मानव धर्म के सबसे बड़े पक्षधर गुरु नानक देव

गुरु नानक देव का मानना था कि हर व्यक्ति में भगवान का वास होता है, इसलिए लोगों को धर्म, जाति, लिंग या प्रदेश के आधार पर एक दूसरे से भेदभाव नहीं करना चाहिए

397

गुरु नानक देव का जन्मोत्सव गुरुपूरब के दिन मनाया जाता है। लेकिन इतिहासकारों के मुताबिक उनका जन्म अंग्रेजी तिथि के मुताबिक 15 अप्रैल 1469 को हुआ था। जबकि उनका जन्मोत्सव कार्तिक महिना की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। उनका जन्म रावी नदी के किनारे स्थित तलवंडी नामक गांव में हुआ था। बाद के दिनों में गुरु नानक देव के नाम पर ही तलवंडी का नाम ननकाना साहिब पड़ गया, जो फिलहाल पाकिस्तान में है।

गुरु नानक देव बचपन से ही सांसारिक विषयों को के प्रति उदासीन रहते थे। स्कूली शिक्षाक से ज्यादा उन्होंने आध्यात्मिक शिक्षा को महत्व दिया। भगवान को पाने और आम लोगों की भलाई के संबंध में इनके मन में जिज्ञासा हमेशा ही बनी रही। बचपन से ही नानक देव आध्यात्मिक चिंतन और सत्संग में अपना ज्यादा समय बिताते थे। उनके द्वारा कई मौकों पर कई चमत्कारिक काम भी हुए, जिसकी वजह से गांव वाले उनको बचपन से ही दिव्य पुरुष मानने लगे थे। स्कूली शिक्षा भले ही गुरु नानक ने अधिक दिनों तक हासिल नहीं की, लेकिन संस्कृत, अरबी और फारसी जैसी भाषाएं उन्होंने बचपन में ही सीख ली थी।

गुरु नानक देव का 1487 में विवाह हुआ और 1491 तथा 1496 में उन्हें दो पुत्रों की प्राप्ति हुई। विवाह से 2 साल पहले अपने घर वालों के कहने पर उन्होंने दौलत खान लोदी के पास काम करना शुरू कर दिया था, लेकिन ये नौकरी उनको कभी ज्यादा रास नहीं आयी। नौकरी के दौरान भी उनका ज्यादा समय आध्यात्मिक चिंतन और भजन-कीर्तन में ही बीतता था। परिवार भी उनको लंबे समय तक बंधन में नहीं रख सका और एक दिन वे ईश्वरीय कार्य के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इस काम में उन्होंने में मरदाना को अपना साथी बनाया और फिर उन्होंने कमजोर लोगों की मदद के लिए काम करना शुरू किया। इसके साथ ही वे लोगों को सच्चरित्र होने और ईश्वर पर भरोसा रखने की भी सीख देते रहे।

गुरु नानक देव आध्यात्म और ईश्वर में भरोसा करते थे, लेकिन मूर्ति पूजा और छद्म धार्मिक आडंबरों का उन्होंने हमेशा विरोध किया। वे जातीय भेदभाव और छुआछूत के भी सख्त खिलाफ थे। उन्होंने अपने संदेश में हमेशा ही लोगों को जातीय भेदभाव, छुआछूत, धार्मिक आडंबरों आदि से दूर रहने का उपदेश दिया। अध्यात्म की राह में बढ़ते हुए जब उन्हें अपना परिवारिक जीवन ईश्वरीय कार्य में बाधक प्रतीत हुआ, तो उन्होंने अपने बच्चों को अपने ससुर के पास छोड़ कर घर त्याग दिया और एक संन्यासी का जीवन जीने लगे। गुरु नानक देव के लिए मानवता सबसे बड़ा धर्म था। उन्होंने सभी मतों और विश्वास के लोगों को मिलाकर एक नए पंथ की स्थापना की, जो आगे चलकर सिख धर्म के नाम से जाना गया।

गुरु नानक देव सामाजिक और सांप्रदायिक सद्भाव के भी काफी बड़े पक्षधर थे। समाज के कमजोर और निचले तबके के लोगों के उत्थान के लिए तथा सामाजिक व धार्मिक सद्भाव के स्थापना के लिए उन्होंने दूर-दूर तक की यात्राएं की। इस यात्रा के क्रम में जहां उन्होंने हिंदू तीर्थों का दर्शन किया, वही मुसलमानों के पवित्र स्थल मक्का मदीना की यात्रा भी की। गुरु नानक देव ने हिंदू धर्म और इस्लाम दोनों के जीवन-मूल्यों और सर्वोत्तम शिक्षाओं को मिलाकर सिख धर्म में उनका समावेश किया। वे प्रेम और समानता को मानवता का प्रमुख अंग मानते थे। अपने जीवनकाल में उन्होंने मक्का-मदीना के भी दर्शन किए और उनकी यात्रा के दौरान वहां के निवासी भी उनसे काफी प्रभावित हुए।

