HomeArchivesराज्यसभा चुनाव में सफल रही बीजेपी की रणनीति

राज्यसभा चुनाव में सफल रही बीजेपी की रणनीति

बीजेपी भविष्य की अपनी चुनावी रणनीति के तहत ये नहीं चाहती है कि कभी भी समाजवादी पार्टी और बीएसपी का गठबंधन हो। ऐसा गठबंधन होने से यादव-दलित-मुस्लिम वोट पूरी तरह से एकजुट होकर बीजेपी के खिलाफ जा सकते हैं

जो काम बीजेपी गुजरात में नहीं कर सकी, वो उसने उत्तर प्रदेश में कर दिखाया। गुजरात में जब राज्यसभा के लिए वोटिंग हुई थी, उस समय बीजेपी अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद कांग्रेस के अहमद पटेल को राज्यसभा में पहुंचने से नहीं रोक सकी थी। लेकिन उत्तर प्रदेश में पार्टी के नौवें प्रत्यासी अनिल अग्रवाल को जिस तरह से जीत मिली और समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस के समर्थन के बावजूद बीएसपी प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर को हार का सामना करना पड़ा, उसने बीजेपी खेमे में एक बार फिर उत्साह का माहौल बना दिया है।

राज्यसभा में रिक्त हो रही 58 सीटों के लिए अभी चुनाव होना था। इनमें से दस राज्यों के 33 प्रत्याशी तो पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गये थे। शेष 25 सीटों के लिए उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में शुक्रवार को वोटिंग हुई थी। इन छह राज्यों में भी सबकी नजर मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश पर ही टिकी हुई थी, जहां बीजेपी ने अपने नौ प्रत्याशी उतारकर बीएसपी के भीमराव अंबेडकर की दावेदारी को खतरे में डाल दिया था।

विधानसभा में विधायकों की संख्या के लिहाज से बीजेपी के आठ और समाजवादी पार्टी के एक प्रत्याशी का जीतना पहले से ही तय था। जबकि आखिरी दसवीं सीट के लिए किसी भी दल के पास अपेक्षित संख्या में विधायक नहीं थे। इस सीट पर बीएसपी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के समर्थन से अपने प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर को उतारा, लेकिन वोटिंग के दौरान बीजेपी की रणनीति काम कर गयी और भीमराव अंबेडकर का ऊपरी सदन तक पहुंचने का सपना अधूरा ही रह गया।

दरअसल राज्यसभा चुनाव के पहले राज्य की दो संसदीय सीट गोरखपुर और फूलपुर पर हुए उपचुनाव के दौरान बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने समाजवादी पार्टी को समर्थन दिया था, जिसके परिणामस्वरूप समाजवादी पार्टी इन दोनों सीटों को सत्तारूढ़ बीजेपी के कब्जे से छीनने में सफल रही थी। मायावती ने उसी वक्त इस बात का संकेत दे दिया था कि गोरखपुर और फूलपुर में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने के एवज में समाजवादी पार्टी से राज्यसभा चुनाव के दौरान अपने प्रत्याशी के लिए रिटर्न गिफ्ट मांगेगी। लेकिन बीजेपी की नपी तुली चाल के आगे समाजवादी पार्टी और बीएसपी की सारी रणनीति धरी की धरी रह गयी।

वोटिंग खत्म होने के बाद बीएसपी और समाजवादी पार्टी की ओर से बीजेपी के पक्ष में पड़े कुछ मतों को रद्द करने की भी मांग की गयी, जिसकी वजह से काफी देर तक काउंटिंग का काम शुरू नहीं हो सका। लेकिन बाद में चुनाव अधिकारी ने दोनों दलों की आपत्तियों को रद्द कर काउंटिंग शुरू करा दिया। कुछ ही देर में बीजेपी की ओर से अरुण जेटली, अनिल जैन, जेवीएल नरसिम्हा राव, अशोक वाजपेयी, हरनाथ सिंह यादव, कांता कर्दम, विजयपाल तोमर और सकलदीप राजभर को निर्वाचित घोषित कर दिया गया, जबकि समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी जया बच्चन को भी आसानी से राज्यसभा पहुंचने की चाभी मिल गयी। मामला दसवीं सीट पर ही अटका था। इस सीट को लेकर काफी देर तक सस्पेंस की स्थिति बनी रही। मुकाबला बीएसपी के भीमराव अंबेडकर और बीजेपी के अनिल अग्रवाल के बीच था। दोनों ही प्रत्याशी प्रथम वरीयता के 37 वोटों के निर्धारित कोटे तक पहुंच पाने में असफल रहे। हालांकि भीमराव अंबेडकर को प्रथम वरीयता के वोट अनिल अग्रवाल की तुलना में ज्यादा मिले थे, लेकिन अपेक्षित 37 की संख्या तक पहुंच पाने में विफल रहने की वजह से मामला द्वितीय वरीयता के वोटों की काउंटिग तक खिंच गया। और यहां अंबेडकर को मुंह की खानी पड़ी। बीजेपी प्रत्याशी अनिल अग्रवाल ने पर्याप्त संख्या में द्वितीय वरीयता के वोट प्राप्त कर अपने लिए राज्यसभा का दरवाजा खोल लिया, जबकि भीमराव अंबेडकर की इस चुनावी यात्रा पर यहीं विराम लग गया।

