सीएम पर ‘दान घोटाले’ का दाग

मंदिर प्रबंधन को चढ़ावे और दूसरी सुविधाओं के एवज में प्रतिदिन औसतन 2.75 करोड़ रुपये की आय होती है

400

इसे कहते हैं, सर मुड़ाते ओले पड़ना। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चन्द्रबाबू नायडू के साथ यही हुआ। बेंगलुरु में विपक्षी जुटान से ऑक्सीजन लेकर बीजेपी के खिलाफ मोर्चाबंदी करने निकलने ही वाले थे कि तिरुपति बालाजी मंदिर के ‘दान घोटाले’ ने उनके दामन को दागदार कर दिया। अब तेलुगू देशम् पार्टी के प्रमुख को सफाई देते नहीं बन रही है। वे मामले की जांच कराकर निर्दोष साबित होने की जगह सारा दोष बीजेपी और मोदी सरकार पर मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। उधर विपक्षी दल आक्रामक हैं और हिन्दूवादी संगठन तेजी से नायडू से नाराज हो रहे हैं। सुब्रमण्यम स्वामी तो सुप्रीम कोर्ट तक जाने की बात कह रहे हैं। दुनिया के सबसे धनी मंदिरों में से एक और सनातन आस्था के प्रमुख केन्द्र तिरुपति स्थित बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी ए वी रमन्ना दीक्षितुलू ने पिछले दिनों बड़ा खुलासा किया। चेन्नई में संवाददाता सम्मेलन कर उन्होंने आरोप लगाया कि आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू बालाजी मंदिर को दान में मिल रहे पैसों का दुरुपयोग करते हैं। मंदिर के पैसे का राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करते हैं। इस खुलासे से हलकान तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् ट्रस्ट यानी टीटीडी ने दूसरे दिन ही मुख्य पुजारी रमन्ना को पद से जबरन रिटायर कर दिया। आनन-फानन टीटीडी बोर्ड की बैठक कर नियमावली में संशोधन हुआ और पुजारी के रिटायरमेंट के लिए 65 साल की उम्र सीमा निर्धारित कर दी गयी। आंध्रसरकार के नियंत्रणाधीन इस बोर्ड के फैसले ने नायडू सरकार की फजीहत करा दी। इस मुद्दे पर विपक्षी दल खासकर जगनमोहन की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी, बीजेपी और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी ने नायडू को घेर लिया। बालाजी मंदिर के कथित ‘दान घोटाले’ की सीबीआई से जांच की मांग उठने लगी है। बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने पुजारी को बहाल करने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है। पुजारी को दोबारा बहाल करने की मांग को लेकर एक ऑनलाइन कैम्पेन भी चलाया जा रहा है। बीजेपी नेता गिरिधर पोचमपल्ली कहते हैं- “पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के 10 मई को बालाजी मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान मुख्य पुजारी रमन्ना द्वारा किये गये आदर-सत्कार से टीडीपी के नेता खार खाए हुए हैं। मुख्य पुजारी द्वारा सार्वजनिक तौर पर अनियमितता उजागर करने से बौखलाए ट्रस्ट ने जबरन रिटायरमेंट की कार्रवाई की”। उधर चन्द्रबाबू नायडू ने आरोप लगने के दो दिन बाद चुप्पी तोड़ी और कहा कि यह केन्द्र सरकार के इशारे पर हो रहा है। विजयवाड़ा में टीडीपी के महानाडु अधिवेशन में भी चन्द्रबाबू मोदी सरकार पर लगातार हमला करते रहे। उन्होंने कहा कि केन्द्र की सरकार बालाजी मंदिर की व्यवस्था अपने हाथ में लेना चाहती है। उन्होंने पुरातत्व विभाग के हालिया सर्कुलर का उल्लेख करते हुए कहा कि तिरुपति मंदिर को ‘प्राचीन ऐतिहासिक धरोहर’ बताकर एएसआई इसका नियंत्रण अपने हाथ में लेने की फिराक में है। लेकिन भारी विरोध के बाद एएसआई को अपने कदम पीछे करने पड़े। दरअसल, तिरुपति मंदिर के चेयरमैन सहित बाकी सदस्यों की नियुक्ति भी राज्य सरकार ही करती है। ऐसे में टीटीडी बोर्ड का टीडीपी सरकार से लगाव स्वाभाविक है।

पिछले दिनों भी नायडू सरकार ने दबाव बनाकर टीडीपी के एक विधायक के इलाके में कल्याण मंडपम (मैरिज हॉल) बनाने के लिए बालाजी मंदिर ट्रस्ट से 10 करोड़ रुपये दिलवाये थे। आरोप है कि वर्तमान अध्यक्ष पुट्टा सुधाकर यादव के कई चर्च संगठनों से संबंध हैं। ऐसे में इस मंदिर का प्रबंधन उनके हाथों में देना उसकी गरिमा से खिलवाड़ है। तिरुपति के तिरुमला पर्वत शिखर पर विराजमान भगवान वेंकटेश का यह मंदिर अति प्राचीन है और दुनिया भर में प्रसिद्ध है। भगवान वेंकटेश को भगवान विष्णु का कलियुग अवतार माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि भगवान बालाजी अपनी पत्नी पदमावती के साथ यहां विराजते हैं। मंदिर का निर्माण 13वीं शताब्दी में पल्लव वंश या फिर चोल वंश के राजाओं ने कराया था। बालाजी मंदिर की प्रसिद्धि विजयनगर सम्राट श्रीकृष्णदेव राय के जमाने में भी थी। 16वीं शताब्दी में महाराजा कृष्णदेव राय ने सोने और मूल्यवान रत्न बालाजी को भेंट किये थे, वो अबतक का सबसे बड़ा चढ़ावा था जिसकी कीमत 2000 करोड़ के आसपास है। मंदिर प्रबंधन को चढ़ावे और दूसरी सुविधाओं के एवज में प्रतिदिन औसतन 2.75 करोड़ रुपये की आय होती है। अनुमान के मुताबिक बालाजी मंदिर के पास 50 हजार करोड़ की संपत्ति है।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.