सचिन तेंदुलकर ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि वे असाधारण इंसान हैं। वे वास्तव में भारत रत्न तो हैं ही, पर वास्तव में भारत के रत्न हैं । क्रिकेट के इस साक्षात् भगवान ने राज्यसभा से रिटायर होते ही प्रधानमंत्री राहत कोष अपनी 6 साल की पूरी सैलरी और भत्ते दान कर फेस्बुकिय आलोचकों का मुहं बंद कर दिया । उनका कार्यकाल हाल में समाप्त हुआ था। पिछले छह वर्षों में तेंदुलकर को वेतन के रूप में लगभग 90 लाख रूपये और अन्य मासिक भत्ते मिले थे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने उन्हें आभार पत्र भी जारी किया है जिसमें लिखा गया है कि ‘‘प्रधानमंत्री ने इस सहृदयता के लिये आभार व्यक्त किया है। यह योगदान संकटग्रस्त लोगों को सहायता पहुंचाने में बहुत मददगार होगा।’’ तेंदुलकर जब से राज्य सभा के लिए मनोनीत हुए थे तब से ही कुछ हलको में उनकी संसद सत्र में गैर-हाजिरीऔर भागेदारी को लेकर लगातार सवाल खड़े किए जा रहे थे। सवाल करने वाले भूल रहे थे कि सचिन तेंदुलकर का बल्ला बोलता है, वे बोलने से अधिक कुछ कर गुजरने में यकीन करते हैं। यह उन्होंनेसांसदकाल का वेतन-भत्ते वापस करके अपने आलोचकों के चेहरे पर तमाचा जड़कर साबित कर ही दिया।उन्हें जब सांसद मनोनीत किया गया था तब ही उन्होंने एक बड़ा फैसला लेते हुए कह दिया था कि वे सरकारी आवास नहीं लेंगे। तब उनके आलोचकों को यह बातें दिखाई नहीं दे रही थी। क्या संसद में हंगामा करना ही अपनी मौजूदगी को दर्ज करवाना माना जाए? यही तो आजकल बहुत से सांसद कर रहे हैं। सचिन तेंदुलकर ने सांसद निधि का भी बहुत बेहतर उपयोग किया। उन्होंने देश भर में 185 परियोजनाओं को मंजूरी देने तथा उन्हें आवंटित 30 करोड़ रूपये में से 7.4 करोड़ रूपये शिक्षा और ढांचागत विकास में खर्च किए। क्या यह अहम उपलब्धि नहीं है ?
सचिन तेंदुलकरअपने लगभग 25 सालों के सफल अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद भी सामाजिक कार्यों में लगातार जुड़े रहे। सचिन तेंदुलकर के बल्ले से जिस तरह से रन निकलते थे, उसके चलते वे सर्वकालिक महान बल्लेबाजों की क्षेणी में जगह बना पाए। बेशक, इस मसले पर कोई विवाद नहीं हो सकता। उनके खाते में कितने वर्ल्ड रिकार्ड दर्ज हैं, ये किसी को बताने की जरूरत ही नहीं है।सचिन तेंदुलकर की शख्सियत का समग्र रूप से विश्लेषण करने की जरूरत है। उनकी कोरी आलोचना करने वालों को अपनी गिरेबान में भी झांकना होगा। सचिन पूरे देश के रोल मॉडल यूं ही नहीं बन गए। क्रिकेट से सन्यास लेने के बाद भी वे अति लोकप्रिय हैं। सारे देश के युवा उनसे प्रेरणा लेते हैं। एक मराठी अध्यापक के इस पुत्र की उपलब्धियां शानदार रही हैं। उनका नाम कभी भी किसी तरह के विवाद में नहीं रहा। वे संस्कारी हैं।वे आज्ञाकारी पुत्र, जिम्मेदार पति और पिता हैं।
अगर उनका चौतरफा स्तुति गान होता है तो इसकी ठोस वजहें हैं। सचिन तेंदुलकर की पाकिस्तान के इमरान खान से लेकर इंजमाम-उल-हक से तुलना करने वाले दिमागी रूप से बीमार हैं। वे कहते हैं कि इमरान खान और इंजमाम उल हक नेगरीबों के लिए अस्पताल बनवाए। सचिन तेंदुलकर नेक्या किया? अब जब उन्होंने अपनी सांसद के रूप में सारी सैलरी लौटा दी तो वे कहीं जाकर छिप गए हैं। उन्हें अपने पर शर्म आ रही होगी। ऐसे दो कौड़ी के लोगों की जो राष्ट्र की महँ हस्तियों पर लांछन लगाते हैं, उनकी सार्वजानिक भर्त्सना और सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए I
सचिन तेंदुलकर की निंदा करने वाले उन्हें इसलिए भी कोसते हैं कि वे ब्रांड एम्बेसेडर बनकर खूब पैसा कमाते हैं। क्या ईमानदारी से पैसा कमाना भी कोई अपराध हो गया है?क्या वे टैक्स की चोरी कर रहे हैं? क्या वे कोई गैर-कानूनी कार्य में संलिप्त हैं?