परिणामों की घोषणा होने के बाद बीएसपी जहां बीजेपी पर हमलावर होती नजर आयी वहीं बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस जीत को राज्य की जनता की जीत बताते हुए एसपी-बीएसपी गठबंधन को अवसरवादी गठबंधन करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस चुनाव से समाजवादी पार्टी की अवसरवादिता का पर्दाफाश हो गया है। ये पार्टी जरूरत पड़ने पर दूसरे से तो ले सकती है, लेकिन अपनी ओर से दूसरे को कुछ दे नहीं सकती है। मुख्यमंत्री का ये तंज दरअसल बीजेपी की आगे की रणनीति का भी संकेत देता है। उन्होंने अपनी बात से बीएसपी को इस बात का स्पष्ट इशारा दिया है कि यदि समाजवादी पार्टी ने दिल से बीएसपी प्रत्याशी का समर्थन किया होता तो राज्यसभा चुनाव में उसके उम्मीदवार भीमराव अंबेडकर की जीत भी हो सकती थी, लकिन समाजवादी पार्टी ने ऐसा नहीं किया।

बीजेपी भविष्य की अपनी चुनावी रणनीति के तहत ये नहीं चाहती है कि कभी भी समाजवादी पार्टी और बीएसपी का गठबंधन हो। ऐसा गठबंधन होने से यादव-दलित-मुस्लिम वोट पूरी तरह से एकजुट होकर बीजेपी के खिलाफ जा सकते हैं। मतों की ये एकजुटता गोरखपुर और फूलपुर संसदीय सीट के लिए हुए उपचुनाव में भी बीजेपी के लिए भारी पड़ी थी और अगर ये एकजुटता बनी रही तो आगे भी बीजेपी के लिए चुनावी सफलता की बात कठिन ही बनी रहेगी। हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी के उलट बीएसपी नेता सतीश मिश्रा ने समाजवादी पार्टी के सहयोग के लिए उसका आभार जताया और बीजेपी पर चुनाव जीतने के लिए धनबल और सत्ताबल का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए ये भी कहा कि उनके दो विधायकों को अगवा कर लिया गया था और पार्टी समर्थकों को धमकी दी गई थी। इसके साथ ही काउंटिंग के दौरान निर्वाचन अधिकारी की तरफ से भी बेईमानी हुई। हालांकि समाजवादी पार्टी के साथ आगे भी चुनावी गठबंधन बनाये रखने की बात पर कोई भी टिप्पणी करने से उन्होंने यह कहकर इनकार कर दिया कि इस संबंध में कोई भी फैसला पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ही लेंगी।

बहरहाल, उत्तर प्रदेश में अपनी सफल चुनावी रणनीति की बदौलत बीजेपी ने अपने नौवें प्रत्याशी को भी राज्यसभा तक पहुंचा कर अहम कामयाबी अर्जित की है, वहीं बीएसपी उम्मीदवार का रास्ता रोककर उसने विपक्ष के हौसले को भी कुंद करने का काम किया है। इस बार के राज्यसभा चुनाव में कुल रिक्त हुई सीटों में से आधी सीट जीतकर बीजेपी ने ऊपरी सदन में अपनी स्थिति और भी मजबूत कर ली है। झारखंड में यद्यपि पार्टी का दांव नहीं चल सका और उसके दूसरे उम्मीदवार प्रदीप सोंथालिया 0.01 मत से पिछड़ जाने की वजह से ऊपरी सदन तक पहुंचने का अपना सपना पूरा नहीं कर सके। इसके बावजूद इस बार के राज्यसभा चुनाव से पार्टी का उत्साह बढ़ा है। हालांकि अभी भी बीजेपी सदन में बहुमत से दूर ही है। राज्यसभा में बहुमत तक पहुंचने के लिए अभी उसको लंबा सफर तय करना पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/दिव्य उत्कर्ष

- Advertisement -

Expositions

How Bal Gangadhar Tilak transformed Ganesh Chaturthi

How Bal Gangadhar Tilak transformed Ganesh Chaturthi from a private household ritual into a grand public festival, uniting communities and fuelling India’s freedom movement

Kali Puja vs Lakshmi Puja: 5 Divine Contrasts Between Diwali In Bengal & North India

Kali Puja vs Lakshmi Puja: The historical, theological and cultural roots of the difference between Diwali celebrations in Bengal and north India explained

Why Gupt Navratri is observed, how, when and by whom

Adhering to the rituals associated with Gupt Navratri, as mentioned in Devi Bhagavata Purana, is believed to bring wealth, prosperity, and happiness into one's life
Swadharma
Swadharmahttps://swadharma.in/
Swadharma is a one-stop web destination for everything Hindu. We will cover history, theology, literature and rituals of all sects of Hinduism one by one besides news of the state of the Hindu community worldwide through videos, podcasts, reports and articles.

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

More like this

आरक्षण की आड़ में प्रतिभा का कत्ल? SC-ST Act के कथित दुरुपयोग से समानता का गला घोंटता कानून

सामाजिक न्याय की ढाल जरूरी, लेकिन क्या संरक्षण की व्यवस्था कहीं समान अवसर, मेरिट और कानून के निष्पक्ष इस्तेमाल पर भारी पड़ रही है? आरक्षण से लेकर एससी-एसटी एक्ट तक व्यवस्था के भीतर सुधार की जरूरत पर गंभीर सवाल

The Kerala Story से कालड़ी तक — बदलते केरल की कहानी में शंकराचार्य, जनसांख्यिकी, धर्मांतरण के सवाल

‘द केरल स्टोरी’ के शोर, जनगणना के आंकड़ों और अदालती रिकॉर्ड के बीच एक राज्य को पढ़ने की कोशिश