उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग उन ने गुपचुप चीन यात्रा करके सारी दुनिया को चौंका दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके बीच पिछले दिनों जो नोक-झोंक चली थी, उसने सारी दुनिया में सनसनी फैला दी थी। डर यह था कि ट्रंप और किम दोनों ही बड़बोले हैं और दोनों का ही कोई भरोसा नहीं कि वे कब क्या कर बैठें ? दोनों अपनी सनक में सारी दुनिया को परमाणु-युद्ध में झोंक सकते थे, लेकिन पिछले दो-तीन हफ्तों में पता नहीं क्या हुआ कि ये दोनों मनचले नेता सनसनी फैलाने की जगह आजकल कायदे की बातें करते नजर आने लगे हैं।
सबसे पहले तो यह खबर फूटी कि किम ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से मिलने की पहल की है। फिर नयी खबर आयी कि दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से मिलने के बाद ट्रंप और किम की भेंट होगी। अप्रैल और मई में होने वाली इन दो भेंटों के पहले इस हफ्ते किम चीन के राष्ट्रपति शी चिन फिंग के मेहमान बनकर पेइचिंग की यात्रा कर आए।
किम 2011 में राष्ट्रपति बने थे। सात वर्षों में यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। चीन जाकर उन्होंने कहा कि वे कोरियाई प्रायद्वीप का अपरमाणुकरण करना चाहते हैं यानी दक्षिण कोरिया से यदि अमेरिका अपने परमाणु शस्त्रास्त्रों को हटा ले तो वे भी परमाणु शस्त्रास्त्र बनाना बंद कर देंगे। निश्चित रूप से यह बहुत बड़ा फैसला होगा। जाहिर है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के कारण ईरान की तरह उत्तरी कोरिया का भी दम घुटने लगा था। चीन ने किम की अपने यहां बुलाकर अमेरिका को यह साफ संकेत दे दिया है कि चीन उत्तरी कोरिया के साथ है। ऐसे में इस क्षेत्र में उसे आगे रखे बिना किसी समस्या को सुलझाया नहीं जा सकता।
स्वाभाविक रूप से इस पहल का फायदा उठाते हुए चीन अब अमेरिका पर कुछ न कुछ व्यापारिक दबाव भी डाल सकेगा। यदि चीन ने उत्तरी कोरिया पर प्रतिबंध लगाने में संयुक्त राष्ट्र का साथ नहीं दिया होता तो किम की उद्दंडता में कोई कमी शायद ही आ पाती। उत्तरी कोरिया की 90 प्रतिशत दैनंदिन जरुरतों को चीन ही पूरा करता है। यदि चीन का दबाव बराबर बना रहा तो कोई आश्चर्य नहीं कि भविष्य में 68 साल पहले चले कोरियाई युद्ध और बंटवारे की समाप्ति भी हो सकती है। यदि दो जर्मनी और दो वियतनामों का विलय हो सकता है तो दोनों कोरिया भी क्यों नहीं मिल सकते ? इस मिलन से परमाणु युद्ध का खतरा तो घटेगा ही, उत्तरी कोरिया के आम आदमी की जिंदगी में भी नई उमंग पैदा होगी। निश्चति रूप से यह मामला चीन और अमेरिका में सद्भाव भी बढ़ाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. वेदप्रताप वैदिक