क्या यह जानकारी सचिन के आलोचकों को है कि सचिन तेंदुलकर ने आंध्र प्रदेश के नैल्लोर ज़िले में एक गांव गोद लिया है? उन्होंने ‘संसद आदर्श ग्राम योजना‘ के तहत पुत्तमराजुवरी कंद्रिका गांव गोद लिया था। सचिन ने गांव के लिए 2.79 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी थी। इनमें सामुदायिक केंद्र, आंगनवाड़ी स्कूल और रसोई, खेल का मैदान, विश्राम गृह और शौचालयों का निर्माण शामिल है। वे इस गांव के लोगों से शराब और तंबाकू की लत छोड़ने की अपील करते हैं। क्या उनके विज्ञापन करने पर एतराज करने वालों को याद है कि उन्होंने कभी सिगरेट या तंबाकू का विज्ञापन नहीं किया है? वे चाहते तो इन उत्पादों का विज्ञापन करके भी करोड़ों रुपये कमा सकते थे। आखिर कितने नामवर सितारे सिरगेट और तंबाकू का विज्ञापन करते ही रहे हैं। पर वे अपने सामाजिक दायित्वों को समझते हैं। सचिन तेंदुलकर खाटी मुंबईकर हैं। पर उन्होंने महाराष्ट्र की बजाय एक अन्य राज्य के गांव को गोद लेकर यह साबित किया कि उनकी सोच अखिल भारतीय है। वे संकीर्ण मानसिकता वाले इंसान नहीं है। वे सारे देश के नायक हैं। उन्हें सारा देश अपना मानता है, वे सबको अपना समझते हैं। वे ग्रामीणों से बेटियों को बेटों के बराबर अहमियत देने का आहवान करते हैं। वे जब भी उस गांव में गए जिसे उन्होंने गोद लिया तो वे ग्रामीणों से अपनी बेटियों को स्कूल भेजने के लिए कहते रहे। उनके आहवान का असर हुआ कि वहां के लोगों ने अपनी बेटियों को स्कूलों में भेजना बड़े स्तर पर चालू कर दिया। क्या इसे भी एक सामान्य कामयाबी माना जाए?
सचिन तेंदुलकर 23 साल की उम्र में भारत के कप्तान बन गए थे। ये बात 10 अक्तूबर 1996 की है। वे तब दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान टीम इंडिया की अगुवाई कर रहे थे। पर रन बनाने वाली मशीन बन गए सचिन तेंदुलकर कप्तान के रूप में सफल नहीं रहे। उन्हें दो बार भारतीय टीम की कमान सौंपी गई, लेकिन वह टीम को कभी वैसी सफलता नहीं दिला पाए जैसी कि उनसे उम्मीद की जा रही थी। तेंदुलकर की अगुवाई में भारत ने 25 टेस्ट मैच खेले I लेकिन, इनमें से भारत केवल चार मैचों में जीत दर्ज कर पाया जबकि नौ मैच में उसे हार मिली। कप्तान बनते ही उनका अपना प्रदर्शन खराब होने लगा। यदि क्रिकेट के दूसरे प्रारूप एक-दिवसीय क्रिकेट की बात करें तो तेंदुलकर ने 73 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की, लेकिन वह केवल 23 मैचों में ही जीत का स्वाद चख पाए। इस बीच भारत ने 43 मैच गंवाए और स्वयं तेंदुलकर ने भी मान लिया कि वह बल्लेबाजी की तरह कप्तानी में सफलता हासिल नहीं कर पाएंगे। यानी जब तेंदुलकर को लगा कि वे सफल नहीं हो रहे तो उन्होंने स्वेच्छा से कप्तानी छोड़ दी। हालांकि अगर वे कप्तानी न भी छोड़ते तो उन्हें कोई कप्तानी से हटा नहीं सकता था, क्योंकि सचिन का कद ही इतना बड़ा हो चुका था। सचिन के आलोचक भी कुछ छोड़कर दिखायें, तभी उन्हें पता चलेगा कि कुछ भी छोड़ने के लिए कितने आत्मबल की जरूरत होती हैI
सचिन तेंदुलकर संसद सदस्य के रूप में रिटायर हुए हैं, पर अभी लंबे समय तक देश की जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा करते रहेंगे। वे देश के नायक थे और जीवन पर्यंत रहेंगे भी।

