जमीनी हकीकत से दूर कुछ सरकारी फैसलों से किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों की आर्थिक हालात निरंतर दयनीय होती जा रही है। ऐसे विपरीत हालात में सरकार अफीम से निकलने वाले कोडिन को भी प्रतिबंधित करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। जिससे राजस्थान और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों के किसानों पर बिजली गिर सकती है। याद दिला दें कि हाल ही में स्वास्थ्य मंत्रालय ने अफीम अल्कोलाइड से बनने वाले सुरक्षित कोडीन आधारित खांसी के सीरप को प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव दिया है। दोनों राज्यों में अफीम की अधिकृत खेती कर रहे किसानों का मानना है कि इसे लागू कर दिया गया तो अफीम की खेती करने वाले किसानों की रोजी रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा इस मामले में एक विशेषज्ञ कमेटी गठित की गई है, जो कोडीन आधारित दवाइयों से जुड़ी सुरक्षा, प्रभाव और चिकित्सा में प्रामाणिकता की समीक्षा करेगी। कमेटी कोडीन आधारित खांसी के सीरप पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है जबकि सूत्रों का कहना है कि खांसी के ये सीरप क्लिनिकल रूप से सुरक्षित है और 1995 में ड्रग कंट्रोल जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने इसे मंजूरी दी है। कमेटी जुलाई के पहले सप्ताह में अपनी रिपोर्ट दे देगी। स्वास्थ्य मंत्रालय का मानना है कि कोडीन का उपयोग नशे की दवा के रूप में किया जाने लगा है। यह स्थिति चिंताजनक मानी गई है, जिससे खांसी के सीरप को प्रतिबंधित करने की तैयारी की जा रही है। जबकि तथ्यों पर गौर करें, तो कोडीन सीरप को दशकों से दुनियाभर में गंभीर दर्द निवारक व सूखी खांसी पर रोक लगाने के लिए सबसे प्रभावी माना जाता है। इंडियन ड्रग मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (आईडीएमए) के नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सबस्टेंस (एनडीपीएस) कमेटी के चेयरमैन देवेश मालाडी ने बताया कि एनआईएमएचएएनएस के आंकड़ों के अनुसार 21 फीसदी शराब के मुकाबले कोडीन के दुरुपयोग के 0.7 फीसदी नमूने सामने आए है। इससे पता चलता है कि खांसी की दवा के दुरुपयोग के मामले नगण्य हैं। ऐसे में इसका दुरुपयोग रोका जाए न कि प्रभावी व सुरक्षित दवाई कमाल को बंद कर दिया जाए। जबकि सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स किसानों को अफीम की खेती के लिए लाइसेंस देता है।
फिलहाल भारत में अफीम अल्कोलाइड निकालने के लिए नीमच और गाजीपुर में दो सरकारी फैक्ट्रियां हैं। कोडीन फाॅस्फेट की बिक्री से दोनों राज्यों को 90 फीसदी से ज्यादा राजस्व मिलता है। दोनों उद्योगों में लगभग 1000 लोग काम करते है। ऐसे में सरकार ने कोडीन से बनी खांसी की दवाइयों पर प्रतिबंध लगाया तो नीमच में सरकारी अफीम अल्कोलाइड फैक्ट्री (गवर्नमेंट ओपियम अल्कोलाइड फैक्ट्री (जीओएफ) बंद हो सकती है। राजस्थान में हाड़ौती क्षेत्र व समीपवर्ती मध्यप्रदेश के जिलों की कृषि भूमि व जलवायु अफीम की खेती के अनकूल होने से बड़ी संख्या में किसान लाइसेंस लेकर अफीम की खेती करते थे, लेकिन निरंतर कड़े प्रावधानों एवं सरकारी नियंत्रण से किसानों ने इससे मुंह फेर लिया है। डोडा पोस्त से किसानों की आय बढ़ने लगी थी लेकिन वे कानूनी शिकंजे में पिसते चले गए।
भारत में एक दशक से अफीम की खेती 26,000 हेक्टेयर से घटकर साल 2016 तक 1050 हेक्टेयर रह गई। अर्थात 26 प्रतिशत पैदावार कम हुई है। 2018 तक इसकी पैदावार में और गिरावट आ गई है। दोनों राज्यों में पिछले 10 वर्षों में 1.60 लाख किसान अफीम की खेती कर रहे थे, आज इनकी संख्या सिमटकर 50 हजार रह गई है। वर्ष 2017 में राजस्थान के झालावाड़ जिले में अफीम की खेती के 3000 लाइसेंस रद्द कर दिए गए। दूसरा पहलू देखें तो एक ओर देश में अफीम की कीमतें खेती घट रही है, वहीं दुनियाभर में अफीम से निर्मित दवाइयों की मांग कई गुना बढ़ चुकी है। राज्य में झालावाड जिले के मानपुरा गांव में चार दशक से जैविक खेती कर रहे हुकमचंद पाटीदार बताते हैं कि दोनों राज्यों सहित देश में अफीम की खेती करने वाले किसान ड्रग्स नहीं उगा रहे हैं। बल्कि वे अफीम की पैदावार पर आधारित दवाएं लाखों जरूरतमंद मरीजों तक पंहुचाने का काम कर रहे हैं।

