देश का आयात बिल बढ़ने पर केंद्र सरकार कुछ चीजों का आयात शुल्क बढ़ाती रही है, ताकि उन चीजों के आयात को हतोत्साहित किया जा सके, जिससे आयात बिल तथा व्यापार घाटा दोनों ही काबू में रहें। ऐसी चीजों में एक प्रमुख चीज सोना भी है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा सोने का आयातक देश है। अब सरकार ने रूस से बांड बेसिस पर सोने का आयात करने की योजना बनाकर एक तीर से कई निशाना साधने की कोशिश कर रही है। ऐसा करके वो जहां स्वर्णाभूषण निर्माताओं की मदद करने की कोशिश कर रही है, वहीं आयात बिल तथा व्यापार घाटे को भी काबू करने की भी कोशिश कर रही है। साथ ही एक इरादा रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी करने का है। बांड बेसिस पर आयात करने का मतलब यह है कि इसके तहत खरीदा गया सोना ड्यूटी फ्री होगा। यानी उस पर कोई आयात शुल्क नहीं लगेगा। इस ड्यूटी फ्री सोने का पूरा उपयोग स्वर्णाभूषण बनाकर विदेशी बाजार में निर्यात करने में किया जायेगा। भारतीय स्वर्णाभूषणों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी मांग है और स्वर्णाभूषणों के निर्यातकों को इससे हर साल काफी अच्छी कमाई होती है। अभी तक आभूषणों के निर्यातकों को विदेश से खरीदे गये सोने पर ड्यूटी चुकाना पड़ता था। उसके बाद वे स्वर्णाभूषण तैयार करके उन्हें अंतरराष्ट्री में भेजते थे। पहले ड्यूटी चुकाने की वजह से उनकी लागत तुलनात्मक तौर पर अधिक होती थी। सोने पर फिलहाल 10% आयात शुल्क चुकाना पड़ता है।
ज्वेलरी उद्योग लंबे समय से इस आयात शुल्क में कमी लाने की मांग करता रहा है। अब बांड बेसिस पर सोना मंगाने से ज्वेलरी उद्योग को इस 10% आयात शुल्क से पूरी तरह से मुक्ति मिल जायेगी। ऐसे में स्वर्णाभूषण तैयार करने में उनकी लागत भी कम होगी और वह अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्द्धात्मक दरों पर स्वर्णाभूषण का निर्यात कर सकेंगे। शर्त यही है कि आयात किये गये सोने का किसी भी स्थिति में घरेलू बाजार में उपयोग नहीं किया जायेगा। घरेलू बाजार में उपयोग करने के लिए आयात किये जाने वाले सोने पर पहले की तरह ही आयात शुल्क लगता रहेगा। सरकार अपने इस कदम से एक झटके में दो निशाने साधने की कोशिश कर रही है।
ड्यूटी फ्री सोना का आयात होने से जहां स्वर्णाभूषण की लागत कम होगी, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में उन्हें कम कीमत पर पेश करके ज्वेलरी उद्योग वैश्विक बाजार के बड़े हिस्से पर काबिज होने में सफल हो सकेगा। इसका सीधा असर देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी के रूप में नजर आएगा। मतलब जहां ज्वेलरी के निर्यात से निर्यातकों को अच्छी कमाई होगी, वहीं भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में भी सकारात्मक बढ़ोतरी हो सकेगी। इसके साथ ही व्यापार घाटा कम करने में भी यह योजना मददगार साबित हो सकती है, क्योंकि जितना सोना बांड बेसिस पर आयात किया जायेगा, उसका वैल्यू एडिशन करके उसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेच दिया जायेगा। यानी सोने के आयात में भारत को जितना खर्च करना पड़ेगा, उससे अधिक उसके निर्यात से भारत को आमदनी होगी। स्वाभाविक रूप से इससे व्यापार घाटा कम करने में भी काफी मदद मिलेगी। सरकार के इस कदम का मकसद न केवल स्वर्णाभूषणों के निर्यातकों की मुश्किलों को दूर करना है, बल्कि सोने के आयात से देश के आयात बजट पर डॉलर के लिहाज से पड़ने वाले बोझ को भी कम करना है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने सबसे पहले इस दिशा में रूस से बातचीत करने की शुरुआत की है। रूस में सोने का विशाल भंडार है और भारत अपनी जरूरत के मुताबिक सोने की वहां से खरीद कर सकता है। भारत से स्वर्णाभूषण के निर्यात की भी काफी संभावनाएं हैं। निर्यात की संभावना यदि बढ़ती है, तो स्वाभाविक रूप से इस क्षेत्र में रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही इस योजना के तहत जितने सोने का आयात किया जायेगा, उसे आयात के तौर पर नहीं बल्कि पूरी तरह से वैल्यू एडिशन कर विदेशी मुद्रा कमाने के नजरिए से देखा जायेगा। भारत इसके साथ ही रूस और अफ्रीकी देशों से हीरे का भी बांड बेसिस पर आयात करने की योजना पर विचार कर रहा है। रूस और अफ्रीकी देशों में हीरे का सर्वाधिक उत्पादन होता है, जबकि हीरे की कटिंग और पॉलिशिंग का सबसे अधिक और क्वालिटी के लिहाज से सबसे बेहतर काम भारत में किया जाता है। सरकार की योजना हीरे का आयात करने के बाद उसका भी वैल्यू एडिशन कर निर्यात करने की है, जिससे भारत अधिक मात्रा में विदेशी मुद्रा कमा सके।
यह योजना अगर सफल हो जाती है, तो इससे निश्चित रुप से आयात बिल कम करने और व्यापार घाटा को काबू करने में काफी मदद मिलेगी। ऐसे भी भारत सोने के सबसे बड़े आयातकों में से एक है। 2016-17 में भारत में 27.4 अरब डॉलर के सोने का आयात किया था। यह स्थिति तब थी, जबकि आयात शुल्क की बढ़ोतरी की वजह से 2015-16 की तुलना में सोने के आयात में 13.5% की कमी आई थी। स्वाभाविक रूप से इतनी बड़ी रकम अगर स्वर्ण के आयात में लगती है, तो इसका आयात बिल पर काफी असर पड़ता है। माना जाता है कि सोने के कुल आयात में लगभग 40% हिस्सा सोने के निर्यातकों द्वारा उपयोग किया जाता है, जबकि शेष 60% हिस्सा घरेलू खपत में उपयोग होता है। लेकिन यदि बांड बेसिस पर सोने की खरीद की जाने लगे, तो कुल आयात में निर्यातकों की हिस्सेदारी बढ़ाकर 70% तक भी की जा सकती है। स्वाभाविक रूप से ऐसे होने पर सोने का आयात बिल अभी की तुलना में दोगुना से भी ज्यादा हो सकता है, लेकिन इसमें सकारात्मक बात ये होगी कि सोने के आयात के लिए जितनी विदेशी मुद्रा खर्च की जायेगी, उसकी तुलना में स्वर्णाभूषण के निर्यात से कहीं ज्यादा विदेशी मुद्रा की आय हो जायेगी। यह अर्थव्यवस्था की बेहतरी वाला अहम कदम है और सरकार को इसे जल्द लागू करना चाहिए। इससे जहां देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी, वहीं विकास दर पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

