क्या हाफिज सईद पर अंकुश लगेगा?

हाफिज सईद ने ओसामा बिन लादेन से वित्तीय सहायता लेकर 1987 में लश्कर-ए-तैयबा बनाई थी

276

अमेरिका ने पाकिस्तानी सेना की हाफिज सईद को राजनीति की मुख्यधारा लाने की कोशिशों पर फिलहाल पानी फेर दिया है। उसने लश्कर-ए-तैयबा से संबद्ध मिल्ली मुस्लिम लीग और तहरीक-ए-आजादी-ए-कश्मीर को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। उसके अनेक पदाधिकारियों को भी आतंकवादी घोषित कर दिया गया है। अमेरिका द्वारा आतंकवादी घोषित कर दिए जाने के बाद न केवल उनके वित्तीय स्रोतों पर दबाव पड़ेगा, बल्कि पाकिस्तान के लिए भी उनकी राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना मुश्किल होता चला जाएगा। इस अमेरिकी घोषणा पर पाकिस्तान के नागरिक प्रशासन और सेना की एक-दूसरे से उलटी प्रतिक्रिया है। पाकिस्तान के गृहमंत्री अहसान इकबाल ने कहा है कि वे इलाहाबाद हाईकोर्ट के सामने नए तथ्य रखते हुए उससे अपने पिछले फैसले पर पुनर्विचार के लिए कहेंगे, जिसमें अदालत ने मिल्ली मुस्लिम लीग को एक राजनैतिक पार्टी के रूप मेंं पंजीकृत किए जाने का आदेश दिया था। लेकिन सेना अभी भी हाफिज सईद की पीठ पर है। आतंकवाद विरोधी सैनिक कार्रवाई के मुखिया अहसान गनी ने कहा है कि हाफिज सईद के बारे में पाकिस्तान में दो मत हैं। एक मत उनके राजनीति में प्रवेश के खिलाफ है, लेकिन दूसरे मत वाले लोगों का मानना है कि हाफिज सईद को राजनीति की मुख्यधारा में लाने से पाकिस्तान को फायदा होगा और उससे आतंकवाद को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। सेना चाहती है कि नागरिक प्रशासन यह मत अमेरिका तथा दूसरी शक्तियों के सामने रखे। लेकिन अमेरिकी प्रशासन के दो टूक रवैये ने पाकिस्तानी सेना और सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

पाकिस्तान में जुलाई में आम चुनाव होने हैं। पिछली साल जुलाई में पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने नवाज शरीफ को भ्रष्टाचार के आरोप में न केवल प्रधानमंत्री के पद से हटा दिया था, बल्कि उनका राजनैतिक जीवन ही समाप्त कर दिया था। अनेक लोगों का मानना है कि अदालत के इस फैसले में पाकिस्तानी सेना का हाथ था। पाकिस्तानी सेना को आशंका थी कि नवाज शरीफ भारत से संबंध सुधारने की कोशिश में पाकिस्तान की कश्मीर नीति को कमजोर कर सकते हैं। नवाज शरीफ की विदाई के बाद पाकिस्तान की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है। उसे भरने का सामर्थ्य उनकी अपनी पार्टी के किसी और नेता में नहीं है और न ही पाकिस्तानी पीपुल्स पार्टी के किसी नेता में है। इमरान खान भी इस शून्य को भरने में समर्थ नहीं है। इमरान खान ने जो तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी बनाई है, उसको सत्ता में पहुंचाने के लिए वे आतंकवादियों का प्रछन्न समर्थन करते रहते हैं। पाकिस्तानी सेना अभी शासन सीधे अपने हाथ में नहीं लेना चाहती। पर वह चाहती है कि पाकिस्तान की राजनीति पर उसका पूरा नियंत्रण रहे और पाकिस्तान के शासक कश्मीर के मामले में आक्रामक नीति पर कायम रहें। असल में भारत से दुश्मनी पाकिस्तानी सेना का सबसे बड़ा संबल है। क्योंकि उसी के आधार पर वह पाकिस्तान की राजनीति में हस्तक्षेप करते हुए अपनी वरीयता बनाए रख सकती है। अपने इस उद्देश्य में वह हाफिज सईद को उपयोगी मानती है।

हाफिज सईद ने ओसामा बिन लादेन से वित्तीय सहायता लेकर 1987 में लश्कर-ए-तैयबा बनाई थी। तब से वह भारत में आतंकवाद फैलाने में लगा हुआ है। उसका 2001 के भारतीय संसद पर हुए आतंकवादी हमले में, 2006 के मुंबई रेल धमाके में और 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले में हाथ था। 2008 के हमले में 166 निरपराध लोग मारे गए थे, जिनमें दस अन्य देशों के 28 नागरिक भी शामिल थे। उनमें से छह अमेरिकी नागरिक थे। हाफिज सईद को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया जा चुका है। 2012 में अमेरिकी सरकार ने उस पर एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद भी उसे आतंकवादी घोषित कर चुकी है। लेकिन पाकिस्तानी सेना की शह पर वह अपनी आतंकवादी गतिविधियां चलाता रहा है।

