जेलों को अब सुधारगृह कहा जाने लगा है। शायद इसके पीछे मानवाधिकारवादियों को संतुष्ट करने का भाव है। जेल में अपराधियों के जीवन में बदलाव लाने के तमाम प्रयास किए जाते हैं। पढ़ाई-लिखाई भी कराई जाती है। हर कैदी को एक बेहतर इंसान बनाने की जेल प्रशासन की कोशिश होती है। जेल जाने का दो ही असर होता है — या तो आदमी सुधर जाता है या फिर बिगड़ जाता है। इसके लिए जेल की सोहबत भी जिम्मेदार होती है।
लालू प्रसाद यादव को ऐतराज है कि एम्स प्रशासन उनके साथ राजनीति कर रहा है। उन्हें ऐसी जगह शिफ्ट कर रहा है जहां वे फिर बीमार हो सकते हैं। जिस तरह चोर चोरी छोड़ सकता है, हेराफेरी नहीं छोड़ सकता, उसी तरह राजनेता भी नेतागिरी नहीं छोड़ सकता। वह स्थान और काल का विचार नहीं करता। वह केवल अपने हित देखता है, अपनी सुविधाएं देखता है। वह यह भी नहीं सोचता कि उसकी राजनीति का लोकजीवन पर क्या असर पड़ेगा?
लालू यादव जैसे भ्रष्ट घोषित नेताओं को यह भी सोचना होगा कि जेल सुविधा की जगह नहीं है। वहां सुविधा तलाशना बालू से रेत निकालने जैसा है। उनको अपना माइंडसेट बदलना ही होगा। अपराधी केवल अपराधी होता है, उसे नेताओं जैसा प्रोटोकाल नहीं दिया जा सकता। जब लालू यादव ने रांची के मुंडा बिरसा जेल में अपनी तबियत खराब होने की शिकायत की थी तो जेल प्रशासन ने उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल भेजा था। रिम्स के डाॅक्टर भी उनकी बीमारी की वास्तविकता जानते थे और लालू यादव भी।
खैर, रिम्स प्रशासन ने उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल भेजने का निर्णय लिया। लालू ने इसका विरोध किया। उनके परिवार और पार्टी ने भी इसका प्रबल विरोध किया था कि उन्हें दिल्ली एम्स नहीं भेजा जाना चाहिए। उनकी बीमारी को लेकर जिस तरह देश भर में राजनीति का बाजार गर्म होने लगा था, उसे देखते हुए केंद्र सरकार ने भी उन्हें दिल्ली एम्स भेजने के निर्देश रिम्स प्रशासन को दिए।
उस समय लालू दिल्ली जाना नहीं चाहते थे। उन्हें जबरन दिल्ली भेजा गया। दिल्ली न जाने के पीछे लालू प्रसाद यादव के दिमाग में संभवतः यह भय भी रहा होगा कि अगर डाॅक्टरों ने यह कह दिया कि उन्हें कोई बीमारी नहीं है तो क्या होगा? इसलिए उनकी पार्टी के नेताओं ने एम्स में जोड़-तोड़ भी की।
[pullquote]लालू यादव जैसे भ्रष्ट घोषित नेताओं को यह भी सोचना होगा कि जेल सुविधा की जगह नहीं है। वहां सुविधा तलाशना बालू से रेत निकालने जैसा है। उनको अपना माइंडसेट बदलना ही होगा। अपराधी केवल अपराधी होता है, उसे नेताओं जैसा प्रोटोकाल नहीं दिया जा सकता।[/pullquote]
केंद्र सरकार भी नहीं चाहती थी कि इस मामले में राजनीति हो। इसलिए एम्स ने उन्हें 34 दिन तक स्वास्थ्य सेवाएं दीं और उन्हें फिर वापस रिम्स शिफ्ट करने का फरमान जारी कर दिया। लालू को पता है कि रिम्स में एकाध दिन रखकर उन्हें जेल ही भेजा जाएगा।
