करते हैं। आमतौर पर आंदोलनकारियों की हिंसा का सबसे अधिक नुक़सान सार्वजनिक संपत्तियों पर ही पड़ता है। इसके अलावा आंदोलन के कारण बाज़ार भी ठप्प हो जाते हैं जो अर्थव्यवस्था के तमाम कारकों को प्रभावित करते हैं। आमतौर पर ऐसे आंदोलन कुछ दिन सुर्खियों में रहते हैं और फिर लोग उन्हें भूल जाते हैं। लेकिन आपको यह जानकर हैरत होगी कि ऐसे आंदोलनों की वजह से देश को पिछले चार सालों के दौरान प्रति व्यक्ति सवा से डेढ़ लाख रुपये का नुक़सान हो चुका है। इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस ने देश के 163 देशों का अध्ययन करने के बाद अपनी जो रिपोर्ट दी है उसके मुताबिक़ भारतीय अर्थव्यवस्था को ऐसे हिंसक आंदोलनों की वजह से सिर्फ 2017 में ही $1190 अरब का नुक़सान उठाना पड़ा है।

रुपए के संदर्भ में देखा जाए तो 2017 में आंदोलनकारियों के हिंसा की वजह से रु० 80 लाख करोड़ से अधिक की संपत्ति नष्ट हो गई। यह संपत्ति कितनी बड़ी है इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस नुक़सान का यदि प्रति व्यक्ति नुक़सान के रूप में आंकलन किया जाए तो आंदोलन-जनित हिंसा के कारण देश के हर नागरिक को लगभग रु० 40 हज़ार का नुक़सान हुआ है। यानी 2017 में आंदोलन की हिंसा के कारण ही हर व्यक्ति के हिस्से के लगभग रु० 40 हज़ार डूब गए। सकल घरेलू उत्पाद के संदर्भ में देखें तो देश को जीडीपी के 9% के बराबर नुक़सान झेलना पड़ा।

यह एक सच्चाई है कि भारत में आम लोग को नियमित तौर पर समाज में कई बार संघर्षों के गवाह बनते हैं। जातीय, धार्मिक और राजनैतिक वजहों को लेकर होने वाले ऐसे संघर्ष कई बार भयावह रूप ले लेते हैं। हालांकि हर संघर्ष या आंदोलन का हिंसा के साथ ही अंत होना जरूरी नहीं है, लेकिन इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि कई आंदोलन हिंसक हो जाते हैं। इस दौरान न केवल जमकर तोड़फोड़ की जाती है, बल्कि आगज़नी की भी कई घटनाएं होती हैं। चिंता की बात तो यह है कि भारत में ज़्यादातर हिंसक आंदोलन जातीय और धार्मिक वजहों को लेकर ही होते हैं। ऐसे आंदोलनों की कोई नीति या कोई सिद्धांत नहीं होता। इनमें सिर्फ़ उन्माद की भावना होती है जो देखते ही देखते बड़ी घटना के रूप में तब्दील हो जाती है।

कुछ समय पहले ही सरकार द्वारा आरक्षण ख़त्म करने की कोशिश की झूठी ख़बर फैला कर देश के कई हिस्सों में जातीय राजनीति करने वाली पार्टियों और संगठनों ने हिंसक आंदोलनों को हवा दी। इनमें कई लोगों की जान भी गई जबकि सार्वजनिक संपत्ति को भी जमकर नुक़सान पहुँचाया गया। इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस का आंकलन है कि इन जातीय आंदोलनों में जितनी तबाही हुई, अगर सिर्फ उसे ही टालने में सफलता मिल जाती तो जीडीपी के 7% तक के नुक़सान से बचा जा सकता था। कर्नाटक में हुए भाषा आंदोलन ने भी पूरे राज्य में हिंसक प्रदर्शनों को हवा दी। इस दौरान कई बसों को आग के हवाले कर दिया गया, सार्वजनिक संपत्तियों को तोड़ा और नष्ट किया गया।

