HomeArchivesवैश्विक अर्थव्यवस्था में तेल की भूमिका

वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेल की भूमिका

2016 तक कच्चे तेल की दरों में गिरावट के चलते भारत में इसकी कीमत पानी की एक लीटर बोतल की कीमत से भी नीचे आ गई थी

अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। नतीजतन पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस के दाम घटने की बजाय बढ़ने की नौबत आ गई है। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल का भाव 71 डालर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया है, जो 2014 के बाद अब तक का सबसे ऊपरी स्तर है। इस बीच दिल्ली में आयोजित ऊर्जा क्षेत्र के सबसे बड़े अंतरराष्‍ट्रीय सम्मेलन ‘इंटरनेशनल एनर्जी फोरम‘ (आईईएफ) के 16वें संस्करण का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेल उत्पादक देशों के संगठन (ओपेक) को चेताते हुए कहा है कि यदि समाज के सभी वर्गों को सस्ती दरों पर ऊर्जा की सुविधा नहीं दी गई तो ओपेक देशों को ही घाटा होगा। इस मौके पर इस संगठन के सदस्य देशों में से सऊदी अरब, ईरान, नाइजीरिया और कतर के ऊर्जा मंत्री मौजूद थे। आईईएफ में वैसे तो 72 सदस्य देश हैं, लेकिन इस बैठक में 92 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। जाहिर है, तेल उत्पादक देशों को तेल खरीदार देशों के हितों का भी ख्याल रखने की हिदायत प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में दी है। हालांकि बहुत दिनों से तेल की कीमतों में जो उतार-चढ़ाव देखने में आ रहा है, उसकी एक अन्य वजह खाड़ी देशों के बीच तनाव का बढ़ना भी है। यूरोप की एयर ट्रैफिक कंट्रोल एजेंसी ने अगले कुछ दिनों में सीरिया पर हवाई हमले की आशंका भी जताई है। इससे इतर अमेरिका और चीन के बीच छिड़े कारोबारी युद्ध के चलते भी कच्चा तेल महंगा हो रहा है। इधर ओपेक देश व रूस मिलकर कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित कर रहे है। इसकी वजह से भी निर्यात प्रक्रिया में देरी हो रही है। भारत की चिंता तेल को लेकर इसलिए भी है, क्योंकि भारत कच्चे तेल का सबसे बड़ा खरीदार देश है। यहां कुल खपत का 80 फीसदी से ज्यादा तेल आयात किया जाता है। भारत में तेल की कीमतें बढ़ने से महंगाई बढ़ती है और जनता वर्तमान सरकार से ऊबने लग जाती है। जिसका खामियाजा चुनाव में सरकार को भुगतना होता है। हालांकि कीमतें बढ़ने से तेल की खपत भी प्रभावित होती है, जिसका खामियाजा तेल उत्पादक देशों को भी भुगतना होता है। भारत में अगले 25 वर्षों तक ऊर्जा की मांग में सालाना 4.2% की दर से वृद्धि होगी, जो अन्य किसी भी देश में होने वाली नहीं है। भारत में गैस की खपत भी 2030 तक तीन गुना हो जाएगी।

पूरी दुनिया में कच्चा तेल वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं की गतिशीलता का कारक माना जाता है। ऐसे में यदि तेल की कीमतों में लगातार बढ़त दर्ज की जा रही है,तो इसका एक कारण यह भी है कि दुनिया में औद्योगिक उत्पादों की मांग बढ़ रही है। इसके बावजूद विश्व अर्थव्यस्था में तेल की कीमतें स्थिर बने रहने की उम्मीद इसलिए की जा रही थी, क्योंकि 2016 में सउदी अरब और ईरान में चला आ रहा तनाव खत्म हो गया था। अमेरिका और यूरोपीय संघ ने ईरान से परमाणु प्रतिबंध हटा लिए थे। इसलिए कहा जा रहा था कि अब ये दोनों देश अपने उत्पादित तेल को बाजार में खपाने में तेजी लाएंगे। इस प्रतिस्पर्द्धा के चलते कच्चा तेल सस्ता मिलता रहेगा।

2016 तक कच्चे तेल की दरों में गिरावट के चलते भारत में इसकी कीमत पानी की एक लीटर बोतल की कीमत से भी नीचे आ गई थी।सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन आयल कार्पोरेशन के आंकड़ों के अनुसार तेल उत्पादक कंपनियां रिफाइनरियों को 22.46 रुपए प्रति लीटर पर तेल उपलब्ध कराती हैं। इस पर विशिष्‍ट उत्पाद शुल्क 19.73 रुपए प्रति लीटर है। वहीं डीजल का रिफायनरी मूल्य 18.69 प्रति लीटर की दर से क्रय करने के बाद डीलरों को 23.11 रुपए प्रति लीटर की दर से हासिल कराया जाता है। डीजल पर उत्पाद शुल्क 13.83 रुपए प्रति लीटर है। यदि डीजल-पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटा दिया जाए तो उपभोक्ताओं को मंहगा तेल खरीदने से राहत मिलेगी। किंतु अब तेल की कीमतों में जिस तरह से उछाल आया है, उसके चलते सरकार भी मुश्किल में है। देश की तेल व ईंधन संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए आयात पर निर्भरता कम करने के उपायों में भी सरकार लगी है। इस मकसद की पूर्ति के लिए एथनॉल की खरीद बढ़ाई जा रही है। एथनॉल पर उत्पाद शुल्क भी समाप्त कर दिया गया है। इस साल डीजल-पेट्रोल में पांच प्रतिशत एथनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल कर लेने की उम्मीद सरकार को है।

