वाराणसी ज़िला न्यायाधीश अजय कृष्ण विश्वेश ने श्रृंगार गौरी मामले में बुधवार को अपना निर्णय सुनाया कि विवादित ज्ञानवापी मस्जिद परिसर पर Archaeological Survey of India (भारतीय पुरातत्त्व विभाग/ASI) की सर्वेक्षण की रिपोर्ट की एक-एक प्रति हिंदू पक्ष और मुसलमान पक्ष दोनों के साथ साझा की जाएगी। इससे पहले ASI ने वाराणसी के सिविल जज (सीनियर डिवीजन) प्रशांत सिंह की फास्ट-ट्रैक अदालत को अपनी रिपोर्ट सौंपी।
हिंदू पक्ष की याचिका के कारण वैज्ञानिक सर्वेक्षण का आदेश दिया गया जबकि ज्ञानवापी के संरक्षक अंजुमन इंतिज़ामिया मसाजिद (AIM) को रिपोर्ट तक पहुँचने के लिए आवेदन करना आवश्यक है।
विगत वर्ष जुलाई में ASI सर्वेक्षण का आदेश देने वाले न्यायाधीश विश्वेशा ने कहा कि पक्षकारों को सर्वेक्षण रिपोर्ट की एक प्रति प्रदान किए बिना उनके लिए इसके विरुद्ध आपत्तियाँ दर्ज करना संभव नहीं होगा… न्याय के हित में सर्वेक्षण रिपोर्ट की प्रति मुक़द्दमे के पक्षकारों को प्रदान की जानी चाहिए।
मामले में ज्ञानवापी परिसर में हिंदू देवता की दैनिक पूजा के अधिकारी वादी ने अनुरोध किया था कि रिपोर्ट उनके वकील को ईमेल की जाए। ज़िला अदालत ने कहा कि अगर इसकी आज्ञा दी जानी है तो रिपोर्ट मामले में प्रतिवादी के वकील को भी भेजी जानी चाहिए। इसमें कोई तारीख़ तय नहीं की गई कि ASI को रिपोर्ट कब तक देनी है।
हिंदू पक्ष का प्रतिनिधित्व करने वाले एक वकील ने संवाददाताओं से कहा कि न्यायाधीश विश्वेश चाहते थे कि वादीगण एक हलफ़नामा दें जिसमें यह उल्लेख हो कि वे रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं करेंगे हालांकि आदेश में ऐसी किसी आवश्यकता का उल्लेख नहीं है।
AIM ने सर्वेक्षण आदेश को पहले Allahabad High Court और फिर Supreme Court में चुनौती दी थी। दोनों ने ज़िला अदालत के आदेश को क़ायम रखा। इसके बाद पिछले साल 4 अगस्त को सर्वेक्षण शुरू हुआ।
ASI ने अपनी सर्वेक्षण रिपोर्ट 18 दिसंबर को एक सीलबंद लिफ़ाफ़े में ज़िला न्यायाधीश को सौंपी। फिर 3 जनवरी को ASI ने एक और आवेदन दायर कर अदालत से अपनी सर्वेक्षण रिपोर्ट की सामग्री के उद्घाटन और प्रकटीकरण को चार सप्ताह के लिए टालने का आग्रह किया। अर्ज़ी में मूल ज्ञानवापी मुक़द्दमे में उच्च न्यायालय के 19 दिसंबर 2023 के आदेश का हवाला दिया गया था जिसमें पूरे ज्ञानवापी परिसर का सर्वेक्षण करने के वाराणसी सिविल कोर्ट के आदेश को क़ायम रखा गया था। इसके बाद उच्च न्यायालय ने ASI को 19 जनवरी तक सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) के समक्ष उसी रिपोर्ट की एक प्रति जमा करने के लिए कहा। आगे 6 जनवरी को ज़िला अदालत ने अपना निर्णय सुनाया कि ASI द्वारा मस्जिद के वैज्ञानिक अध्ययन और सर्वेक्षण की रिपोर्ट को खोलने और ज़ाहिर करने की मांग करने वाले आवेदनों को 24 जनवरी के बाद निपटाया जाएगा जब तक रिपोर्ट न्यायाधीश (नगर प्रभाग) के समक्ष प्रस्तुत हो चुकी होगी।