इसी तरह अलग-अलग राज्यों में समय-समय पर इस तरह के आंदोलन होते रहे हैं। ऐसे तमाम आंदोलनों की अलग-अलग वजह गिनाई जा सकती हैं। लेकिन सच्चाई यही है कि इस तरह के सारे आंदोलन अंततः देश के ख़ज़ाने के लिए भारी पड़ते हैं, जिसकी भरपाई आम करदाताओं से कर की वसूली करके या फिर विकास की किसी योजना में होने वाले निवेश को रोककर ही किया जाता है। ये वो पैसा होता है जो देश में ढांचागत विकास के काम आ सकता था, जिनसे नई सड़कें बनाई जा सकती थीं, रेल पटरियाँ बिछाई जा सकती थीं, अस्पताल और स्कूल बनाए जा सकते थे। लेकिन यह पैसा आंदोलनों में बर्बाद हुई संपत्ति को फिर से तैयार करने में ख़र्च हो जाता है जिसका परिणाम प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से देश के हर नागरिक को भुगतना पड़ता है। राजनैतिक वजूद को मज़बूत करने और अपनी नेतागिरी चमकाने के लिए जिस तरह से पिछले चार वर्षों के दौरान उन्मादी आंदोलनों को भड़काने की कोशिश की गई है, उससे देश को काफी नुक़सान हुआ है।

अनुमान लगाया जा सकता है कि जब एक साल (2017) में ही प्रति व्यक्ति देश को रु० 40 हज़ार का नुक़सान हो चुका है तो पिछले चार वर्षों का आंकड़ा कितना बड़ा हो सकता है। इंस्टिट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस की ताजा रिपोर्ट को आधार माना जाए तो प्रति व्यक्ति नुक़सान का यह आंकड़ा पिछले तीन वर्षों में लगभग बराबर रहा है, जबकि 2014 में यह लगभग रु० 22 हज़ार था। स्वाभाविक तौर पर कहा जा सकता है कि पिछले चार सालों में राजनैतिक और जातीय संगठनों ने अपना वजूद बनाए रखने के लिए उन्मादी हिंसा का सहारा लेकर देश के हर व्यक्ति को सवा से डेढ़ लाख रुपये तक का नुक़सान करवा दिया है। यह राशि तब और विशाल नज़र आने लगती है जब इसका आंकलन जीडीपी के संदर्भ में किया जाता है। पिछले चार सालों में देश को हिंसक आंदोलनों की वजह से 2017 की जीडीपी के लगभग 32% (प्रति वर्ष औसतन 8%) का नुक़सान उठाना पड़ा है। कोई भी देश तभी आगे बढ़ सकता है, जब उस देश की जनता ख़ुद सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा के प्रति तत्पर हो।

सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण न भी किया जाए लेकिन उसे नष्ट होने से बचा ही लिया जाए, तब भी देश में विकास को अपेक्षित गति दी जा सकती है। यह विकास हर समुदाय, हर पंथ और हर जाति के लोगों का होगा। लेकिन जातीय या धार्मिक उन्माद की वजह से होने वाले आंदोलन का नुक़सान देश के हर वर्ग, हर समुदाय, हर पंथ और हर जाति समूह को झेलना पड़ता है। ज़रूरत इस बात की है कि हम व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में विचार करना शुरू करें, तभी देश को विकास की अपेक्षित गति प्राप्त हो सकती है और देश एक बार फिर सोने की चिड़िया बनने की ओर अग्रसर हो सकता है। भारत फ़िलहाल दुनिया की तीसरी सबसे तेज़ी से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था है। अगर इसमें आंदोलन जनित हिंसा की वजह से होने वाले नुक़सान को ही बचा लिया जाए तो कोई शक नहीं कि आने वाले कुछ दिनों में अपना देश दुनिया की सबसे तेज़ गति से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.