बैड लोन के बीते दिन

दरअसल, एनपीए के बोझ से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने एक साथ दो मोर्चों पर काम शुरू किया है

204

इस साल की शुरुआत से ही बैंकिंग सेक्टर के लिए बुरी खबरें आ रही हैं। बैड लोन यानी एनपीए के लगातार बढ़ते बोझ की वजह से बैंकिंग सिस्टम के चरमराने की खबरें तो 2017 के सितंबर से ही आने लगी थीं, लेकिन 2018 में बैंकिंग घोटालों की खबरों ने पूरे सिस्टम पर सवालिया निशान खड़े कर दिये थे। नीरव मोदी द्वारा किये गये अभी तक के सबसे बड़े बैंक घोटाले के बाद पिछले तीन महीने के दौरान दर्जन भर बड़े घोटालों ने बैंकिंग व्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। लेकिन इन नकारात्मक खबरों के बीच राहत पहुंचाने वाली एक सकारात्मक खबर आई है। पिछले छह महीने के दौरान विभिन्न बैंकों के बैड लोन (एनपीए) में लगभग चार लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई है। छह महीने पहले भारतीय रिजर्व बैंक की रिपोर्ट में कुल एनपीए 8.37 लाख करोड़ रुपये बताया गया था। इसमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के 7.34 लाख करोड़ रुपये थे, जबकि निजी क्षेत्र के बैंकों का एनपीए 1.03 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर था।

दरअसल, बैंकिंग सिस्टम में नन परफॉर्मिंग एसेट्स (एनपीए) को हमेशा ही एक बड़ा सिरदर्द माना गया है। बैंक का पूरा कारोबार ही कर्ज आधारित व्यवस्था द्वारा ब्याज की रकम पर आधारित होता है। इसी ब्याज की रकम से आमलोगों की जमाराशि पर लोगों को ब्याज दिया जाता है तथा बैंक अपने अन्य खर्चों की पूर्ति करता है। लेकिन जब बैंक द्वारा दिये गये कर्ज की वापसी के दौरान किसी भी वजह से कर्जदार किश्तों का भुगतान करना बंद कर देता है, तो एक निश्चित अवधि के बाद कर्ज की उस राशि को एनपीए मान लिया जाता है। इस तरह बैंक के लिए कर्ज से ब्याज के रुप में होने वाला फायदा होना तो दूर, मूल राशि को वापस पाने का संकट बन जाता है। कर्जदार के दिवालिया हो जाने की स्थिति में या मृत्यु की स्थिति में कई बार ये धनराशि डूब भी जाती है।
आर्थिक उदारीकरण का दौर शुरू होने के बाद से ही आरबीआई हमेशा बैंकों को एनपीए का स्तर कम से कम रखने की ताकीद करता रहा है। सितंबर 2017 में भारत के तमाम बैंकों का एनपीए 8.37 लाख करोड़ हो जाने के बाद कई आर्थिक, वाणिज्यिक और औद्योगिक संगठनों ने देश की बैंकिंग व्यवस्था के खतरनाक स्थिति में पहुंच जाने की आशंका जतायी थी। औद्योगिक संगठन एसोचैम और रेटिंग एजेंसी क्रिसिल के एक संयुक्त सर्वे में कहा गया था कि मार्च 2018 के अंत तक एनपीए की राशि 9.5 लाख करोड रुपये के स्तर पर पहुंच जाएगी। उसी वक्त रेटिंग एजेंसी केयर (सीएआरई) की एक रिपोर्ट में एनपीए के मामले में भारत को पूरी दुनिया में पांचवे स्थान पर रखा गया। इस मामले में पुर्तगाल, इटली, आयरलैंड और ग्रीस भारत से आगे थे, जबकि भारत के बाद रूस का स्थान था। स्वाभाविक रूप से ये काफी चिंताजनक स्थिति थी और इसकी वजह से विपक्षी दलों को भी सरकार पर हमला करने का एक बड़ा हथियार मिल गया। माना जाने लगा था कि देश का बैंकिंग सिस्टम कभी भी ध्वस्त हो सकता है।