पाकिस्तान सरकार पर जब भी हाफिज सईद को नियंत्रित करने के लिए दबाव डाला गया है, सरकार ने यह कहकर अपने हाथ खड़े कर दिए हैं कि पाकिस्तान में उसने मदरसों और अन्य संगठनों के जरिये एक विशाल तंत्र खड़ा कर लिया है। भारत के विरुद्ध लगातार आग उगलते रहकर उसने अपने कट्टर अनुयायियों की एक बड़ी जमात खड़ी कर ली है। उस पर हाथ डालना पाकिस्तान की किसी सरकार के लिए आसान नहीं है। बीच-बीच में उसे घर में नजरबंद किया गया, लेकिन वह महज अंतरराष्ट्रीय जगत की आंख में धूल झोंकने की कोशिश थी। हर बार वह अदालतों की मदद से अपनी नजरबंदी समाप्त करवाने में सफल होता रहा है। इसमें पाकिस्तानी सरकारों की भी मिलीभगत रही है। क्योंकि अदालतों में उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं रखा जाता। जबसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद मुद्दा बना है, हाफिज सईद से जुड़े अधिकांश संगठन अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की हाल में परिवर्धित सूची में उससे जुड़े अनेक संगठन है। इस दबाव के कारण पाकिस्तानी सेना उसे राजनीति में उतारना चाहती है। ताकि यह कहा जा सके कि वह अब खुली राजनीति में है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अंग है। हाफिज सईद ने अगले आम चुनाव में उतरने के लिए मिल्ली मुस्लिम लीग बनाई थी और उसे चुनाव आयोग में एक राजनैतिक दल के रूप में मान्यता दिलाने के लिए आवेदन किया था। चुनाव आयोग ने उससे आंतरिक प्रशासन की अनापत्ति लाने के लिए कहा। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने अनापत्ति देने से यह कहते हुए मना कर दिया कि उसके तार आतंकवादियों से जुड़े हुए हैं और वह देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। चुनाव आयोग द्वारा दो बार आवेदन ठुकराए जाने के बाद मिल्ली मुस्लिम लीग इस्लामाबाद हाई कोर्ट गई और अपने पक्ष में अदालत का फैसला ले आई।

अमेरिकी प्रतिबंध के बाद पाकिस्तानी सेना के लिए भी हाफिज सईद को राजनीति में उतारना आसान नहीं होगा। मिल्ली मुस्लिम लीग और तहरीक-ए-आजादी-ए-कश्मीर को अमेरिका द्वारा आतंकवादी घोषित किए जाने के समय ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की वह परिवर्धित सूची सामने आई है, जिसमें पाकिस्तान के 139 आतंकवादी और उनके संगठन शामिल है। इनमें दाऊद इब्राहिम का नाम भी है। अमेरिका द्वारा पाकिस्तान के आम चुनाव से पहले मिल्ली मुस्लिम लीग और तरीक-ए-आजादी-ए-कश्मीर को आतंकवादी घोषित करना उसकी नीति में स्पष्ट परिवर्तन का द्योतक है। अब तक यह कहा जाता था कि अमेरिका केवल अफगानिस्तान को अस्थिर बनाने में लगे पाकिस्तान के आतंकवादी तंत्र के बारे में चिंतित है। वह कश्मीर में आतंकवाद फैलाने के लिए खड़े किए गए आतंकवादी तंत्र पर अधिक दबाव नहीं बनाएगा। भारत अमेरिका को लगातार यह समझाता रहा है कि पाकिस्तान का आतंकवादी तंत्र एक स्वायत्त स्वरूप ले चुका है। एक तरह के आतंकवादी संगठनों को प्रतिबंधित करने से काम नहीं चलेगा। पूरे आतंकवादी तंत्र पर ही दबाव बनाना पड़ेगा। अब लगता है कि इस बात का अमेरिका पर असर पड़ा है। वैसे भी वह हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती हुई चीन की गतिविधि से चिंतित है और भारत से अपना सहयोग बढ़ा रहा है। इधर सऊदी अरब ने भी अपनी नीति में परिवर्तन किया है और पाकिस्तान के आतंकवादी तंत्र को उससे मिलने वाली वित्तीय सहायता सूखने लगी है। इन सब कारणों से हाफिज सईद की गतिविधियों पर अंकुश लगना चाहिए। लेकिन बड़ा सवाल तो अभी भी यही है कि क्या पाकिस्तानी सेना ऐसा होने देगी? सरकार ने कुछ ऐसे संकेत जरूर दिये हैं, लेकिन जबतक ईमानदारी के साथ उसकी गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगा तो ये सब बेकार की कवायद ही मानी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/बनवारी

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.