इंग्लैंड का हजारवां टेस्ट एजबेस्टन में ही क्यों ?

टीम इंडिया ने यहां 6 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें 5 हारे और एक टेस्ट ड्रॉ रहा

202

क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर दुनिया का हर क्रिकेटर खेलने की हसरत रखता है। लॉर्ड्स के मैदान पर खेलने की जो अप्रतिम खुशी क्रिकेटर्स को मिलती है, वह शायद ही दुनिया के किसी दूसरे क्रिकेट ग्राउंड पर मिलती हो। यहां पर बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने की कोशिश करते हैं। क्रिकेट की तमाम सुनहरी यादों को अपने आप में संजोए हुए इंग्लैंड का ये ऐतिहासिक मैदान अपनी ही टीम के हजारवें टेस्ट मैच का गवाह बनने से वंचित रह जाएगा। विराट कोहली की अगुआई में टीम इंडिया आगामी एक अगस्त को जब एजबेस्टन में श्रृंखला का पहला टेस्ट मैच इंग्लिश टीम के खिलाफ खेलेगी तो ये इंग्लैंड का एक हजारवां टेस्ट मैच होगा। किसी टीम के लिए एक हजार टेस्ट मैच खेलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। इसलिए इंग्लैंड इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच को जीतने की हरसंभव कोशिश करेगा। गौरतलब है कि भारत का इंग्लैंड दौरा 3 जुलाई से 11 सितंबर तक है।

इस दौरे में भारत इंग्लैंड के साथ टी-20, वनडे और टेस्ट मैच खेलेगा। इंग्लैंड के साथ टेस्ट क्रिकेट में ऐसा दो बार हुआ है, जब किसी खास अवसर पर टीम को जीत नहीं मिली। साल 1909 में इंग्लैंड ने अपना 100वां टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हेडिंग्ले लीड्स में खेला। उस टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 126 रनों से पीटकर इंग्लैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया था। अपने सौंवे टेस्ट की हार से सबक लेते हुए इंग्लिश टीम ने आगे जब कभी ऐसा मौका आया तो खास चौकसी बरती। मिसाल के तौर पर इंग्लैंड ने 200वां, 300वां, 400वां, 500वां और 600वां टेस्ट मैच ड्रॉ खेला। साल 1994 में केंग्सिटन ओवल बारबाडोस में वेस्टइंडीज के विरुद्ध इंग्लैंड की टीम ने अपना 700वां टेस्ट मैच खेला, तो उसमें अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को 208 रनों से हराकर उस मैच को यादगार बना दिया। वर्ष 2002 में इंग्लैंड टीम ब्रिस्बेन में जब अपना 800वां टेस्ट मैच खेल रही थी तो उसकी किस्मत एक बार फिर रूठ गई। ऑस्ट्रेलिया ने ये टेस्ट मैच 384 रनों के विशाल अंतर से जीतकर इंग्लैंड के 800वें टेस्ट मैच का मजा किरकिरा कर दिया। 29 जुलाई 2010 को टेंट ब्रिज नॉटिंघम में इंग्लैंड ने अपना 900वां टेस्ट मैच पाकिस्तान के विरुद्ध खेला। इंग्लैंड ने इस टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 354 रनों से मात दी।

एजबेस्टन में भारत के कमजोर टेस्ट रिकॉर्ड को देखते हुए इंग्लैंड ने 1,000वें टेस्ट मैच का आयोजन यहां पर किया है। दूसरी तरफ एजबेस्टन में इंग्लैंड का टेस्ट रिकॉर्ड जबरदस्त रहा है। इंग्लैंड ने इस मैदान पर 50 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 27 में उसे जीत मिली है, वहीं सिर्फ 8 टेस्ट मैच में उसे पराजय का मुंह देखना पड़ा है। साल 1902 से लेकर वर्ष 1974 तक इंग्लैंड की टीम एजबेस्टन में अजेय बनी रही। इसके अलावा पिछले 10 सालों से इंग्लैंड की टीम एजबेस्टन में कोई टेस्ट मैच नहीं हारी है। वहीं दूसरी तरफ एजबेस्टन में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड काफी शर्मनाक रहा है।

टीम इंडिया ने यहां 6 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें 5 हारे और एक टेस्ट ड्रॉ रहा। कुल मिलाकर भारत एजबेस्टन में आज तक कोई टेस्ट मैच नहीं जीत पाया है। 1,000वें टेस्ट मैच का आयोजन लॉर्ड्स पर न होना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। आंकड़ों पर गौर करें तो लॉर्ड्स विश्व का ऐसा क्रिकेट ग्राउंड है, जहां सबसे ज्यादा 4 बार क्रिकेट विश्व कप फाइनल खेला गया है। इसके अलावा ये दुनिया का इकलौता मैदान है जहां सर्वाधिक 135 टेस्ट मैच खेले गए हैं। लेकिन बीते दो वर्षों में इंग्लैंड का प्रदर्शन लॉर्ड्स पर मिला-जुला रहा है। इस दौरान इंग्लैंड ने लॉर्ड्स पर 6 टेस्ट मैच खेले जिनमें 3 जीते, 2 हारे जबकि एक मैच ड्रॉ रहा। ऐसा लगता है कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने जानबूझकर लॉर्ड्स पर एक हज़ारवें टेस्ट मैच का आयोजन नहीं किया।

बोर्ड ने लॉर्ड्स की अपेक्षा एजबेस्टन को इसलिए ज़्यादा मुफीद समझा, क्योंकि 2014 में लॉर्ड्स टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को 95 रनों से पराजित किया था। इस प्रकार लॉर्ड्स पर जीत की मनोवैज्ञानिक बढ़त भारत के पास है। मौजूदा समय में भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण विरोधी टीमों की आंखों की किरकिरी बनी हुई है। कप्तान विराट कोहली की ऊर्जावान कप्तानी में टीम इंडिया सफलता की नई इबारत लिख रही है। इंग्लैंड को उसकी ही धरती पर माकूल जवाब देने के लिए कई इंडियन क्रिकेटर इंग्लिश काउंटी में अभी से ही पसीना बहा रहे हैं। अब देखना है कि एजबेस्टन के ऐतिहासिक मुकाबले में जीत की खुशी किस टीम को मिलती है।

हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.