HomeArchivesसिनेमा और दर्शक के संबंधों का समीकरण

सिनेमा और दर्शक के संबंधों का समीकरण

फिल्म बनाने और उसे दर्शकों तक पहुंचाने में अच्छा-खासा समय और धन खर्च होता है

किसी भी कला-रूप या व्यावसायिक गतिविधि की तरह सिनेमा को लेकर भी अलग-अलग राय व्यक्त की जाती रही है कि इसका स्वरूप कैसा होना चाहिए। व्यापक सामाजिक परिप्रेक्ष्य में इसकी भूमिका क्या होनी चाहिए? परंतु सांस्कृतिक प्रश्नों का कोई एक समाधान संभव नहीं है। ऐसे में सिनेमा को लेकर भी कोई अंतिम राय दे पाना संभव नहीं है। इस मुद्दे के कुछ अहम आयामों पर विचार करते हैं।

फिल्म बनाने और उसे दर्शकों तक पहुंचाने में अच्छा-खासा समय और धन खर्च होता है। इस प्रक्रिया में कई लोगों की भागीदारी होती है। ऐसे में फिल्म का व्यावसायिक रूप से सफल होना और उसका ठीक-ठाक कमाना हमेशा एक बड़ी कसौटी रहा है। पर क्या बॉक्स ऑफिस पर कामयाब कोई फिल्म कलात्मक रूप से भी बेहतर हो सकती है? इस पर चर्चा के लिए हिंदी सिनेमा के सर्वाधिक लोकप्रिय फिल्मों में से एक ‘शोले’ का उदाहरण लेते हैं। इस फिल्म को रिलीज हुए करीब 43 बरस हो चुके हैं। अपने दिलचस्प कथानक, स्टार-कास्ट और मनोरंजक तत्वों से भरपूर होने के कारण आज भी इसे पसंद किया जाता है। हर उम्र और वर्ग के दर्शक इसकी सराहना करते हैं। साल 1975 की इस फिल्म को अगले साल के फिल्मफेयर पुरस्कारों में लगभग सभी बारह श्रेणियों में से नौ में नामित किया गया था, किंतु इसे सिर्फ बेस्ट एडिटिंग का एक अवार्ड ही मिल सका। फिल्म के एडीटर एम.एस. शिंदे ने तीन लाख फीट लंबे फुटेज को मात्र 20 हजार फीट में संपादित कर दिया था।

उस साल यानी 1975 में रिलीज सफल फिल्मों की सूची में दीवार, जमीर, छोटी सी बात, आंधी, खेल खेल में, अमानुष, धर्मात्मा, ख़ुशबू, चोरी मेरा काम, दो झूठ, चुपके चुपके, फरार, मिली, प्रतिज्ञा, एक महल हो सपनों का, उम्र कैद, संन्यासी, जख्मी, वारंट, जूली, काला सोना, जय संतोषी मां, संकल्प, गीत गाता चल, साजिश, रफूचक्कर, सलाखें, प्रेम कहानी, कहते हैं मुझको राजा, शोले आदि शामिल हैं। ये फिल्में औसत से लेकर मेगा हिट हुई थीं। दो फिल्मों शोले और जय संतोषी मां ने तो कमाई के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिये थे। संन्यासी, दीवार और प्रतिज्ञा हिट होने के मामले में बाद के स्थानों पर रही थीं। ऐसा हिसाब-किताब यही संकेत करता है कि फिल्म के अच्छा या खराब होने का कोई एक या निश्चित फार्मूला या पैमाना नहीं हो सकता है।

जब उस साल 15 अगस्त को शोले रिलीज हुई, दीवार मेगा हिट हो चुकी थी और थियेटरों में तब भी जय संतोषी मां का जलवा कायम था। ये तीन फिल्में उस साल की और शायद उस दौर की प्रतिनिधि फिल्में मानी जा सकती हैं। प्रोडक्शन, कथानक और रिसेप्शन के मामले में। शोले गंवई भारत के सामंती, खतरनाक जड़ समाज और शहर में स्थित राज-सत्ता के केंद्रों के दखल की अनूठी दास्तान है। उससे से भी बड़ी पहेली है कि दर्शक आपातकाल के उन महीनों में सिनेमा में प्रोजेक्टेड सत्ता के साथ खड़ा था, वह गब्बर से भयभीत था, पर गब्बर को समझना नहीं चाह रहा था। ऐसा आलम आज भी है। निर्देशक रमेश सिप्पी और सलीम-जावेद की लेखक जोड़ी को भी समझाने की नहीं पड़ी है। यश चोपड़ा की दीवार का विजय परिभाषित है। उसके संदर्भ से देखें, तो बाद में सत्या और भीखू म्हात्रे को समझ सकते हैं। लेकिन गब्बर को महबूब खान की मदर इंडिया के बिरजू के संदर्भ में नहीं देखा गया। शोले आधुनिक राज्य की सामंतवाद से रणनीतिक गठजोड़ को सेलिब्रेट कर रही थी, पर दीवार राज्य सत्ता और आधुनिक भारत के करीब तीन दशकों की असफलता को रेखांकित कर रही थी। हर परेशान कर देने वाले दृश्य में बजता था- ‘सारे जहां से अच्छा…’ कमाल देखिये, दोनों फिल्में सलीम-जावेद की जोड़ी ने ही लिखा था।

