राहुल गांधी एक राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। इस पार्टी ने आजादी के बाद सबसे अधिक समय तक देश पर शासन किया है। पार्टी देश को आजादी दिलाने का श्रेय भी लेती है। इससे महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, डॉ राजेंद्र प्रसाद, मौलाना अबुल कलाम आजाद, लाल बहादुर शास्त्री जैसे नेता जुड़े रहे हैं। निश्चित रूप से कांग्रेस की विरासत काफी समृद्ध रही है। निश्चित रूप से लंबे समय तक इस पार्टी के प्रति जनता का विश्वास भी बना रहा। दुर्भाग्य से अब इस पार्टी के पास वैसा कोई भी नेता नहीं बचा है, जिसकी तुलना जवाहरलाल नेहरु, लाल बहादुर शास्त्री या इंदिरा गांधी से की जा सके। पार्टी में परिवार की परंपरा कायम रहने के कारण राहुल गांधी इसके अध्यक्ष जरूर बन गये हैं, लेकिन जब से उन्होंने पार्टी की कमान संभाली है, तब से कांग्रेस लगातार गर्त की ओर ही जा रही है। एक पंजाब छोड़कर पार्टी कहीं भी जीत नहीं सकी है। कहा जा सकता है कि कांग्रेस ने कर्नाटक में सत्ता बचा ली है, लेकिन सच सबको मालूम है। विधानसभा चुनाव में कर्नाटक में उसको जबरदस्त नुकसान का सामना करना पड़ा और सिर्फ बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने के लिए ही उसने 37 सीट जीतने वाली जेडीएस के सामने समर्पण कर दिया। समझा जा सकता है कि कांग्रेस नेताओं खासकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के दिल पर क्या बीत रही होगी। यही कारण है कि राहुल गांधी अब हर मुद्दे को राजनीति से जोड़ने लगे हैं। भले ही वो मुद्दा राजनीति करने लायक हो या न हो।
सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत बिगड़ने की वजह से उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। ये सूचना आने के बाद शाम 6.20 बजे राहुल गांधी ने एम्स जाकर उनसे मुलाकात की। राहुल गांधी के बाद 7.30 पर स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एम्स पहुंचे। जबकि उसके पंद्रह मिनट बाद पौने आठ बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अस्पताल आए और वहां लगभग 50 मिनट रुक कर डॉक्टरों से वाजपेयी जी की सेहत के बारे में और उनके इलाज के बारे में जानकारी ली। इसमें ऐसा कुछ नहीं था जिसे राजनीतिक मुद्दा बनाया जाए, लेकिन राहुल गांधी ने इसे भी मुद्दा बना डाला। मंगलवार को मुंबई की एक रैली में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी वाजपेयी जी की इज्जत नहीं करते, इसीलिए वे उनको देखने देर से गये, जबकि मैं उनका अधिक सम्मान करता हूं इसलिए सबसे पहले उनको देखने गया। लगे हाथ उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी का नाम भी ले लिया और कहा कि ‘आडवाणी जी मोदी जी के गुरु रहे हैं लेकिन मोदी जी अपने गुरु की ही इज्जत नहीं करते हैं, मुझे यह देखकर बुरा लगता है।
कांग्रेस पार्टी आडवाणी जी की मोदी जी से ज्यादा इज्जत करती है।’ इसमें कोई शक नहीं है कि मोदी राहुल गांधी के बाद एम्स पहुंचे। लेकिन, व्यस्तता के लिहाज से देखा जाये, तो एक प्रधानमंत्री की व्यस्तता किसी भी पार्टी के अध्यक्ष की व्यस्तता से अधिक होती है। बहुत संभव है कि जब मोदी के पास वाजपेयी जी के इन एम्स में भर्ती होने की खबर आयी हो, उस समय वे किसी मीटिंग में व्यस्त हों या किसी विदेशी प्रतिनिधिमंडल के साथ हों। वाजपेयी जी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर जब आई थी, उसी समय स्पष्ट कर दिया गया था कि उनकी हालत चिंताजनक नहीं है। ऐसे में प्रधानमंत्री के लिए किसी जरूरी मीटिंग को छोड़कर अस्पताल पहुंचना कोई बहुत जरूरी नहीं था। लेकिन, राहुल गांधी इसे मुद्दा बनाने से नहीं चूके। जहां तक राहुल गांधी का यह कहना कि मोदी अपने गुरुओं का सम्मान नहीं करते, तो उन्हें यह भी याद रखना चाहिए की कांग्रेस में मनमोहन सिंह राहुल गांधी से काफी सीनियर हैं। मनमोहन सिंह की सरकार द्वारा तैयार किये गये एक अध्यादेश को राहुल गांधी ने ही मीडिया के कूड़े में फेंकने लायक कहा था। बुरी तरह से अपमानित मनमोहन सिंह ने बाद में वो अध्यादेश वापस ले लिया था। इसके अलावा भी कई मौकों पर राहुल गांधी ने प्रत्यक्ष और परोक्ष मनमोहन सिंह को अपमानित किया था। लेकिन आज वे अपना बर्ताव भूल चुके हैं और एक ऐसे मुद्दे का राजनीतीकरण करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका कोई आधार ही नहीं है।
राहुल गांधी एक राजनीतिक परिवार से हैं। जन्म से ही उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति को निकट से महसूस किया है। मां, पिताजी, चाचा, चाची, चचेरा भाई, दादी, दादा और दादी के पिताजी तक सब कोई राजनीति से जुड़ा रहा है। लेकिन इस माहौल में रहकर भी दुर्भाग्य से राहुल गांधी राजनीति नहीं सीख सके हैं। किसी भी नेता को कम करके नहीं आंकना चाहिए, लेकिन राहुल गांधी ने अपने बर्ताव से जाहिर कर दिया है कि इतने साल से सांसद रहने के बावजूद उनमें राजनीतिक परिपक्वता अभी तक नहीं आयी है। यह भी एक बड़ी वजह है कि विपक्ष के प्रस्तावित महागठबंधन में कोई भी उन्हें अपना नेता मानने को तैयार नहीं है। राहुल गांधी को समझना पड़ेगा कि ऊटपटांग बयान ही उनकी सबसे बड़ी कमजोरी है और इस कमजोरी का असर उनकी पूरी पार्टी पर पड़ेगा। हो सकता है कि 2019 के चुनाव में एंटी इस्टैब्लिशमेंट वोट के कारण लोकसभा में कांग्रेस की स्थिति में थोड़ा सुधार हो जाये। बावजूद इसके, सच्चाई यही है कि राहुल गांधी यदि ऐसी ही अपरिपक्व राजनीति करते रहे, तो देश को कांग्रेस मुक्त भारत बनाने में वे खुद सबसे बड़े किरदार साबित होंगे। इस काम के लिए मोदी जैसे किसी दूसरे नेता की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।

