तमिलनाडु उबल रहा है। राज्य के तूतीकोरिन में वेदांता स्टरलाइट कॉपर यूनिट के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदर्शन लगातार हिंसक होता जा रहा है और अभी तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में दर्जनभर लोगों की जान जा चुकी है। प्रदर्शनकारी जहां इस कंपनी को बंद करने की मांग कर रहे हैं, वहीं कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर दोगुना करना चाहती है। राज्य के तमाम राजनीतिक दल भी अब इस मामले में कूद पड़े हैं। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने राज्य में बंद का ऐलान किया है, तो पीएम नेता अंबुमणि रामदौस ने फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा चलाने की मांग की है। अभिनेता से नये नये नेता बने रजनीकांत और कमल हासन भी तूतीकोरिन के बहाने अपना जनाधार बनाने में जुट गये हैं। राहुल गांधी ने ट्विट करके इसे स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज्म की संज्ञा दी, तो बीजेपी नेता सुब्रहमण्यम स्वामी ने कंपनी के पेड डायरेक्टर रह चुके कांग्रेस नेता पी चिदंबरम से ही जवाब देने की मांग कर डाली। लेकिन पहला प्रश्न यही है कि तूतीकोरिन में हालात इतने बेकाबू क्यों हुए।
तूतीकोरिन में वेदांता के स्टरलाइट प्लांट का विरोध करने वालों का कहना है कि कंपनी के प्लांट से निकलने वाला तांबे का अपशिष्ट सीधे नदी में डाल दिया जाता है, जिससे नदी का पानी दूषित हो रहा है। इसके साथ ही कंपनी प्लांट के पास मौजूद बोरवेल के पानी का ग्राउंड वाटर एनालिसिस भी नहीं कराती है, जबकि पानी कंपनी के काम की वजह से लगातार प्रदूषित होता जा रहा है। एक एक्टिविस्ट ग्रुप ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पर कंपनी के हक में काम करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि कंपनी को निर्धारित स्टैंडर्ड से छोटी चिमनियों का इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। ऐसा करके कंपनी का खर्च बचाया गया, जबकि इसकी वजह से पर्यावरण का काफी अधिक नुकसान हुआ है। यहां ये बताना प्रासंगिक होगा कि तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कंपनी को अप्रैल से ही इस यूनिट को चलाने का लाइसेंस नहीं दिया है। आरोप है कि स्टरलाइट कॉपर यूनिट स्थानीय पर्यावरण कानून का पालन नहीं कर रही है। हालांकि कंपनी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के इस आदेश को चुनौती दी है और इस मामले में अगली सुनवाई छह जून को होने वाली है। यहां ये बताना भी उचित होगा कि कॉपर यूनिट का काम 27 मार्च से ही बंद पड़ा है। तब मेंटेनेंस की वजह से यहां का काम रोका गया था, लेकिन बाद में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अप्रैल में लाइसेंस नहीं मिलने की वजह से इस प्लांट का काम दोबारा शुरू ही नहीं हो सका। इस प्लांट से हर साल 4 लाख टन कॉपर कैथोड बनाया जाता है। अब कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता दोगुना कर 8 लाख टन करना चाहती है। लेकिन, पर्यावरण को नुकसान के नाम पर हो रहे इस आंदोलन की वजह से कंपनी का काम पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। जहां एक ओर स्थानीय लोग कंपनी पर प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाते हैं, वही कंपनी के सीईओ पी रामनाथ का कहना है कि उनके प्लांट में राष्ट्रीय पर्यावरण इंजीनियरिंग अनुसंधान संस्थान और सुप्रीम कोर्ट के सभी निर्देशों का पालन किया जा रहा है। उनका दावा है कि कंपनी में इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन के भी तमाम मानकों का पालन किया जा रहा है। ऐसे में प्लांट से प्रदूषण होने की बात पूरी तरह से गलत है।
कंपनी ने आंदोलनकारियों को प्लांट विजिट करके वास्तविकता को खुद देखने का भी निमंत्रण दिया है। लेकिन आंदोलनकारी उनका कहना है कि प्लांट विजिट का कोई औचित्य नहीं है। यहां कंपनी को अपना काम बंद ही करना होगा। आंदोलनकारी कंपनी को बंद कराने की मांग पर अड़े हुए हैं तो दूसरी ओर तूतीकोरिन स्टीवडोर्स एसोसिएशन का कहना है कि स्टरलाइट कॉपर में काम बंद होने से हजारों मजदूरों के रोजगार पर प्रत्यक्ष असर पड़ा है। इसी तरह केमिकल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और वाइंडिंग वायर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने भी मजदूरों और छोटे उद्योगों के हक में इस फैक्टरी में कामकाज फिर से शुरू कराने की अपील की है। स्टरलाइट कॉपर में काम बंद होने की वजह से भारतीय बाजार में हाल के दिनों में तांबे की कीमत में तेजी भी देखी जा रही है। भारत में कुल तांबे की खपत में 35 फीसदी का योगदान स्टरलाइट कॉपर यूनिट करती है। भारतीय बाजार के अलावा यह कंपनी खाड़ी और एशियाई देशों में भी कॉपर का निर्यात करती है। विकास की जरूरतों को देखते हुए भारत में हर साल 7 से 8 फीसदी की दर से तांबे की मांग में बढ़ोतरी हो रही है। स्वाभाविक है कि अगर इस कंपनी की उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी नहीं होगी तो आने वाले कुछ सालों में भारत को तांबे का आयात भी करना पड़ेगा।
कंसल्टेंसी फर्म आईसीआरए की ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि अगर भारत में कॉपर प्रोडक्शन के क्षेत्र में नई कंपनी नहीं लगाई गई या मौजूदा कंपनियों की उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी नहीं की गई, तो 2020 तक भारत अपनी जरूरत के जितना भी उत्पादन नहीं कर सकेगा। स्पष्ट है कि स्टरलाइट कॉपर यूनिट को बंद करने की मांग को पूरी तरह से जायज नहीं माना जा सकता। इससे जहां देश में तांबे की मांग काफी अधिक बढ़ जाएगी, वही हजारों की संख्या में मजदूरों का प्रत्यक्ष रोजगार भी छिन जाएगा। इसके साथ ही स्टरलाइट कॉपर यूनिट की कई सहायक कंपनियों का काम भी रुक जाएगा, जिससे वहां काम करने वाले मजदूर भी बेरोजगार हो जाएंगे। यह ठीक है कि पर्यावरण को ताक पर रखकर विकास की बात नहीं की जा सकती, लेकिन यह भी सही है कि विकास को सिर्फ इसलिए नहीं रोका जा सकता, क्योंकि प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। होना तो ये चाहिए कि स्टरलाइट कॉपर से जुड़े सभी पक्ष मिलकर वहां प्रदूषण की समस्या पर विचार करें और पर्यावरण के मानकों का सख्ती के साथ पालन करते हुए कंपनी के उत्पादन को जारी रखें। पर्यावरण के मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए, लेकिन यह भी सच है कि कंपनी का उत्पादन जारी रहना चाहिए, ताकि देश विकास के रास्ते पर भी चल सके और हजारों मजदूरों के सामने बेरोजगार होने का खतरा ना रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/पप्पू गोस्वामी

