राजनाथ के कश्मीर दौरे से कितनी उम्मीद

दुश्मनों से लड़ना आसान होता है, लेकिन जब अपने ही दुश्मन जैसी हरकतें करने लगें तो मुश्किल होती है

197
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की जम्मू कश्मीर यात्रा से लगा कि सरकार फिर एक प्रयोग करना चाहती है। पत्थरबाजों से शांति के मार्ग पर चलने की उम्मीद की गई है। 6 हजार पत्थरबाजों को माफी दी गई। लेकिन सुरक्षाबल किन हालात में काम कर रहे है, इस पर भी विचार होना चाहिए। गृहमंत्री ने कश्मीर में शांति स्थापना के लिए केंद्र सरकार की ओर से उठाये जाने वाले कई उपायों के बारे में भी बताया इस क्रम में उन्होंने नये सीमा सुरक्षा बल के दो बटालियन को तैयार करने के काम में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। दो और बटालियन बनाने की योजना है। इसमें कोई संदेह नहीं कि शांतिपूर्ण प्रयासों से समस्याओं का समाधान होना चाहिए। लेकिन यह बात उनके ऊपर लागू नहीं होती जिनके शब्दकोष में अहिंसा या शांति जैसे शब्द होते ही नहीं है। ऐसे तत्व संघर्षविराम या कार्रवाई स्थगित करने को संबंधित पक्ष की कमजोरी समझते है। वैसे भी संघर्ष विराम का औचित्य तभी होता है, जब दोनों तरफ से इसका ऐलान हो। एक पक्ष कार्रवाई स्थगित कर दे, दूसरा पक्ष इसे घुसपैठ और मोर्टार दागने का अवसर मान ले, तो इसे अदूरदर्शिता ही कहा जायेगा। ऐसा भी नहीं कि इस संबन्ध में किसी नए प्रयोग की आवश्यकता थी। भारत से बेहतर इसे कौन समझ सकता है। रमजान आम मुसलमानों के लिए पाक महीना है। लेकिन जब यह कहा जाता है कि आतंकियों का कोई मजहब नहीं होता, तो उनके प्रति नीति में कोई बदलाव भी नहीं करना चाहिए।
जम्मू कश्मीर का आम मुसलमान लड़ाई में शामिल नहीं है। वह परम्परागत रूप से रमजान मनाना चाहता है। आतंकी तत्व इसमें भी बाधा उत्पन्न करते हैं। ऐसे में होना तो यह चाहिए कि आतंकियों के खिलाफ इस दौरान कार्रवाई को ज्यादा कठोर कर देना चाहिए। जिससे आम नागरिकों को परेशानी न हो। वह बेहतर माहौल में रह सकें। कहा जाता है कि दूध का जला छाछ भी फूंक कर पीता है। लेकिन कश्मीर घाटी में यह दिखाई नहीं देता। प्रत्येक रमजान पर भारत कार्रवाई बन्द कर देता है, एकतरफा संघर्ष विराम हो जाता है। लेकिन आतंकियों की सेहत पर इसका कोई असर नहीं होता। वह अपनी हिंसक गतिविधियां बढा देते हैं। जुम्मे की नमाज के बाद कश्मीर में हिंसक भीड़ ने सेना की गाड़ी पर हमला कर दिया। एक आत्मघाती पत्थरबाज सेना की गाड़ी के आगे कूद गया। गाड़ी के नीचे आ जाने से उसकी मौत हो गयी। अपनी जान बचाकर निकले जवान के खिलाफ अनेक संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया। ऐसी घटनाएं जोखिम में कार्य करने वाले सुरक्षा बलों के जबानों का मनोबल गिरती है। बताया गया कि ऑपरेशन रोके जाने के बाद आतंकी हमले तो नहीं रुके हैं, लेकिन सुरक्षा बलों के खिलाफ पत्थरबाजी की घटनाएं में भारी कमी आई है। इससे साफ होता है कि घाटी में ऑपरेशन रोके जाने का सही पैगाम गया है।
केंद्र ने साफ कर दिया है कि रमजान के पवित्र महीने सिर्फ सुर अपनी ओर ऑपरेशन नहीं करेंगे , लेकिन वह जवाब अवश्य देंगे। राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर में रहे पाकिस्तानी शरणार्थियों के पुनर्वास योजना, राज्य के विकास के लिए प्रधानमंत्री के विशेष पैकेज के चालू योजनाओं की भी समीक्षा की। राजनाथ सिंह ने घाटी के इस दौरे में कुपवाड़ा के हालात पर विस्तार से चर्चा की। यहां सीमावर्ती इलाकों में रहने लोगों से मुलाकात करेंगे, इसके अलावा वहां गुर्जरों, पहाड़ियों और कुपवाड़ा के लोगों के साथ-साथ सुरक्षाबल के अधिकारियों के साथ भी बातचीत करेंगे। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि सैन्य अभियान के महानिदेशकों को दोबारा मुलाकात कर इस पर बातचीत करनी चाहिए। 29 मई को भारत व पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों ने संघर्ष विराम के 2003 के समझौते को पूरी तरह लागू करने पर सहमति जताई थी। इससे जाहिर है कि इतने वर्षों से जिस समझौते पर अमल किया जाता रहा है, उसका कोई भी सकारात्मक परिणाम नहीं हुआ है। वस्तुतः संघर्ष विराम शब्द सीमा पार के आतंकवादियों के लिए नहीं है।
स्थानीय नागरिकों की सहूलियत के लिए यथा संभव कदम उठाए जाते हैं। लेकिन सीमाओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। जम्मू कश्मीर यात्रा से पहले राजनाथ ने दिनेश्वर शर्मा व खुफिया विभाग के शीर्ष अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया किया था। दिनेश्वर शर्मा को वहां दूत बना कर तैनात किया गया था। घाटी में आतंकवादियों के खिलाफ चलने, वहां के आम युवकों को मुख्यधारा में शामिल करना बड़ी समस्या है। गृह मंत्रालय ने युवकों के लिए योजना की नई रूपरेखा तैयार की है। अमरनाथ यात्रा को निर्विघ्न सम्पन्न कराने की चुनौती भी है। राजनाथ सिंह ने इन सभी मुद्दों पर ध्यान दिया। जम्मू कश्मीर के लोगों की भलाई की दिशा में रणनीति बनाई गई है। लेकिन यह सच है कि घाटी के मुठ्ठी भर लोग स्थिति बिगाड़ने का कार्य करते हैं। इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई रुकनी नहीं चाहिए। जान को जोखिम में डालकर घाटी की आंतरिक सुरक्षा में लगे सैनिकों के बारे में भी सोचना चाहिए। दुश्मनों से लड़ना आसान होता है, लेकिन जब अपने ही दुश्मन जैसी हरकतें करने लगें तो मुश्किल होती है। जिस प्रकार सुरक्षा बलों के वाहन घेर कर पत्थर फेंके जाते हैं, वह विचलित करने वाला मंजर होता है। इस पर कठोर नियंत्रण के प्रभावी प्रयास होने चाहिए।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.