कहते हैं कि मक्का में रात के समय गुरु नानक देव काबा की तरफ विराजे थे। ऐसा देख कर वहां के स्थानीय व्यक्ति ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ‘तुम कौन हो, जो खुदा के घर की तरफ पैर पसार कर सोए हुए हो’। कहते हैं कि इसके बाद गुरु नानक देव ने उस व्यक्ति से कहा कि मैं दिन भर के सफर के बाद थक कर सोया पड़ा हूं, मुझे नहीं मालूम कि खुदा का घर किधर है। इसलिए हे भाई मेरा पैर पकड़कर तुम उसी तरफ कर दो जिधर खुदा का घर नहीं है। गुरु नानक देव की बात सुनकर वह व्यक्ति और नाराज हुआ और उसने उनका पैर पकड़ कर दूसरी तरफ घुमा दिया। कहा जाता है कि जैसे ही उसने नानक देव का पैर घुमाया, उस व्यक्ति को काबा भी घूमता हुआ नजर आने लगा। उस व्यक्ति ने एक बार फिर प्रयास किया, लेकिन इस बार भी परिणाम वहीं था। अंत में उस व्यक्ति को एहसास हो गया कि जिस व्यक्ति से वह बात कर रहा है वह कोई दिव्य पुरुष है, वो कोई साधारण पुरुष नहीं है। उसने गुरुदेव गुरु नानक देव से माफी मांगी बाद में गुरु नानक देव वहां से विदा हो गए।

कहते हैं कि जब गुरु नानक देव अपना परिवार छोड़ कर यात्रा के लिए निकले तो उस समय उनके साथ उनके चार साथी मर्दाना, बाला, लहना और रामदास थे। 14 साल तक गुरु महाराज लगातार भ्रमण करते रहे इस भ्रमण के क्रम में भारत के अलावा अफगानिस्तान, फारस और अरब के कई मुख्य स्थानों का उन्होंने भ्रमण किया। लंबे समय तक देश-विदेश के तमाम प्रमुख स्थानों का प्रवास करने के बाद नानक देव कर्तारपुर को अपना स्थान बनाया और वहीं रहकर लोगों को मानवता, सहिष्णुता और सामाजिक समरसता की शिक्षा के साथ ही ईश्वरीय उपदेश देने लगे।

गुरु नानक देव का मानना था कि हर व्यक्ति में भगवान का वास होता है, इसलिए लोगों को धर्म, जाति, लिंग या प्रदेश के आधार पर एक दूसरे से भेदभाव नहीं करना चाहिए। उन्होंने लोगों को सेवा कार्य करने कीर्तन सत्संग में भाग लेने और सर्वशक्तिमान ईश्वर की आराधना करने की सीख दी। वह अपने उपदेश में कहा करते थे कि जिस व्यक्ति का कोई भी नहीं, उसका ईश्वर होता है। हमें जिसने जन्म दिया है, वह हमें पाल भी सकता है, फिर हमें घमंड किस बात का करना चाहिए। आदमी खाली हाथ आता है और खाली हाथ ही जाएगा, अपने साथ कुछ भी नहीं ले जा सकेगा। इसलिए दुनिया में जितना दिन रहना है, उतना दिन दुनिया वालों के लिए काम करो, ताकि मरने के बाद भी लोगों के दिलों में जिंदा रह सको। गुरु नानक देव की सबसे बड़ी शिक्षा सामाजिक समरसता की थी। उन्होंने लंगर परंपरा की शुरुआत की, जहां हर जाति और वर्ग के लोग एक साथ बैठकर भोजन किया करते थे। वहां न जातीय भेद होता था और न ही अमीरी-गरीबी का कोई भेद होता था। सभी लोग एक ही पंक्ति में बैठकर एक साथ भोजन करते थे। आज भी दुनिया भर के हर गुरुद्वारे में गुरु नानक देव द्वारा शुरू की गई लंगर की यह परंपरा जारी है। जातीय, वर्गीय या सांप्रदायिक वैमनस्य को खत्म करने की गुरु नानक देव की यह बहुत बड़ी कोशिश थी।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. कविता सारस्वत

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.