अंबुवासी मेला- कामाख्या धाम में भक्ति की गंगा

शिविर से मंदिर के रास्तों तक श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए असम परिवहन निगम की ओर से 70 बड़ी बस और 25 छोटी बसों को मुहैया कराया गया था

354

भारत के सभी पर्व और त्योहार प्रकृति के बदलाव को कहीं न कहीं प्रतिबिंबित करते हैं। असम धार्मिक लिहाज से भी काफी अमीर है। शक्ति की देवी मां कामाख्या धाम पूर्वोत्तर वासियों के लिए सबसे बड़ा तीर्थ स्थल है। कामाख्या धाम में प्रतिवर्ष ऐतिहासिक अंबुवासी मेले में शामिल होने के लिए न सिर्फ पूर्वोत्तर, बल्कि समूचे भारतवर्ष के साथ ही विदेशों से श्रद्धालु और दर्शनार्थी पहुंचते हैं। अंबुवासी मेले को पूर्वोत्तर का कुंभ भी कहा जाता है।

असम में पहली बार बीजेपी की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार के सत्ता संभालते ही दूसरे महीने में यानी जून माह में अंबुवासी मेले को आयोजित करना पड़ा। सरकार ने इसके लिए सभी तरह की तैयारियां कीं। दूसरे वर्ष सरकार ने मेले में अधिक से अधिक लोगों को शामिल कराने के लिए देश के विभिन्न राज्यों में कार्यक्रम आयोजित कर कामाख्या धाम व अंबुवासी मेले की विशेषताओं को प्रचारित किया। धार्मिक कथाओं व मान्यताओं के अनुसार वर्ष में एक बार मां कामाख्या अंबुवासी योग के दौरान रजस्वला होती हैं। जिसके चलते पूरे अंबुवासी योग के समय मंदिर में पूजा-पाठ बंद रहता है। श्रद्धालु नीलांचल पहाड़ी व तलहटी में बैठकर साधना करते हैं। मंदिर का कपाट खुलने के बाद श्रद्धालु माता रानी का दर्शन करने के पश्चात अपने घरों को लौट जाते हैं। वहीं दूसरी ओर अंबुवासी योग का तांत्रिकों को पूरे वर्ष भर इंतजार रहता है। कहते हैं तंत्र साधना की पूर्णाहुति अंबुवासी योग के दौरान ही होती है। इसलिए नीलांचल पहाड़ी की अनेक गुफाओं में तंत्र साधक पूरे अंबुवासी योग के समय कठिन तपस्या कर तंत्र साधना की अंतिम क्रिया को संपन्न करते हैं।

अंबुवासी मेले में असम पर्यटन उन्नयन निगम नोडल एजेंसी के रूप में काम किया। मेले का उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने किया था।वही अंबुवासी योग्य के समापन अवसर पर राज्यपाल प्रोफेसर जगदीश मुखी और मुख्यमंत्री सोनोवाल ने मां कामाख्या का दर्शन किया। जिसके बाद मेले में आए श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन किया। कामाख्या धाम में अंबुवासी मेले के अवसर पर आए श्रद्धालुओं की गिनती के लिए लेजर लाइट का पहली बार प्रयोग किया गया। जिसके तहत मिले आंकड़ों के अनुसार इस बार कामाख्या मंदिर परिसर में 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रवेश किया। जबकि, अन्य सूत्रों का दावा है कि इस बार लगभग 30 लाख श्रद्धालु कामाख्या धाम में पहुंचे थे। जिला प्रशासन ने अंबुवासी मेले में आने वाले तीर्थ यात्रियों और श्रद्धालुओं केलिए बेहतर इंतजाम किया था। कामरूप (मेट्रो) जिले के जिलाधिकारी वीरेंद्र मित्तल ने काफी पहले ही यह निर्देश दिया था कि इस बार कामाख्या धाम तक कोई भी वाहन नहीं चलेगा। नीलाचल पहाड़ी की तलहटी से पहाड़ी पर चढ़कर मंदिर तक जाने के लिए कुल 4 पैदल रास्ते हैं। जिन पर लाइट और जगह-जगह पेयजल की सुविधा प्रशासन ने मुहैया कराई थी।