कच्चे तेल की कीमतों के लिए किसी एक कारक या कारण को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। एक वक्त था, जब कच्चे तेल की कीमत मांग और आपूर्ति से निर्धारित होती थीं। इसमें भी अहम् भूमिका ओपेक देशों की रहती थी। ओपेक देशों में कतर, लीबिया, सऊदी अरब, अल्जीरिया, ईरान, ईराक, इंडोनेशिया, कुवैत, वेनेजुएला, संयुक्त अरब अमीरात और अंगोला शामिल हैं। दरअसल अमेरिका का तेल आयातक से निर्यातक देश बन जाना, चीन की विकास दर का धीमा हो जाना, शैल गैस क्रांति, नई तकनीक, तेल उत्पादक देशों द्वारा सीमा से ज्यादा उत्पादन, ऊर्जा दक्ष वाहनों का विकास और इन सबसे आगे सौर ऊर्जा एवं बैटरी तकनीक से चलने वाले वाहनों का विकास हो जाने से यह उम्मीद की जा रही थी कि भविष्य में कच्चे तेल की कीमतें कभी नहीं बढ़ेंगी। भारत भी जिस तेजी से सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है, उसके परिणामस्वरूप कालांतर में भारत की तेल पर निर्भरता कम होने वाली है। इस्लामिक आतंकवाद और कई देशों में शिया-सुन्नियों के संघर्ष के चलते सीरिया, लीबिया, इराक और अफगनिस्तान में जिस तरह से जीवन बचाने का संकट उत्पन्न हुआ है, उसने सामान्य जीवन तहस-नहस किया हुआ है। इस कारण भी यही उम्मीद थी कि तेल की कीमतें स्थिर रहेंगी। किंतु इधर खाड़ी के देशों में जिस तरह से तनाव उभरा है, उसके चलते अनेक देशों ने तेल का संग्रह शुरू कर दिया है। जिससे युद्ध की स्थिति में इस तेल का उपयोग किया जा सके। चीन, रूस और उत्तरी कोरिया भी बड़ी मात्रा में तेल का भंडारण कर रहे हैं। यह संग्रह तेल की कीमत में उछाल की एक प्रमुख वजह है। बहरहाल चार साल की नरमी के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 71 डालर प्रति बैरल तक का जो उछाल देखने में आ रहा है, वह 2 साल पूर्व की कीमत 42 डालर प्रति बैरल पर पहुंच सकेगा यह मौजूदा परिस्थितियों में नामुमकिन है। ऐसे में भारत को बढ़ती तेल की कीमतों के कारण आने वाले दिनों में खान-पान व उपभोक्ता वस्तुओं में महंगाई का सामना करना पड़ सकता है।

हिन्‍दुस्‍थान समाचार/प्रमोद भार्गव

- Advertisement -

Expositions

How Bal Gangadhar Tilak transformed Ganesh Chaturthi

How Bal Gangadhar Tilak transformed Ganesh Chaturthi from a private household ritual into a grand public festival, uniting communities and fuelling India’s freedom movement

Kali Puja vs Lakshmi Puja: 5 Divine Contrasts Between Diwali In Bengal & North India

Kali Puja vs Lakshmi Puja: The historical, theological and cultural roots of the difference between Diwali celebrations in Bengal and north India explained

Why Gupt Navratri is observed, how, when and by whom

Adhering to the rituals associated with Gupt Navratri, as mentioned in Devi Bhagavata Purana, is believed to bring wealth, prosperity, and happiness into one's life
Swadharma
Swadharmahttps://swadharma.in/
Swadharma is a one-stop web destination for everything Hindu. We will cover history, theology, literature and rituals of all sects of Hinduism one by one besides news of the state of the Hindu community worldwide through videos, podcasts, reports and articles.

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

More like this

आरक्षण की आड़ में प्रतिभा का कत्ल? SC-ST Act के कथित दुरुपयोग से समानता का गला घोंटता कानून

सामाजिक न्याय की ढाल जरूरी, लेकिन क्या संरक्षण की व्यवस्था कहीं समान अवसर, मेरिट और कानून के निष्पक्ष इस्तेमाल पर भारी पड़ रही है? आरक्षण से लेकर एससी-एसटी एक्ट तक व्यवस्था के भीतर सुधार की जरूरत पर गंभीर सवाल

The Kerala Story से कालड़ी तक — बदलते केरल की कहानी में शंकराचार्य, जनसांख्यिकी, धर्मांतरण के सवाल

‘द केरल स्टोरी’ के शोर, जनगणना के आंकड़ों और अदालती रिकॉर्ड के बीच एक राज्य को पढ़ने की कोशिश