भगवान् राम लल्ला की मूर्ति को 18 जनवरी गुरुवार को “जय श्री” के मंत्रों के बीच अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर के गर्भगृह में अब जो रखा गया है तो कई भक्तों के मन में यह प्रश्न उठ रहा है कि जो स्वयंभू भगवान् दशकों पहले जन्मस्थान पर प्रकट हुए थे, जिनकी आराधना अब तक एक तम्बू में होती रही, उनका क्या होगा? मैसूरु-स्थित अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई 51 इंच की राम लल्ला की मूर्ति को गुरुवार तड़के अयोध्या में श्रीराम मंदिर के गर्भगृह के भीतर लाया गया। मूर्ति को सावधानीपूर्वक मंदिर में रखने के लिए क्रेन का उपयोग किया गया।
मूर्ति स्थापित करने का समारोह लगभग 4 घंटे तक चला। दोपहर 12:30 बजे के बाद राम की मूर्ति ने अयोध्या-स्थित राम मंदिर में प्रवेश किया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्रेस को बताया कि दोपहर 1:20 बजे जब प्रधान यजमान ने संकल्प किया तो वैदिक मंत्रों की ध्वनि से वातावरण मंगलमय हो गया। पाँच वर्षीय राम लल्ला की पूजा के समय भगवान् की 150 से 200 किलो के बीच के वज़न की मूर्ति को पवित्र नदियों के जल और अन्य सामग्रियों से स्नान करवाया गया।
मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि पिछले 74 वर्षों से पूजे जा रहे राम लल्ला और उनके तीन भाइयों की पहले से उपस्थित मूर्तियां अब कनक भवन में एक अस्थायी मंदिर में हैं, परंतु 22 जनवरी को नई मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा विधि के सम्पन्न होते ही गर्भगृह के भीतर नई मूर्ति के सम्मुख ये मूर्तियाँ रख दी जाएंगी।
राय ने कहा कि भगवान् राम की स्वयंभू मूर्ति की पूजा 1950 से चल रही है और इसे नई मूर्ति के साथ मूल मंदिर के गर्भगृह में पुनः सुसज्जित कर स्थापित किया जाएगा। मूर्ति की पूजा 22 जनवरी के बाद भी उसी प्रकार चलती रहेगी जैसे अब तक होती आई है।
मंदिर ट्रस्ट के महासचिव ने कहा कि राम लल्ला की स्वयंभू मूर्ति को भी नई पोशाक पहनाई जाएगी। जब जन्मस्थल मुसलमानों के साथ विवाद में घिरा हुआ था, ऐसे में सन 1949 की 22-23 अक्टूबर की रात को वहाँ ये मूर्तियाँ प्रकट हुईं जिससे शताब्दियों पुराने विवाद ने और तूल पकड़ा। मुसलमान पक्ष ने दावा किया कि मूर्तियां हनुमानगढ़ी के महंत अभिराम दास के नेतृत्व में संतों द्वारा रखी गईं। पर सर्वोच्च न्यायालय के 2019 वाले निर्णय के साथ ही विवाद का अंत हो गया।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्ट के बनने के बाद ट्रस्टी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा की देखरेख में एक व्यापक प्रक्रिया के पश्चात नई मूर्ति का चयन किया गया।
राम लल्ला तो ठीक हैं पर लक्ष्मण उदासीन क्यों?
नई मूर्ति के निर्माण के विषय पर राय ने बताया कि मूर्तिकार योगीराज ने 15 दिनों से अपना फोन अपने पास नहीं रखा और लगातार 15-20 दिनों से अपने बच्चों से बात तक नहीं की, वे अपने काम में इतना तल्लीन थे। उनकी मूर्ति का चयन किया गया और सभी ने इसकी सराहना की है।
पांच वर्षीय शिशु राम की 51 इंच ऊँची काले पत्थर की मूर्ति के साथ कर्नाटक के प्रसिद्ध शिल्पकार योगीराज ने मंदिर में स्थापित करने के लिए एक राम दरबार भी बनाया। जबकि राम लल्ला की मूर्ति की बहुत प्रशंसा हो रही है, एक नया प्रश्न उठ खड़ा हुआ है कि मूर्तियों में लक्ष्मण का जो भाव दृष्टिगोचर हो रहा है, वह उचित नहीं है। लक्ष्मण शीश झुकाए खड़े हों भी तो हाथ मोड़े क्यों खड़े हैं और प्रसन्न क्यों नहीं दिख रहे हैं?

परंतु कम ही लोगों को पता है कि जबकि योगीराज और गणेश भट्ट द्वारा बनाई गई दो मूर्तियाँ श्याम शीला से बनाई गईं, सत्यनारायण पांडे द्वारा बनाई गई तीसरी मूर्ति शुद्ध श्वेत है। ये सब की सब मूर्तियाँ गर्भगृह में स्थान नहीं पाएँगी बल्कि मंदिर परिसर के अन्य स्थानों को भूषित करेंगी।
कौन हैं योगीराज?
योगीराज एक ऐसे परिवार से हैं जो पाँच पीढ़ियों से मूर्तियाँ बना रहा है। परिवार एक समय मैसूरु के राजपरिवार के लिए काम करता था। योगीराज नई दिल्ली में इंडिया गेट की अमर जवान ज्योति के पीछे की छतरी में स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 30 फुट ऊंची प्रतिमा और उत्तराखंड के केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की 12 फुट ऊंची प्रतिमा अब तक बना चुके हैं।
कर्नाटक में योगीराज की माँ सरस्वती ने कहा कि परिवार उनकी मूर्ति के चयन से प्रफुल्लित है। सरस्वती ने कहा कि उनके बेटे को आशा नहीं थी कि उसी की कृति गर्भगृह के लिए चुनी जाएगी। उसने मुझसे कहा था कि किसी की भी मूर्ति को अंततः चुना जाए, उसे प्रसन्नता होगी क्योंकि सभी मूर्तिकारों ने बहुत परिश्रम किया है और पूरे लगन से अपनी अपनी मूर्तियाँ बनाई है। वह बहुत प्रसन्न हैं कि छह महीने तक किए गए उसके प्रयासों का फल मिला है।
सरस्वती ने कहा कि उन्होंने अभी तक मूर्ति नहीं देखि है। आने वाले दिनों में हम देख पाएंगे। यदि योगीराज के पिता जीवित होते तो बहुत आनंदित होते। उन्हें बेटे की प्रतिभा और उपलब्धियों पर बहुत गर्व था।


