भगवान् राम की नई मूर्ति 22 जनवरी को भव्य प्रतिष्ठा समारोह से कुछ दिन पहले कल गुरुवार दोपहर को अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर के अंदर रखी गई। श्याम प्रस्तर से बनी लल्ला की मूर्ति की पहली छवि से स्पष्ट है कि खड़ी मुद्रा में भगवान् शैशव अवस्था में हैं।
मैसूर के शिल्पकार अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई 51 इंच की मूर्ति के आगमन के पश्चात उनका मुखारविंद ढक दिया गया परंतु उसे पहले ही कुछ चित्र लिए जा चुके थे।

राम लल्ला की अद्भुत मूर्ति का वर्णन करते हुए प्राचीन आगम शास्त्र के जानकार पंकज सक्सेना ने सोशल मीडिया में लिखा —
“कर्नाटक की श्याम शीला से बनी मूर्ति! यह प्रत्यक्ष होयसल या चालुक्य मंदिर में रखी मूर्ति प्रतीत होती है! भगवान् इसी रूप में अयोध्या के श्रीराम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होंगे! मेरे स्वामी, हमारे स्वामी, संभंग में खड़े हैं, एक हाथ में ठोड़ी मुद्रा और दूसरे में धातु से बने कोदंड के लिए स्थान है, भगवान् एक पद्म पर खड़े हैं। प्रभावली में दशावतार और ओंकार जैसे कुछ नवीन तत्व हैं, साथ ही शंख और स्वस्तिक जैसे अन्य वैष्णव और हिंदू प्रतीक भी हैं।”
स्थापत्य विशेषज्ञ रामकृष्ण कोंगला को उद्धृत करते हुए सक्सेना बताते हैं कि शीर्ष पर भगवान् सूर्य हैं और कोदंड वाले हाथ के चारों ओर प्रभावली में एक ओर ब्रह्मा और दूसरी ओर महेश्वर हैं। नीचे एक ओर आंजनेय हैं और दूसरी ओर… गरुड़ या लक्ष्मण हो सकता है। क्या गौरवशाली विग्रह है! सारी शंकाएं दूर हो गईं (जैसा कि कुछ शंकाएँ जताई जा रही थीं कि) यह संगमरमर का होगा… बुरी तरह से बना होगा… और क्या नहीं…!”
आज राम लल्ला की मूर्ति को मंत्रोच्चार के बीच गर्भगृह में स्थापित किया गया। इससे पूर्व 16 जनवरी से 22 जनवरी की प्राण प्रतिष्ठा हेतु मंत्रोच्चार व शास्त्र-सम्मत नानाविध नियमों का पालन विशिष्ट पण्डितों का एक समूह कर रहा है जिनका वर्णन स्वधर्म में किया जा चुका है। ‘प्राण प्रतिष्ठा’ का तात्पर्य है मूर्ति में दिव्य चेतना जागृत करना। यह विधि पूजे जाने वाली प्रत्येक मूर्ति के लिए आवश्यक व अनिवार्य है।
प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को राम मंदिर में अभिषेक समारोह में भाग लेंगे जिसे अगले दिन जनता के लिए खोले जाने की सूचना मिली है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट तथा प्रधानमंत्री ने जनता से 22 जनवरी को अयोध्या न आने का आग्रह किया है ताकि भीड़ प्रशासन के क़ाबू के बाहर न हो जाए। प्रधानमंत्री ने इस बात को चतुराई से इस तरह कहा — “हम भगवान् राम के लिए कोई समस्या पैदा नहीं करना चाहेंगे!”
प्रधानमंत्री ने कहा कि हर कोई 23 जनवरी या उसके बाद अयोध्या आ दर्शन कर सकता है। उन्होंने प्रत्येक भारतीय से 22 जनवरी को अपने घर में एक दीया जलाने के लिए भी कहा है।
मंदिर ट्रस्ट द्वारा 11,000 से अधिक अतिथियों को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है और इनमें क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली, बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन भी शामिल हैं। समारोह में मंदिर ट्रस्ट के सभी ट्रस्टी, लगभग 150 संप्रदायों के संत और मंदिर निर्माण से जुड़े 500 से अधिक लोग भी शामिल होंगे, जिन्हें “इंजीनियर ग्रुप” का नाम दिया गया है।
सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी भव्य आयोजन में भाग लेने से पहले श्रद्धालु के लिए शास्त्रों में बताए नियमों और अनुष्ठानों का श्रद्धा से पालन कर रहे हैं। सूत्रों ने कहा कि इन दिनों प्रधानमंत्री केवल कंबल के साथ फर्श पर सो रहे हैं और केवल नारियल पानी पी रहे हैं।


