कहते हैं कि डंडे के डर से शैतान भी भागता है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने अभी रेल यात्रियों को राहत पहुंचाने के इरादे से स्पष्ट कर दिया है कि अगर ट्रेनों के संचालन में देरी होगी तो इसका असर संबंधित अधिकारियों के प्रमोशन पर भी पड़ेगा। पिछले काफी समय से रेल यात्रियों को जिस एक सबसे बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है वह है ट्रेनों की लेटलतीफी। इसमें कोई शक नहीं है कि भारत में रेल नेटवर्क की क्षमता से अधिक ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेलवे ट्रैक का जितना बड़ा संजाल हमारे पास है, अगर उसके मुताबिक ट्रेनों का संचालन किया जाए तो लगभग 30 फीसदी ट्रेनों को बंद करना पड़ेगा। राजनीतिक वजह से पुरानी कई सरकारों ने ट्रेनों को तो शुरू कर दिया, लेकिन उसके लिए जरूरी ढांचा तैयार नहीं किया। जितनी पटेरियां अभी बिछी हैं, वे सभी ट्रेनों को समय से चला पाने में सक्षम नहीं हैं। रेलवे मंत्रालय की पिछले साल आई एक रिपोर्ट में कहा गया था कि मौजूदा समय में जितनी ट्रेनों का संचालन हो रहा है, उन्हीं को सुचारु रूप से चलाने के लिए रेलवे के बुनियादी ढांचे में कम से कम 40 फीसदी का विस्तार किया जाना जरूरी है। इसके साथ ही इस रिपोर्ट में एक और बात पर ध्यान दिलाया गया था कि देश की 60 फीसदी रेलवे पटरियां इतनी पुरानी हो चुकी हैं कि उन पर ट्रेनों का संचालन करना जोखिम को आमंत्रित करने के समान ही है। केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु को रेल मंत्रालय सिर्फ इसी वजह से प्राप्त छोड़ना पड़ा था क्योंकि वे रेल दुर्घटनाओं पर काबू नहीं कर पा रहे थे। इन रेल दुर्घटनाओं में अधिकांश दुर्घटनाएं रेल पटरियों के टूटने की वजह से हो रही थीं। कुछ घटनाएं मानवीय चूक की वजह से भी हुई थीं, लेकिन ढांचागत कमी की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं की संख्या अधिक थी। सुरेश प्रभु के बाद रेल मंत्री बने पीयूष गोयल निश्चित रूप से एक अच्छा काम किया। उन्होंने पुरानी पटरियों को बदलवाने के काम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उम्मीद है कि जितनी गति से काम चल रहा है, उसमें आने वाले तीन चार महीनों में इन्हें बदलने का काम पूरा हो जाएगा। ट्रेनों की लेटलतीफी की एक बड़ी वजह पटरियों को बदला जाना भी बताया जाता है। माना जाता है कि पटरियों के बदलाव की वजह से ट्रेनों को कई बार डाइवर्ट करना पड़ता है, तो कभी एक ही ट्रैक से अप और डाउन दोनों ही गाड़ियों का संचालन करना पड़ता है। जिसकी वजह से स्वाभाविक रूप से ट्रेन लेट होती चली जाती है। लेकिन, अब रेल मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि मेंटेनेंस के नाम पर भी ट्रेनों की लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में अगर ऐसा होता है, तो उसका खामियाजा रेलवे अधिकारियों को भुगतना पड़ेगा। हालांकि रेल मंत्रालय ने इसके लिए अधिकारियों को एक महीने का समय भी दिया है, ताकि वे अपनी कार्यशैली और ढर्रे में बदलाव कर लें और ट्रेनों के संचालन को व्यवस्थित करने की दिशा में काम करें।
पटरियों को बदला जाना या मेंटेनेंस वर्क निश्चित रूप से ट्रेनों के संचालन पर असर डालता है, लेकिन अगर व्यवस्था को दुरुस्त करना है, तो कड़ाई से काम करना ही होगा। हमें यह याद रखना चाहिए कि मेंटेनेंस या पटरियों के बदलाव का काम छोटे-छोटे ब्लॉक में किया जाता है। मसलन दिल्ली-इलाहाबाद के बीच यदि काम करना है, तो ऐसा नहीं है कि पूरे ट्रैक को ही दिल्ली से इलाहाबाद तक बाधित कर दिया जाएगा। यह काम एक बार में कुछ किलोमीटर तक के छोटे हिस्से में किया जाता है। ऐसे छोटे-छोटे हिस्से में काम करने से ट्रेन कुछ किलोमीटर तक भले ही धीमी गति में चले, लेकिन उस ब्लॉक को पार करने के बाद उसकी गति बढ़ाकर ट्रेन को टाइम से चलाया जा सकता है। इंदिरा गांधी ने देश पर जब आपातकाल थोपा था, तब अचानक सभी ट्रेन टाइम पर चलने लगी थीं। कहा जा सकता है कि उस समय ट्रेनों की संख्या भी कम थी। लेकिन ये भी याद रखना चाहिए कि उस समय टेक्नोलॉजी के मामले में भी भारतीय रेलवे काफी पीछे थी। जितने शक्तिशाली रेल इंजन आज उपयोग में लाये जा रहे हैं, तब वैसे इंजन नहीं हुआ करते थे। रेलवे की तमाम प्रणालियां तब के मुकाबले आधुनिक हो चुकी हैं। अब स्थिति बदल चुकी है, लेकिन परेशानी ये है कि लोग अपने काम की अनदेखी कर रहे हैं। आपातकाल के समय ट्रेन टाइम से चलती थी तो इसकी वजह ट्रेनों की संख्या का कम होना नहीं था, बल्कि इसका कारण था कि ट्रेन लेट होने पर संबंधित अधिकारियों को दंडित होने का डर रहता था। मतलब डंडे ना मिलें, इस डर से अधिकारी इस बात पर विशेष ध्यान देते थे कि ट्रेन हर हालत में टाइम से चलें। सच्चाई यही है कि डंडे के डर ने ट्रेनों का टाइम ठीक कर दिया था।
लेकिन आपातकाल खत्म होने के बाद जब अधिकारियों को कार्रवाई के डर से मुक्ति मिल गयी, तो फिर से देश के कई हिस्सों में ट्रेन लेट होने लगी। जरूरत आज भी ऐसे सुस्त अधिकारियों में वैसा ही डर उत्पन्न करने की है।क्योंकि, हमें समझना होगा कि ट्रेन लेट होने का अर्थ एक बड़ी संख्या को अपने गंतव्य तक पहुंचने से देर कराना है, जिसका परिणाम कुछ भी हो सकता है। किसी की परीक्षा छूट सकती है, किसी का जॉयनिंग टल सकती है, किसी को कोई इलाज मिलने में देर हो सकती है। ऐसे कई बातें कही जा सकती हैं। इसलिए रेलवे अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और रेलवे प्रशासन को भी सिर्फ बड़े अधिकारियों को घुड़की देने से काम नहीं चलेगा। प्रमोशन रोकना ही बड़ी बात नहीं है, रेल मंत्रालय को ट्रेनों को लेट करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के डिमोशन और उनकी वेतन कटौती पर भी विचार करना चाहिए। अगर ट्रेनों के लेट होने से अधिकारियों के वेतन में कटौती होने या उनका डिमोशन होने का डर बन गया तो रेल अधिकारी कभी भी सुस्ती से काम नहीं करेंगे। उनकी खुद की कोशिश होगी कि ट्रेन समय से अपने गंतव्य पर पहुंचे। डंडे का डर ट्रेनों की टाइमिंग को अवश्य ही ठीक करेगा।