लेकिन अच्छी खबर यह है कि मार्च 2018 के अंत तक भारत सरकार की नयी नीतियों की वजह से एनपीए का आकार घटकर लगभग आधा रह गया है। इसमें चार लाख करोड़ रुपये की कमी हो गयी है। एनपीए में कमी होने का सीधा मतलब यही है कि लगभग डूब चुका चार लाख करोड़ रुपया देश की अर्थव्यवस्था और बैंकिंग सिस्टम में वापस आ गया है। भारत सरकार की ऋणशोधन विधि समिति (आईएलसी) की अप्रैल में जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि सरकार द्वारा इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड-2016 (दिवालिया कानून) के तहत की गयी कार्रवाई की बदौलत बैंकिंग सिस्टम को ये सफलता मिल सकी है। यह ऐसी राशि है, जो पहले एनपीए हो जाने की वजह से देश की अर्थव्यवस्था में कोई योगदान नहीं कर रही थी, लेकिन अब इसके बैंकिंग सिस्टम में वापस आ जाने से अर्थव्यवस्था को तो फायदा होगा ही, बैंकों की स्थिति भी सुधरेगी।

सरकार की ऋणशोधन विधि समिति के अध्यक्ष और कंपनी मामलों के मंत्रालय में सचिव इंजेती श्रीनिवास ने उद्योग संगठन सीआईआई द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में बताया था कि दिवालिया कानून के तहत पिछले साल जून के महीने में आरबीआई ने 12 बड़े एनपीए खातों को आईएलसी के पास भेजा गया था। कुल एनपीए में इन बारह खातों की ही हिस्सेदारी लगभग 25 फीसदी की थी। इन मामलों के अच्छे परिणाम आ रहे हैं, जिसकी वजह से इस क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना है। इस पूरी कवायद का उद्देश्य एनपीए के रूप में तब्दील हो चुके कर्ज खातों से कर्ज की राशि की रिकवरी के साथ ही बाजार के लिए ऐसा प्रतिस्पर्द्धात्मक माहौल भी तैयार करना है, जिससे कि निवेशक भारतीय व्यवस्था में निवेश करने के लिए उत्सुक हो सकें।

दरअसल, एनपीए के बोझ से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने एक साथ दो मोर्चों पर काम शुरू किया है। एक तरफ तो इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड को अमल में लाया जा रहा है। इसके तहत छह महीने की अवधि के लिए ऋणशोधन समाधान की प्रक्रिया चलायी जा रही है। इसके साथ ही सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के पुनर्पूंजीकरण के लिए 2.11 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की मंजूरी भी दी है। सरकार चाहती है कि देश के आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में एनपीए के बोझ की वजह से बैंकों की ऋण देने की क्षमता प्रभावित न हो। हालांकि दिवालिया कानून को अमल में लाये जाने की वजह से जिस तरह एनपीए की राशि बैंकिंग व्यवस्था में वापस आ रही है, उससे इस बात की उम्मीद भी बनी है कि सरकार को 2.11 लाख करोड़ के पैकेज को जारी करने की जरूरत ही न पड़े।

हालांकि बैंकिंग विशेषज्ञों का मानना है कि लगभग चार लाख करोड़ रुपये के एनपीए की बैंकिंग व्यवस्था में वापसी अर्थव्यवस्था के लिए एक शुभ संकेत जरूर है, लेकिन इसे बनाये रखने के लिए सरकार को ऋण देने की व्यवस्था को दुरुस्त करने पर ध्यान देना होगा। क्योंकि, देश पर अभी एनपीए का जो बोझ है, उसकी एक बड़ी वजह 2008 से 2014 के बीच बैंकों द्वारा बेतहाशा ऋण दिया जाना भी रहा है। 2008 में देश के विभिन्न बैंकों ने की कर्जराशि 18 लाख करोड़ रुपये थी, जो मार्च 2014 में बढ़कर 52 लाख करोड़ हो गयी थी। सिर्फ छह साल की अवधि में ही 34 लाख करोड़ रुपये की राशि कर्ज के रूप में बैंकों द्वारा वितरित की गयी थी। मौजूदा एनपीए के बोझ में इन छह सालों के दौरान दिये गये कर्ज का भी काफी योगदान रहा है। इस साल राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा के अंत में जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इन आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा था कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में मेरिट पर ध्यान दिये बगैर ही कई औद्योगिक और व्यावसायिक घरानों को कर्ज के रूप में बड़ी राशि दी गयी। अब इस कर्ज का ही एक बड़ा हिस्सा एनपीए के रुप में बैंकिंग सिस्टम के लिए बोझ बन गया है। इसलिए कर्ज देने की नीतियों की भी समीक्षा करते रहना जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार/योगिता पाठक

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.