इन फिल्मों की कामयाबी के बीच विजय शर्मा द्वारा निर्देशित जय संतोषी मां की जोरदार कामयाबी को कैसे समझा जाए? न बजट, न स्टार कास्ट, न प्रचार, शुरूआती असफलता… और फिर रनवे सक्सेज। जो दर्शक ठाकुर का है, गब्बर का है, वीरू और विजय का है, उसे जय संतोषी मां के कथानक और कलाकारों में ऐसा क्या दिखा? वह तो कोई पौराणिक आख्यान या धार्मिक महाकाव्य का सिनेमाई रूपांतरण भी नहीं था? इनमें से कई फिल्मों का सफल होना और दशकों का बाद भी कल्ट बने रहना कहीं हमारे बहुआयामीय मानसिक संरचना, विक्षोभ, बेचैनी और आकांक्षाओं का नतीजा तो नहीं। सिनेमा को समाज के दर्पण के रूप में पढ़ा जाए या राष्ट्रीय अलंकार के रूप में? दर्शक नाट्यशास्त्र के रचयिता भरत मुनि का रसिक है या फिर कोई नासमझ, जैसा कि चार्ली चैप्लिन मानते थे? चैप्लिन कहते थे कि क्या दर्शक को पता है कि वह चाहता क्या है? ऋत्विक घटक मानते थे कि सिनेमा या थियेटर उनके लिए उनके नजरिये को लोगों तक पहुंचाने का जरिया है। सत्यजित रे आधुनिक चेतना के साथ यूरोपीय कलात्मकता और भारतीय कला परंपरा के संयोजन के आग्रही थे। बीआर चोपड़ा के लिए मनोरंजक सिनेमा सामाजिक सुधार का औजार था। गुरुदत्त, वी शांताराम या राज कपूर जैसे निर्देशक कलात्मकता, कथानक और व्यावसायिकता के संतुलन के आकांक्षी रहे।

ऐसे में फिर दर्शक क्या है? क्या वह सिनेमा का उपभोक्ता है या फिर सिनेमा की अगुवाई करते रहे लोगों की प्रयोगात्मकता या मिशन का भुक्तभोगी? क्या दर्शक की उपयोगिता बस इतनी भर है कि वह सिनेमाघर में टिकटधारी या डीटीएच/इंटरनेट के सब्सक्राइबर के रूप में गिनती के काम आये? सिनेमाई बहसों को कभी-कभार दर्शकों को भी केंद्र में रख लेना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रकाश के रे

- Advertisement -

Expositions

How Bal Gangadhar Tilak transformed Ganesh Chaturthi

How Bal Gangadhar Tilak transformed Ganesh Chaturthi from a private household ritual into a grand public festival, uniting communities and fuelling India’s freedom movement

Kali Puja vs Lakshmi Puja: 5 Divine Contrasts Between Diwali In Bengal & North India

Kali Puja vs Lakshmi Puja: The historical, theological and cultural roots of the difference between Diwali celebrations in Bengal and north India explained

Why Gupt Navratri is observed, how, when and by whom

Adhering to the rituals associated with Gupt Navratri, as mentioned in Devi Bhagavata Purana, is believed to bring wealth, prosperity, and happiness into one's life
Swadharma
Swadharmahttps://swadharma.in/
Swadharma is a one-stop web destination for everything Hindu. We will cover history, theology, literature and rituals of all sects of Hinduism one by one besides news of the state of the Hindu community worldwide through videos, podcasts, reports and articles.

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

More like this

आरक्षण की आड़ में प्रतिभा का कत्ल? SC-ST Act के कथित दुरुपयोग से समानता का गला घोंटता कानून

सामाजिक न्याय की ढाल जरूरी, लेकिन क्या संरक्षण की व्यवस्था कहीं समान अवसर, मेरिट और कानून के निष्पक्ष इस्तेमाल पर भारी पड़ रही है? आरक्षण से लेकर एससी-एसटी एक्ट तक व्यवस्था के भीतर सुधार की जरूरत पर गंभीर सवाल

The Kerala Story से कालड़ी तक — बदलते केरल की कहानी में शंकराचार्य, जनसांख्यिकी, धर्मांतरण के सवाल

‘द केरल स्टोरी’ के शोर, जनगणना के आंकड़ों और अदालती रिकॉर्ड के बीच एक राज्य को पढ़ने की कोशिश