जेल जाने से हर नेता को डर लगता है। जेल जाते ही वह बीमार हो जाता है। लालू प्रसाद इसके अपवाद नहीं हैं। लालू यादव ने एम्स प्रशासन को अपनी बीमारी बताई और कहा कि वे जब तक ठीक न हो जाएं, तब तक उन्हें रांची न भेजा जाए क्योंकि वहां इलाज की मुकम्मल सुविधा नहीं है। लेकिन जिस तरह जबरन उन्हें रांची से दिल्ली भेजा गया था, उसी तरह उनके न चाहते हुए भी उन्हें दिल्ली से रांची भेजा गया है।
लालू प्रसाद राजनीति के चतुर खिलाड़ी हैं। सियासी जोड़-तोड़ और तिकड़म के महारथी हैं। उन्हें परिस्थितियों को अपने पक्ष में करना आता है। भैंस को स्कूटर पर बैठाने और उसे कई सौ किलोमीटर की यात्रा कराने का चमत्कार वही कर सकते हैं। उन्होंने एम्स प्रशासन को अपनी पांच बीमारी गिनाई थी। यह कुछ उसी तरह का है जैसे कि नानी के आगे ननिहाल की बात की जाए लेकिन लालू प्रसाद यादव के लिए असंभव कुछ नहीं है। उनको समझना चाहिए कि उन्हें 14 साल की जेल हुई है। इतने समय तक तो वे किसी अस्पताल में नहीं रह सकते। जेल तो उन्हें जाना ही है।
अस्पताल में 34 दिन का सुख कम नहीं होता। लालू को राजनीति करने की बजाय अपने कर्मों का प्रायश्चित करना चाहिए। चारा घोटाले के दो और मामलों में उन्हें सजा होनी है। लालू यादव ने एम्स प्रशासन से कहा था कि मैं कई बार बाथरुम में भी गिर चुका हूं। मेरा ब्लडप्रेशर और शुगर बीच-बीच में बढ़ जाता है। बिरसा मुंडा कारागार, रांची और रांची मेडिकल कॉलेज में किडनी के इलाज की सुविधा नहीं है। लालू यादव को लगता है कि यह उनके साथ अन्याय है लेकिन एम्स में अपने इलाज के दौरान उन्होंने क्या कभी यह भी कहा कि रांची की बिरसा मुंडा जेल में उनकी तरह के और भी मरीज कैदी हैं जिनका इलाज भी एम्स में ही होना चाहिए। क्या यह जेल में बंद उन मरीजों के साथ अन्याय नहीं है?
लालू यादव ने लिखा है कि मुझे उस जगह शिफ्ट किया जा रहा है, जहां कोई सुविधा नहीं है। मेरे लिए यह मुश्किल वक्त है, लेकिन मैं इसका सामना करूंगा। यह तो उन्हें भ्रष्टाचार करने से पूर्व सोचना चाहिए था। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद को सीबीआई कोर्ट ने 24 मार्च को चारा घोटाले में अब तक की सबसे बड़ी सजा सुनाई थी। लालू यादव के खिलाफ अभी दो मामले लंबित हैं। सजा मिल चुकी है तो उसे झेलना तो पड़ेगा।
अच्छा तो यह होगा कि लालू प्रसाद 70 साल की उम्र में नियति का मंतव्य समझें। अनावश्यक राजनीति से उन्हें सतही लोकप्रियता भले मिल जाए लेकिन इससे अंततः वे उपहास के ही पात्र बनेंगे। चिट्ठी लिखने से पहले उनकी राहुल गांधी से मुलाकात और इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दोषारोपण कुछ और ही कहानी बयां करता है। सवाल यह है कि लालू और उनका परिवार झूठ और फरेब की राजनीति आखिर कब तक करता रहेगा?
हिन्दुस्थान समाचार/सियाराम पांडेय ‘शांत’

