सीजफायर का फायदा आतंकी संगठनों को

अगर इन शिविरों को नष्ट कर दिया गया, तब भी आतंकवाद की समस्या पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है

240

रमजान के पवित्र महीने में केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान पर एकतरफा रोक के दुष्परिणाम नजर आने लगे हैं। राजनीतिक वजहों से कई लोगों ने भले ही केंद्र सरकार की इस पहल का स्वागत किया हो, लेकिन सच्चाई यह है की मोदी सरकार की इस नरमी का फायदा आतंकवादी संगठन उठा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों के हवाले से जो खबर दी गई है, वो न केवल चौंकाने वाली है, बल्कि चिंताजनक भी है। इस खबर के मुताबिक आतंकी संगठनों में स्थानीय युवकों की भर्ती का काम तेज कर दिया गया है। इस बात की आशंका पहले भी जतायी गयी थी कि सीजफायर से आतंकी संगठनों या उसके सरगनाओं को समझा-बुझाकर बातचीत के लिए तैयार करने में कोई बहुत मदद नहीं मिलने वाली है।क्योंकि, आतंकवादी इसे केंद्र की सदाशयता नहीं समझेंगे, बल्कि इस समय का उपयोग अपनी ताकत जुटाने और नई मारक योजना बनाकर अपनी गतिविधियों को बढ़ाने में करेंगे। सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने इस बात की तस्दीक कर दी है कि सीजफायर होने के बावजूद स्थानीय युवकों के विभिन्न आतंकी संगठनों के साथ जुड़ने की प्रवृत्ति में तेजी आयी है। इतना ही नहीं सीजफायर से उत्साहित आतंकी संगठनों ने पाकिस्तानी सेना की मदद से सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ कराने के काम में भी तेजी ला दी है।

माना जा रहा है कि सिर्फ मई के महीने में ही 20 से अधिक स्थानीय युवकों ने आतंकवादी संगठनों का हाथ थाम लिया है। आतंकवादियों के खिलाफ सीजफायर का ऐलान केंद्र सरकार ने ऐसे समय किया गया है, जबकि कुछ ही हफ्तों बाद अमरनाथ की यात्रा शुरू होने वाली है। खबर आ रही है कि एक तरफा युद्ध विराम के दौरान राज्य के पुंछ और राजौरी जिले के साथ ही एलओसी से भी आतंकवादियों ने काफी संख्या में घुसपैठ की है। अनुमान लगाया जा सकता है कि ये आतंकवादी अमरनाथ यात्रा के दौरान किस कदर कहर बरपा सकते हैं। अमरनाथ यात्रा हमेशा ही आतंकवादियों के निशाने पर रही है। यह ठीक है कि सुरक्षा बलों की मुस्तैदी की वजह से वे कभी भी श्रद्धालुओं को गहरी चोट नहीं पहुंचा सके हैं, लेकिन ऐसे समय में, जबकि केंद्र ने अपनी ओर से एकतरफा युद्ध विराम की नीति अपनायी हुई है, राज्य सरकार भी आतंकवादियों के प्रति नरम रवैया अपना रही है। ऐसे में सीजफायर की वजह से अपनी ताकत बटोर चुके पाकिस्तान परस्त आतंकवादी केदारनाथ यात्रा के दौरान भारी तबाही मचा सकते हैं। परेशानी ये है कि आतंकवादी संगठनों से जुड़ने वाले युवकों में बड़ी संख्या में पढ़े लिखे लोग भी शामिल हैं।

सुरक्षाबलों का दावा है कि मई के महीने में आतंकी संगठनों से जुड़ने वाले लोगों में एक आईपीएस अधिकारी इनामुल हक का भाई शम्सुल हक भी शामिल है। शम्सुल श्रीनगर के एक कॉलेज में यूनानी मेडिसिन सर्जरी की पढ़ाई कर रहा था। वह 26 मई से ही लापता है और उसके आतंकियों के साथ मिल जाने के संकेत मिले हैं। इसी तरह गांदरबल निवासी रऊफ जो पॉलिटेक्निक में चौथे सेमेस्टर का छात्र है, भी आतंकी संगठनों के साथ जुड़ चुका है। चिंता की बात तो ये है कि केंद्र सरकार अपनी ओर से जितना भी सद्भावना दिखाने की कोशिश कर रही है, आतंकवादी संगठन उतना ही ज्यादा और तीव्र गति से केंद्र सरकार के खिलाफ अपना अभियान चलाने में लगे हुए हैं। आतंकी संगठन इन दिनों भाड़े के आतंकवादियों से काम कराने की जगह स्थानीय युवकों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में जुटे हुए हैं। माना जाता है कि आतंकी शिविरों में प्रशिक्षित स्थानीय युवक अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को भारत सरकार के खिलाफ भड़का सकते हैं। साथ ही कश्मीर घाटी की भौगोलिक स्थिति से अच्छी तरह से वाकिफ होने की वजह से ऐसे युवक आतंकी घटनाओं को ज्यादा आसानी से अंजाम दे सकते हैं।

कश्मीर वर्षों से भारत की दुखती रग बना हुआ है। पाकिस्तान सेना और उसकी बदनाम खुफिया एजेंसी आईएसआई लगातार कश्मीर के लोगों को भड़काकर राज्य को अशांत बनाने की कोशिश में लगी हुई हैं। कश्मीर के हालात पर काबू पाने के लिए सरकार अपनी ओर से सद्भावना के, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार बढ़ाने के, अलगाववादी संगठनों के साथ ही स्थानीय लोगों से बातचीत करने के तमाम कार्यक्रम चला रही है, लेकिन पाकिस्तान के इशारे पर चल रहे अलगाववादी संगठन नहीं चाहते कि कश्मीरी युवा देश की मुख्यधारा में लौटें। यही कारण है कि वे उन्हें हमेशा ही हथियार उठाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। भारत सरकार को इस समय नरमी का रुख छोड़कर कड़ा रुख अपनाना चाहिए, ताकि कश्मीर को जन्नत से जहन्नुम बनाने वाले आतंकवादियों का जड़ से सफाया किया जा सके और कश्मीर को फिर से धरती का स्वर्ग बनाया जा सके।

हमें याद रखना होगा कि आतंकी शिविरों में ट्रेनिंग हासिल कर चुके युवकों की मानसिकता इस हद तक देश विरोधी हो चुकी है कि वे मजहब के नाम पर कोई भी बड़ा से बड़ा कदम उठाने से नहीं हिचकते। इन लोगों के लिए मानवाधिकार जैसी बातों का कोई मतलब नहीं है। इसलिए जरूरी है कि भारत सरकार सुरक्षा बलों को आतंकवादियों का सफाया करने के लिए खुली छूट दे, ताकि देश के दुश्मनों का पूरी तरह से सफाया किया जा सके। इसके साथ ही एक बड़ी जरूरत सीमा से सटे उन तमाम आतंकी शिविरों को नेस्तनाबूद करने की भी है, जहां घुसपैठ करने के पहले आतंकी शरण लेते हैं। अगर इन शिविरों को नष्ट कर दिया गया, तब भी आतंकवाद की समस्या पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.