विपक्षी एकता को लगने लगा ब्रेक

दो-दो बार उन्होंने कांग्रेस के विधायकों को अपने रिसॉर्ट में रखकर कथित तौर पर बीजेपी के हाथों बिकने से बचाया है

237

कहावत है- कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा। इस तरह का कुनबा कभी भी दीर्घकालिक या स्थाई नहीं होता। कर्नाटक के संदर्भ में देखा जाए तो कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर ने बीजेपी के विजय रथ को थामने के लिए ऐसा ही एक कुनबा बनाया है। ये कुनबा तो बन गया, लेकिन अब जिस तरह की खींचतान की खबरें आ रही हैं, वे लोकतंत्र के लिए किसी भी स्थिति में अच्छी नहीं हैं। बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने के लिए 78 सीट लाने वाली कांग्रेस ने 37 लाने वाली जीडीएस को समर्थन दे दिया। सरकार में छोटी पार्टी बड़ी हो गई और बड़ी पार्टी छोटे भाई की भूमिका में आ गई। यहां तक तो सब ठीक था। शपथ ग्रहण भी हो गया। एचडी कुमारस्वामी और जी परमेश्वर ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ भी ली, लेकिन अब आगे क्या का सवाल इस सरकार के सामने खड़ा है। जनता भी इस सवाल का जवाब जानना चाहती है। इधर सरकार बनी और उधर राहुल गांधी और सोनिया गांधी विदेश रवाना हो गये। इस नई सरकार में अन्य मंत्रियों को भी शपथ लेना है, लेकिन किस मंत्री को कौन सा विभाग मिलेगा, कांग्रेस को कितने विभाग मिलेंगे, जीडीएस को कितने विभाग मिलेंगे, कांग्रेस के पास कौन-कौन विभाग रहेगा, जेडीएस के पास कौन कौन सा विभाग रहेगा, ये सारे सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं। कुछ भी तय नहीं हो सका है।

कांग्रेस परंपरागत तौर पर परिवार की पार्टी रही है। कांग्रेस वही निर्णय लेगी, जो सोनिया गांधी या राहुल गांधी कहेंगे। जब तक ये दोनों अपनी ओर से कोई निर्देश नहीं देंगे, कांग्रेस कुछ भी नहीं करेगी। लिहाजा मामला लटका हुआ है। प्रधानमंत्री से मिलने के लिए दिल्ली आए एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में जो कुछ कहा, उसका सार भी यही है कि उनके हाथ में कुछ भी नहीं है और उनकी सरकार कांग्रेस की दया पर निर्भर है। प्रजातंत्र के भविष्य के लिहाज से इसे बहुत ही खतरनाक संकेत माना जाना चाहिए। कांग्रेस ने कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री पद का लालच देकर बीजेपी को तो सत्ता में आने से रोक दिया, लेकिन अब उसका इरादा राज्य के सभी प्रमुख विभागों को अपने कब्जे में रखने का है। यानी सरकार में चेहरा तो मुख्यमंत्री होने के नाते कुमारस्वामी का होगा लेकिन काम सारे वही होंगे, जो कांग्रेस चाहेगी। परेशानी ये है कि मंत्रिमंडल के बंटवारे को लेकर एचडी कुमारस्वामी और कांग्रेस के नेताओं के बीच बेंगलुरू और दिल्ली में कई दौर की बैठक हो चुकी है, लेकिन हर बार बातचीत बेनतीजा रही है। और तो और कांग्रेस नेताओं और कुमारस्वामी की सोमवार को भी दो दौर की बातचीत हुई, लेकिन दोनों ही पक्ष किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सके।