श्रद्धालुओं के लिए सरकार की ओर से कुल छह अस्थायी पंडाल लगाए गए थे। जहां पर 50 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। पंडाल में श्रद्धालुओं के निःशुल्क भोजन, पेयजल, चिकित्सा व शौचालय की व्यवस्था की गई थी। शिविर से मंदिर के रास्तों तक श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए असम परिवहन निगम की ओर से 70 बड़ी बस और 25 छोटी बसों को मुहैया कराया गया था। विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पंडालों में भंडारे की व्यवस्था थी। सुरक्षा के लिहाज से पूरे कामाख्या धाम को पुलिस ने 6 जोन में बांटा था। जिसका नेतृत्व एसपी स्तर केअधिकारी को दिया गया था, वहीं नीचे से मंदिर तक दिव्यांग, बीमार और बुजुर्ग लोगों को पहुंचाने के लिए ह्वील चेयर की व्यवस्था थी। कामाख्या धाम प्रशासन की ओर से मेला परिसर में 150 स्थायी सुरक्षाकर्मियों के अलावा 400 स्काउट एंड गाइड, 50 एनसीसी और 400 स्वयंसेवकों को लगाया गया था। मंदिर के 300 मीटर के दायरे में लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे सभी तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। अंबुवासी योग की प्रवृत्ति 22 जून की रात 9 बजकर 27 मिनट और 54 सेकंड पर आरंभ हुई। इसके साथ ही मंदिर का कपाट पूजा-पाठ के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया। 26 जून की सुबह 7 बजकर 51 मिनट और 58 सेकंड पर अंबुवासी योग की निवृत्ति के बाद विधि विधान के साथ मंदिर का कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोला गया। मंदिर के कपाट खुलने के बाद दर्शन की लालसा को लेकर श्रद्धालु 25 जून की शाम 6 बजे से ही मंदिर के मुख्य द्वार के सामने से कतारबद्ध होना शुरू हो गए। 26 जून की देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता खत्म नहीं हुआ, तो मंदिर प्रबंधन ने 27 जून को भी श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए व्यवस्था बनाए रखा। साथ ही मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के खाने-पीने का कामाख्या देवालय ने प्रबंध किया।

इस बार मेले में रूस, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश आदि से काफी संख्या में श्रद्धालु और दर्शनार्थी आए थे। रूस से 15 सदस्यीय एक टीम अंबुवासी मेला में शोध करने के लिए पहुंची थी। जबकि मेले के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में साधु-संतों एवं नगा साधुओं का जमावड़ा लगा रहा। अंबुवासी मेले के दौरान कामाख्या धाम को तंबाकू और प्लास्टिक फ्री जोन बनाया गया था। कामाख्या धाम मंदिर प्रबंधन की ओर से 200 अस्थायी सफाई कर्मचारियों को नियुक्त किया गया था। वहीं गुवाहाटी नगर निगम ने भी मेला परिसर को गंदगी से मुक्त रखने के लिए काफी संख्या में सफाई कर्मियों को तैनात किया था। मेला परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं ने साफ-सफाई को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। कामरुप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने मेले में बेहतर सफाई के लिए पुरस्कार देने की भी घोषणा पूर्व में भी की थी। इस तरह राजधानी गुवाहाटी 22 से 26 जून तक पूरी तरह से भक्ति की गंगा में गोता लगाती रही।साधु-संत, तांत्रिक नीलाचल पहाड़ी पर साधना में तल्लीन रहे। नीलाचल पहाड़ी के ऊपर और तलहटी वाले इलाकों में भक्ति की लगातार पांच दिनों तक अविरल धारा बहती रही।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.