क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ में जो घटा उसने देश में राजनीतिक दलों द्वारा तुष्टीकरण की राजनीति किस तरह से की जाती है, इसकी याद फिर से ताजा कर दी है। जिस तरह से पासपोर्ट विभाग के अधिकारी विकास मिश्रा को तन्वी निकाहनामे के बाद बदला नाम सादिया असद तथा उसके मुस्लिम पति अनस सिद्दीकी के पासपोर्ट न बनाने को लेकर जल्दबाजी करते हुए कठघरे में खड़ा किया गया, उससे यही संदेश गया कि विदेश मंत्रालय ने अपने ही अधिकारी के साथ न्याय नहीं किया है।
यदि कोई गलत जानकारी देकर और धर्म की आड़ लेकर अपना मतलब साधना चाहे तो क्या उसे बिना जांच के सही ठहरा देना चाहिए? असल में लगनऊ पासपोर्ट विवाद भी कुछ इसी तरह का दिखाई दे रहा है। प्रश्न यह है कि क्यों यह महिला अपने दोनों नाम बनाए रखना चाहती है। व्यक्ति की आधिकारिक पहचान तो उसके एक ही नाम से होती है, यहां उक्त महिला अपनी एक कहानी बनाती है, उसमें वह आरोप लगाती है कि पासपोर्ट अधिकारी ने उसे धर्म के नाम पर अपमानित करने का प्रयास किया। इसके बाद तन्वी और अनस ने इसका विरोध करते हुए विदेश मंत्रालय से शिकायत करते हुए केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को अपने ट्वीट में इस विवाद की जानकारी दी। उसके बाद विदेश मंत्रालय तुरंत ही इस कपल को पासपोर्ट बनाकर दे देता है। फिर पासपोर्ट कार्यालय की सफाई आती है कि आरोपी अधिकारी विकास मिश्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह अभी हाल ही में हुई दिल्ली की एक घटना है, वहां एक पत्रकार को ओला कैब के ड्राइवर ने जामिया नगर से पहले ही उतार दिया यह कहकर कि “जामिया एक गन्दी लोकैलिटी है। वहां अजीब लोग रहते हैं।” उसके बाद पत्रकार ने ओला कंपनी में शिकायत की जिसमें कहा गया कि मुस्लिम बाहुल्य इलाके में रहने की वजह से उनके साथ ऐसा व्यवहार हुआ। ओला ने पत्रकार से माफी मांगी और अपने ड्राइवर को बर्खास्त कर दिया। एफआईआर हुई सो अलग। यहां भी किसी ने ड्राइवर का पक्ष जानना नहीं चाहा। यह मामला भी मीडिया की सुर्खियों में आया, किंतु इससे जुड़ी सच्चाई कहीं दबी रह गई। इस पूरे प्रकरण को हिन्दू-मुस्लिम रंग देने की भी कोशिश की थी। लेकिन जो दिल्ली में जामिया के इलाके को जानते हैं, उन्हें मालूम है कि जामिया क्या है? शाम ढलने के बाद रिक्शेवाले, ऑटो और टैक्सीवाले जामिया नगर में अंदर जाने से बचते हैं। उनके डरने का जो मूल कारण है वह है मार-पीट, लूट खसोट।
ठीक इस प्रकरण के समान ही पासपोर्ट अधिकारी का पक्ष जानने की कोशिश किसी ने नहीं की जबकि सरकारी काम, कानून के अंतर्गत नियम से पूरे किए जाते हैं। यहां भी ओला ड्राइवर की तरह तुष्टीकरण हुआ है। आगे जो सच्चाई इस संदर्भ में निकलकर सामने आई है उसके अंतर्गत सत्य पक्ष है कि किसी भी पासपोर्ट अधिकारी को किसी के धर्म से कोई मतलब नहीं होता उसे तो पासपोर्ट के मैन्युअल के मुताबिक फैसला लेना होता है, जिसमें आवेदक की जानकारी की कॉलम वाइज पुष्टि करनी होती है और निवेदक को अपना नाम स्पष्ट करना रहता है।