जेडीएस जिन विभागों को अपने पास रखना चाहती है, उन तमाम विभागों पर कांग्रेस खुद दावा कर रही है। कांग्रेस गृह, वित्त, बिजली, खनन और आबकारी जैसे अहम मंत्रालयों को अपने पास रखना चाहती है, वहीं कुमारस्वामी वित्त मंत्रालय अपने पास ही रखना चाहते हैं। मजे की बात तो ये है कि वित्त मंत्रालय को जेडीएस और कांग्रेस दोनों ही अपने पास रखना चाहती हैं, वहीं खुद कांग्रेस में भी वित्त मंत्रालय को लेकर खींचतान की स्थिति बनी हुई है। उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार दोनों ही वित्त मंत्रालय अपने पास रखना चाहते हैं। डीके शिवकुमार कांग्रेस के लिए दो-दो बार संकटमोचक सिद्ध हो चुके हैं। दो-दो बार उन्होंने कांग्रेस के विधायकों को अपने रिसॉर्ट में रखकर कथित तौर पर बीजेपी के हाथों बिकने से बचाया है। ऐसी स्थिति में कांग्रेस में वित्त मंत्रालय के लिए उनकी दावेदारी काफी मजबूत है। माना जा रहा है कि कर्नाटक में मंत्रालयों का बंटवारा अब राहुल गांधी और सोनिया गांधी के विदेश से लौटने के बाद ही हो सकेगा। किसी भी लोकतांत्रिक देश में इस स्थिति को काफी दुर्भाग्यपूर्ण माना जाना चाहिए। राज्य के सभी मंत्रालयों का काम सिर्फ मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ही कर रहे हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि गठबंधन के दोनों दलों के बीच विभागों का बंटवारा ही नहीं हो सका है। साफ है कि विभागों का बंटवारा नहीं हो पाने के कारण फिलहाल सरकार न तो कोई बड़ा फैसला ले सकेगी और ना ही राज्य में विकास कार्यों को गति दिया जा सकेगा।

गौर करने की बात ये भी है कि कुमारस्वामी यह भी कहने लगे हैं कि अगर वह अपनी पार्टी की चुनाव घोषणा पत्र के मुताबिक काम नहीं कर सके तो इस्तीफा दे देंगे। अनुमान लगाया जा सकता है कि सरकार बने अभी जुमा-जुमा चार दिन ही हुए हैं, सरकार ढंग से चलनी भी शुरू नहीं हुई है, उसके पहले ही कुमारस्वामी इस्तीफे की बात करने लगे हैं। सवाल यह नहीं है कि कर्नाटक में कांग्रेस और जीडीएस की सरकार चल पाएगी कि नहीं। सवाल ये है कि विपक्ष के बीजेपी विरोधी गठबंधन का क्या होगा। कांग्रेस ने बीजेपी को रोकने के लिए जेडीएस और कांग्रेस ने जैसे गठबंधन किया, उससे बीजेपी विरोधी पार्टियों में एक उत्साह का संचार हुआ था। सारी पार्टियां इस बात को लेकर उत्साहित थीं कि अब बीजेपी के खिलाफ एक मजबूत गठबंधन तैयार हो सकेगा, जो उसे न केवल राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और मिजोरम में शिकस्त देने में कामयाब रहेगा, बल्कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी को सत्ता से बाहर कर सकेगा। लेकिन अभी से ही जैसे संकेत मिल रहे हैं, उसे लगने लगा है कि आने वाले दिन विपक्षी एकता के लिए कोई बहुत अच्छे रहने वाले नहीं हैं। अगर यह गठबंधन टूटा और कर्नाटक की सरकार दोनों दलों के खींचतान की वजह से गिरी, तो निश्चित रूप से इसका फायदा सिर्फ और सिर्फ बीजेपी को होगा। वहीं प्रस्तावित विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस को नेतृत्व मिलने की संभावनाएं काफी धूमिल हो जाएंगी।

कांग्रेस जिस तरह से विपक्ष का गठबंधन बनाकर बीजेपी को टक्कर देना चाहती है, वो पूरी कोशिश कर्नाटक की विफलता के साथ ही कमजोर पड़ जाएगा। यह ठीक है कि सोनिया गांधी को इलाज के लिए विदेश जाना था। यह भी ठीक है कि मां के इलाज के दौरान उनके साथ रहना राहुल गांधी का एक नैतिक कर्तव्य भी था। लेकिन अगर ऐसा था तो राहुल गांधी और सोनिया गांधी विदेश जाने के पहले ही कर्नाटक सरकार के विभागों के बंटवारे की बात पर सहमति बनाकर जाते। जिससे कि कर्नाटक में आज जो स्थिति बनी है, वह नहीं बनती और गठबंधन सुचारु रुप से चलते रहता। हमें इस बात को भी समझ लेना चाहिए कि कुमारस्वामी द्वारा इस्तीफा देने या गठबंधन की धमकी देने पर कांग्रेस की पूरी कोशिश अगले लोकसभा चुनाव तक इसे चलाने की होगी, ताकि 2019 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन को एक कामयाब गठबंधन की शक्ल देकर कायम रखा जा सके। हालांकि अभी से ही जो संकेत मिलने लगे हैं उसमें आसार अच्छे नहीं नजर आते। इसलिए इस दिशा में कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की इच्छुक अन्य पार्टियों को भी ध्यान देना होगा, ताकि विपक्ष का गठबंधन कायम रह सके। अन्यथा बीजेपी को सत्ता से हटाने की बात सोचना भी इन दलों के लिए मुश्किल साबित होगा।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.