इस प्रकरण में तन्वी उर्फ सादिया असद जोकि एक निवेदक थी नोएडा की रहने वाली है, इसलिए उसे पासपोर्ट के लिए गाजियाबाद में अप्लाई करना चाहिए था। किंतु उसने इस तथ्य को छिपाया और लखनऊ का पता दिखाकर पासपोर्ट लेने के लिए निवेदन किया जोकि नियमानुसार गलत था, ऐसे ही अन्य कई जानकारियां उसके द्वारा गलत दी गईं। आप पासपोर्ट की वेबसाइट पर मौजूद फॉर्म को देखिए उसके एक कॉलम में साफ लिखा हुआ है कि ‘हैव यू एवर चेंज योर नेम’ मतलब क्या आपने कभी अपने नाम में बदलाव किया है। तन्वी को कॉलम में हाँ करते हुए पुराना नाम देना चाहिए था। जैसे ही वो हां में जवाब देती तो सिस्टम से ऑटोमैटिक एक तहकीकात होती, जिसके बाद उनसे उनके पुराने नाम की मांग की जाती, लेकिन ये महिला अपना नाम देना ही नहीं चाहती थी। नाम पूछने पर दंपति ने निकाहनामा दिखाया जिसमें सादिया हसन नाम था किंतु उस नाम को वो आवेदन पत्र में शामिल नहीं कराना चाहती थी। जब विकास मिश्रा ने आवेदन पत्र में नाम चढ़ाने के लिए आग्रह किया तो उसने इसके लिए मना कर दिया। इसके बाद मामले को एपीओ अधिकारी के पास भेज दिया गया। उन्होंने दंपति से पूछा कि आप नोएडा में रहती हैं तो पता चढ़ाने के लिए क्यों मना कर रही हैं। दंपति ने वहां भी मना कर दिया। जिसके बाद एपीओ ने उनकी फाइल को पॉलिसी सेंटर भेज दिया। इस पूरी घटना के प्रकरण में वहां मौजूद कई लोगों ने देखा भी कि किस तरह से ये दंपत्ति दफ्तर में चिल्ला रहे थे। उन्होंने अधिकारी को धमकी भी दी कि हम सक्षम लोग हैं, हम पुलिस रिपोर्ट दर्ज करवाएंगे। इसके साथ ही समझनेवाली बात यह है कि पासपोर्ट मैन्युअल 2016 में अंतरजातीय विवाह करने पर आवेदक को एक घोषणा पत्र में केवल इतना लिखना होता है कि उसने जिससे शादी की है उसका नाम व पता।
पासपोर्ट एक्ट 1967 के तहत नाम बदलने पर पासपोर्ट के आवेदन में लगे एक बॉक्स में सही का निशान लगाकर दूसरा नाम भी जोड़ना पड़ता है। यहां तक कि घर का नाम भी बताया जाता है। जिससे एक आदमी के अलग नाम से पासपोर्ट न बन सकें। तन्वी के पति का नाम मुस्लिम होने पर यहां मिश्र ने भी इस नियम के बारे में बताया था कि यदि अंतरजातीय विवाह हुआ है तो उनको दूसरा नाम बताना चाहिए। तन्वी ने निकाह के बाद धर्म परिवर्तन कर लिया था। उनका नाम निकाहनामा में सादिया असद था। ऐसे में नाम आवेदन पर बढ़ाने के लिए उनको एपीओ के पास भेजा गया था, किंतु तन्वी उर्फ सादिया असद एवं उसके पति ने इसी बात को लेकर पासपोर्ट अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया। झूठी शिकायत कर आगे के अधिकारी एवं विदेश विभाग के अधिकारियों की संवेदना प्राप्त की। अपनी बातों से भ्रमित किया। वह अवश्य ही चिंतन का विषय है।


